नई दिल्ली। घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2026 में उत्पादित चीनी को अक्टूबर एवं नवंबर में बेचने की अनुमति दे दी है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अक्टूबर 2026 में उत्पादित चीनी की बिक्री को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
इसके तहत सभी चीनी मिलों को अक्टूबर महीने में उत्पादित चीनी को अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान बेचने की अनुमति दी गई है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में यह जानकारी दी गई है। यह पत्र सभी चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रबंध निदेशकों को संबोधित किया गया है।
सरकार के निर्देश के अनुसार, अक्टूबर 2026 में उत्पादित चीनी की बिक्री अक्टूबर और नवंबर दोनों महीनों में की जा सकती है। यह मात्रा इन दोनों महीनों के लिए निर्धारित नियमित मासिक रिलीज कोटे के अतिरिक्त होगी।
सरकार के पत्र में उदाहरण देते हुए बताया गया है कि, यदि कोई चीनी मिल अक्टूबर 2026 में 1,000 टन चीनी का उत्पादन करती है, तो वह इस पूरी मात्रा को अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान बेच सकती है। यह बिक्री दोनों महीनों के नियमित मासिक रिलीज कोटे के अतिरिक्त होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से जारी किया गया है। इस निर्णय से चीनी मिलों को अक्टूबर में उत्पादित चीनी की बिक्री के लिए अतिरिक्त समय और लचीलापन मिलेगा। वैसे भी घरेलू बाजार में हाल ही में फिर से चीनी की खुदरा एवं थोक कीमतों में तेजी आई है।
व्यापारियों के अनुसार शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली में चीनी के थोक दाम 5,750 रुपये, कानपुर में 5,780 रुपये तथा मुंबई में 5,620 रुपये और कोलकाता में 5,750 रुपये प्रति क्विंटल रहे। पहली अक्टूबर को दिल्ली में चीनी के थोक दाम 4,820 रुपये, कानपुर में 4,700 रुपये तथा मुंबई में 4,760 रुपये और कोलकाता में 4,950 रुपये प्रति क्विंटल थे।
16 अक्टूबर को दिल्ली में चीनी के खुदरा दाम 60 रुपये, कानपुर में 60 रुपये तथा मुंबई में 59 रुपये और कोलकाता में 60 रुपये प्रति किलो हो गए। पहली अक्टूबर को दिल्ली में चीनी के खुदरा दाम 53 रुपये, कानपुर में 52 रुपये तथा मुंबई में 53 रुपये और कोलकाता में 54 रुपये प्रति किलो थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें