नई दिल्ली। जुलाई में देशभर में मानसूनी बारिश में सुधार हुआ है लेकिन अभी भी 16 सबडिवीजन यानी देशभर के 46 फीसदी क्षेत्रफल में बारिश सामान्य की तुलना में कम हुई है, जो कि खरीफ फसलों की बुआई के लिए चिंताजनक है।
भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार देशभर के 36 सबडिवीजनों में से छह में बारिश बहुत ज्यादा हुई है, जबकि एक में ज्यादा तथा 16 में बहुत कम, सात में कम और चार में सामान्य बारिश हुई है जबकि दो सबडिवीजन में बारिश हुई ही नहीं है।
देश में पिछले कुछ सप्ताह के दौरान मानसून में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे कई राज्यों में बारिश में सुधार आया है। हालांकि खरीफ फसलों की धीमी बुवाई अब भी कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़ी चिंता बनी हुई है। पहली जून से 10 जुलाई तक देशभर में मानसूनी बारिश सामान्य से 15 फीसदी कम दर्ज की गई, जबकि एक सप्ताह पहले यह आंकड़ा 38 फीसदी कम था। इसका मुख्य कारण पिछले सप्ताह हुई जोरदार बारिश रही, जो सामान्य से 45 फीसदी अधिक दर्ज की गई। 10 जुलाई तक देशभर में 212.1 मिमी मानसूनी बारिश हुई, जबकि सामान्य स्तर 248.3 मिमी है।
मानसूनी बारिश में सुधार के बावजूद खरीफ फसलों की बुवाई अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है। चालू खरीफ सीजन 2026 में 5 जुलाई तक फसलों की कुल बुआई 20.76 फीसदी पिछड़ कर 350.85 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 442.80 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
इस दौरान तिलहनी फसलों की बुआई में 39.3 फीसदी की कमी आई थी, जबकि कपास की बुआई 22.9 फीसदी कम हुई थी। इस दौरान दलहनी फसलों की बुआई में 21.8 फीसदी की कमी तथा मोटे अनाजों की बुआई में 16.4 फीसदी की कमी दर्ज की गई। धान की रोपाई इस दौरान सामान्य की तुलना में 13.1 फीसदी कम रही। वहीं, गन्ना एकमात्र प्रमुख फसल रही, जिसकी बुवाई में 1.6 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस दौरान देश के प्रमुख जलाशयों में पानी का स्तर भी बेहतर हुआ है। गुरुवार तक जलाशयों में कुल क्षमता का 32.4 फीसदी पानी उपलब्ध था, जो पिछले सप्ताह की तुलना में अधिक है।हालांकि, यह स्तर पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 36 फीसदी कम है, लेकिन पिछले 10 वर्षों के औसत से 7.5 फीसदी अधिक दर्ज किया गया है।
हालिया बारिश ने मानसून की स्थिति में सुधार जरूर किया है, लेकिन आने वाले दिनों में खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में मानसूनी बारिश कैसी होती है इस पर निर्भर करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें