नई दिल्ली। चालू पेराई सीजन 2026-27 के लिए महाराष्ट्र में चीनी सीजन को जल्द शुरू करने के लिए सितंबर में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चलाई गई थी। इसके तहत राज्य की 106 सहकारी और 107 निजी चीनी मिलों सहित कुल 213 मिलों ने पेराई लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, जिनमें से अब तक केवल 30 चीनी मिलों को ही लाइसेंस जारी किए गए हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 40 सहकारी और 45 निजी चीनी मिलों के आवेदनों की क्षेत्रीय स्तर पर जांच चल रही है। कुछ आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित शर्तों की पूर्ति की जांच की जा रही है। लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।
चीनी आयुक्तालय के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 23 सहकारी और 19 निजी चीनी मिलों के आवेदनों के संबंध में स्थगन या रद्द किए जाने की प्रविष्टियां दर्ज हैं। ऐसे में चालू पेराई सीजन की शुरुआत की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी दिखाई हो सकती है।
महाराष्ट्र में गुरुवार, 15 अक्टूबर से आधिकारिक रूप से चालू पेराई सीजन 2026-27, अक्टूबर से सितंबर के गन्ना पेराई की शुरुआत हो गई है। हालांकि, मानसूनी बारिश की कमी के कारण राज्य के कई क्षेत्रों में गन्ने की अपेक्षित वृद्धि नहीं हो पाई है। ऐसे में पेराई सीजन जल्दी शुरू करने से मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ने की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका है।
चीनी उद्योग के सामने पेराई की योजना, लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया और गन्ने की उपलब्धता के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती है। चीनी सीजन जल्दी शुरू करने के फैसले का किसान संगठनों ने विरोध किया है। वहीं, पेराई लाइसेंस के मुद्दे पर कुछ चीनी मिलों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने उन 14 मिलों को 14 अक्टूबर तक अस्थायी राहत दी थी।
महाराष्ट्र के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि बिना लाइसेंस गन्ने की पेराई शुरू करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि किन मिलों ने बिना आवश्यक लाइसेंस के पेराई शुरू की है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो संबंधित मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्य की 213 चीनी मिलों ने पेराई लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, लेकिन अब तक केवल 30 मिलों को अनुमति मिली है। कम बारिश, गन्ने की उपलब्धता और लाइसेंस प्रक्रिया के कारण गन्ने के नया पेराई सीजन शुरू में ही कई चुनौतियों का सामाना कर रहा है।
16 अक्टूबर 2026
महाराष्ट्र की 213 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई के लिए आवेदन किया, 30 को मिली है अनुमति
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें