नई दिल्ली। जून 2026 में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 29 फीसदी घटकर 11.47 लाख टन का ही हुआ है, जबकि पिछले साल जून में इनका आयात 16.16 लाख टन का हुआ था। इस दौरान खाद्य तेलों का आयात 11.11 लाख टन का एवं अखाद्य तेलों का आयात 35,427 टन का हुआ है।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार जून में खाद्य एवं अखाद्य तेलों के आयात में गिरावट के बावजूद, चालू तेल वर्ष 2025-26 के पहले 8 महीनों नवंबर-25 एवं जून-26 के दौरान कुल आयात में पिछले तेल वर्ष की समान अवधि के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान कुल खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 105.71 लाख टन का हुआ, जबकि नवंबर 2024 से जून 2025 के दौरान 99.55 लाख टन का आयात हुआ था, जो कि 6 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान खाद्य तेलों के आयात में बढ़ोतरी देखी गई, जो पिछले तेल वर्ष के इसी समय के 97.29 लाख टन से बढ़कर 103.88 लाख टन का हो गया, तथा इसमें 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
एसईए के अनुसार खाद्य तेलों का आयात जून 2026 में घटकर 11.11 लाख टन का रह गया, जबकि मई 2026 में इनका आयात 13.39 लाख टन का हुआ था। इनके आयात में आई गिरावट मुख्य रूप से पाम तेल की मांग में 10.5 फीसदी की कमी के साथ 487,000 टन रहने की वजह से हुई। सोया तेल के आयात में भी काफी गिरावट आई, जो कि 494,000 टन से 23 फीसदी घटकर 381,000 टन का रह गया। यह गिरावट सॉफ्ट तेल (जैसे सोया) के मुकाबले पाम तेल के प्राइस डिस्काउंट के खत्म होने की वजह से हुई, जो 50 डॉलर प्रति टन से भी कम हो गया।
देश में जून में खाद्य तेलों के आयात में कमी इंडोनेशिया, मलेशिया और अमेरिका द्वारा एक साथ लागू किए गए बायोफ्यूल मैंडेट का असर है। इन पॉलिसी की वजह से लाखों टन खाद्य तेल फूड इकॉनमी से बाहर निकलकर फ्यूल इकॉनमी में जा रहा है, जिससे ग्लोबल स्पॉट कीमतें बढ़ रही हैं।
नेपाल से रिफाइंड तेल का आयात लगातार हो रहा है। नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के दौरान, नेपाल ने भारत को लगभग 338,854 टन रिफाइंड तेल निर्यात किया, जिसमें 297,567 टन रिफाइंड सोया तेल, 19,911 टन रिफाइंड सूरजमुखी तेल, 18,295 टन आरबीडी पामोलिन और 3,081 टन रेपसीड तेल शामिल था।
एसईए के अनुसार मई 2026 में भारत में नेपाल से रिफाइंड तेल का आयात लगभग 54,000 टन और जून 2026 में 32,000 टन होने का अनुमान था, जिसमें मुख्य रूप से रिफाइंड सोया तेल, साथ ही थोड़ी मात्रा में सूरजमुखी तेल और आरबीडी पामोलिन शामिल थे। नेपाल से भारत में खाद्य तेल के निर्यात के लिए साफ्टा एग्रीमेंट के तहत कोई शुल्क नहीं लगता।
एसईए के अनुसार नवंबर 25 से जून 26 के दौरान केवल 368,756 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ, जबकि नवंबर 24 से जून 25 के दौरान 1,499,931 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ था। नवंबर 24 से जून 25 के दौरान 8,229,430 टन क्रूड तेल का आयात हुआ था, जबकि नवंबर 25 से जून 26 के दौरान 10,018,816 टन क्रूड तेल का आयात हुआ था। रिफाइंड तेल का रेश्यो तेजी से घटकर 15 फीसदी से 4 फीसदी हो गया, जबकि क्रूड पाम तेल के आयात में बढ़ोतरी की वजह से क्रूड तेल का रेश्यो एक साल पहले के 85 फीसदी से बढ़कर 96 फीसदी हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें