कुल पेज दृश्य

08 जनवरी 2026

हरियाणा में खाद्य आपूर्ति विभाग फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद के नियम कड़े करेगा

नई दिल्ली। हरियाणा में चालू खरीफ सीजन में हुए धान घोटाले से राज्य के खाद्य आपूर्ति विभाग ने बड़ा सबक लिया है। प्रदेश में आगामी सीजन के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर होने वाली फसलों की खरीद को लेकर नियमों में बदलाव किया जायेगा। जिंसों की सरकारी खरीद की जांच भी सख्त होगी। आगामी सीजन के लिए सबसे बड़ा बदलाव यह होने वाला कि अब गेटपास घर से नहीं बनेंगे। मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों के वाहनों की फिजिकल जांच होगी और फसल वाहन में है इसका सत्यापन किया जायेगा।


राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का कहना है कि भविष्य में गड़बड़ी न हो इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभाग की तरफ से किसानों के वाहन की ट्रैकिंग की व्यवस्था होगी। जो किसान मंडी में फसल लेकर आएंगे उनके वाहन नंबर, वाहन की श्रेणी का लाइव फोटो होगा। जिस गेट से एंट्री होगी उस पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाये जायेंगे तथा कैमरे से निगरानी के बाद वाहन को अंदर आने की अनुमति होगी। गेट में अंदर घुसने से पहले किसान की फसल, वजन, किसान का नाम, पंजीकृत मोबाइल नंबर का ब्योरा भी दर्ज किया जायेगा।

मेरी फसल-मेरा ब्यौरा के अनुसार पंजीकृत फसल का क्षेत्र आदि ब्योरे से भी मिलान किया जाश्येगा। मंडी के गेट पर ही फिजिकल जांच होगी। संबंधित फसल ब्यौरे के अनुसार किसान के वाहन में हैं, इसका सत्यापन होने के बाद ही गेट पास काटा जाएगा। मंडी में जो निकासी वाले गेट होंगे वहां भी कैमरे लगाए जाएंगे और निकासी के दौरान भी किसानों के वाहनों की जांच होगी।

खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने किसानों के वाहनों की ट्रैकिंग को लेकर विभागीय मंत्री के समक्ष एक प्रेजेंटेशन दिया है। आगामी दिनों में दो और प्रेजेंटेशन मिलेंगे और बाद में सुझावों को शामिल करके इसे फाइनल किया जाएगा। मंत्री नागर का कहना है कि इसका लाभ यह होगा कि आढ़तियों व राइस मिल में खरीदे गए धान की वास्तविक रिपोर्ट तैयार हो सकेगी। जांच भी आसान होगी। मंडियों से राइस मिलों से धान की ढुलाई वाले वाहनों को लेकर भी और मजबूत ट्रैकिंग होगी। जो भी वाहन पहुंचेंगे उनमें निकासी के दौरान फसल थी या वाहन खाली था यह भी पता चल सकेगा।

धान घोटाले के संबंध में राज्य के खाद्य आपूर्ति विभाग पर अक्सर अनियमितताओं, धान की खरीद में गड़बड़ी, और किसानों से जुड़े घोटालों के आरोप लगते हैं, जिसमें बिचौलियों द्वारा हेराफेरी, गलत डेटा एंट्री, और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार शामिल है। अतः: इससे विभाग की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं और सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ती है, जैसे कि पोर्टल पर सही डेटा की अनिवार्यता और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना।

चालू रबी सीजन में फसलों की कुल बुआई बढ़कर 2.65 फीसदी बढ़ी - कृषि मंत्रालय

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन में फसलों की बुआई 2.65 फीसदी बढ़कर 634.14 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई केवल 617.74 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। गेहूं के साथ ही दलहन एवं तिलहनी फसलों की बुआई में बढ़ोतरी हुई है।  


कृषि मंत्रालय के अनुसार 2 जनवरी तक रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई बढ़कर 334.17 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक कुल 328.04 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

चालू रबी में दलहनी फसलों की बुआई बढ़कर 134.30 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 130.87 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। रबी दलहन की प्रमुख फसल चना की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 95.88 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इस समय तक 91.22 लाख हेक्टेयर में ही इसकी बुआई हुई थी।

अन्य रबी दलहन में मसूर की बुआई बढ़कर 17.06 लाख हेक्टेयर में तथा मटर की 7.92 लाख हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 16.85 लाख हेक्टेयर में और 8.27 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। उड़द की बुआई चालू रबी में घटकर 3.98 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि में 4.27 लाख हेक्टेयर की तुलना में हो चुकी थी है।

चालू रबी सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई देशभर में बढ़कर 96.30 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 93.27 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। तिलहनी फसलों में सरसों की बुआई बढ़कर 89.36 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 86.57 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। हालांकि मूंगफली की बुआई घटकर 3.13 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 3.37 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। अलसी की बुआई भी चालू रबी में बढ़कर 1.99 लाख हेक्टेयर हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1.76 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

मोटे अनाजों की बुवाई चालू रबी में बढ़कर 51.79 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 50.66 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मोटे अनाजों में ज्वार की 20.74 लाख हेक्टेयर और मक्का की 23.32 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 22 और 21.87 लाख हेक्टेयर में हुई थी।

जौ की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 6.78 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 6.08 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

चालू रबी सीजन में राज्य में धान की रोपाई बढ़कर 17.57 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 14.90 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

गुजरात में चालू रबी में गेहूं, चना एवं मक्का की बुआई बढ़ी, मसालों की घटी - कृषि निदेशालय

नई दिल्ली। गुजरात में चालू रबी सीजन में गेहूं के साथ ही मक्का एवं चना की बुआई सामान्य क्षेत्रफल की तुलना में बढ़ी है, जबकि इस दौरान राज्य मसालों में जीरा के साथ ही धनिया की बुआई पिछले साल की तुलना में पिछड़ी है।


राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 5 जनवरी तक राज्य में रबी फसलों की बुआई 47.30 लाख हेक्टेयर ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई 47.54 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। रबी सीजन में राज्य में सामान्यत: 46.43 लाख हेक्टेयर में फसलों की बुआई होती है।

चालू रबी सीजन में राज्य में गेहूं की बुआई बढ़कर 1,422,312 हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 1,341,778 हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान मोटे अनाजों में मक्का की बुआई बढ़कर 142,253 हेक्टेयर में, ज्वार की 14,645 हेक्टेयर में तथा अन्य मोटे अनाजों की 14,613 हेक्टेयर में हुई है।

चालू रबी सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई राज्य में बढ़कर 282,284 हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 259,650 हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। सरसों की बुआई बढ़कर 281,190 हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले रबी की समान अवधि में इसकी बुआई 257,529 हेक्टेयर में ही हुई थी।

चालू रबी सीजन में दलहनी फसलों की बुआई राज्य में बढ़कर 938,828 हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 910,683 हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। चना की बुआई बढ़कर 888,992 हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले रबी की समान अवधि में इसकी बुआई 839,724 हेक्टेयर में ही हुई थी। अन्य दालों की बुआई 49,886 हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 70,595 हेक्टेयर की तुलना में कम है।

जीरा की बुआई राज्य में चालू रबी सीजन में घटकर 397,644 हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इस समय तक इसकी बुआई 473,615 हेक्टेयर में हो चुकी थी। इस दौरान धनिया की बुआई 125,336 हेक्टेयर में ही हुई है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 129,343 हजार हेक्टेयर की तुलना में कम है।

राजस्थान में गेहूं की बुआई 7 फीसदी से ज्यादा घटी, चना के साथ ही जौ की बढ़ी

नई दिल्ली। राजस्थान में चालू रबी सीजन में गेहूं की बुआई पिछले साल की तुलना में 7.34 फीसदी क्षेत्रफल में कम हुई है जबकि चना के साथ ही जौ की बुआई तय लक्ष्य से ज्यादा हुआ है।


राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 2 जनवरी तक राज्य में गेहूं की बुआई केवल 35.55 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है, जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य में इसकी बुआई 38.37 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। राज्य सरकार ने चालू रबी में बुआई का लक्ष्य 36 लाख हेक्टेयर का तय किया था।

चालू रबी में जौ की बुआई बढ़कर 4.49 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 3.30 लाख हेक्टेयर में हो पाई थी।

रबी दलहन की प्रमुख फसल चना की बुआई राज्य में बढ़कर 22.40 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इस समय तक 16.55 लाख हेक्टेयर में ही इसकी बुआई हुई थी। चालू रबी में चना की बुआई का लक्ष्य 21.50 लाख हेक्टेयर तय किया गया था। अन्य रबी दलहन की बुआई 34 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 38 हजार हेक्टेयर की तुलना में कम है।

चालू रबी सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई राज्य में बढ़कर 36.42 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 35.03 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। तिलहनी फसलों में सरसों की बुआई बढ़कर 34.90 लाख हेक्टेयर में, तारामीरा की 1.38 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले रबी की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 33.72 लाख हेक्टेयर और 1.20 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 2 जनवरी तक राज्य में रबी फसलों की बुआई 119.58 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में केवल 114.86 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई थी। चालू रबी सीजन में राज्य में 120.15 लाख हेक्टेयर में फसलों की बुआई का लक्ष्य तय किया है।

सीसीआई ने दो लाख गांठ से ज्यादा कॉटन की बिक्री की

नई दिल्ली। कॉटन कारपोरेशन आफ इंडिया, सीसीआई ने चालू सप्ताह में घरेलू बाजार में 2,02,100 गांठ, एक गांठ - 170 किलो कॉटन की बिक्री की जबकि निगम के पास अभी भी पिछले साल की खरीदी हुई कॉटन का 4 लाख गांठ से ज्यादा का स्टॉक बचा हुआ है।


सीसीआई ने घरेलू बाजार में 25 दिसंबर से 2 जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह में 2,02,100 गांठ कॉटन की बिक्री की, जबकि इसके पिछले सप्ताह में निगम ने केवल 100,400 गांठ कॉटन की बिक्री की थी। फसल सीजन 2024-25 की खरीदी हुई कॉटन की लगातार घरेलू बाजार में मिलों को बिकवाली कर रही है।

पहली अक्टूबर से शुरू हुए चालू फसल सीजन में दिसंबर अंत तक सीसीआई ने 61.5 लाख गांठ कॉटन की खरीद की है।

स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने के कारण शुक्रवार को शाम के सत्र में गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन की कीमतों में तेजी आई।

गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव शुक्रवार को 100 रुपये तेज होकर दम 53,800 से 54,200 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो हो गए।

पंजाब में रुई हाजिर डिलीवरी के भाव तेज होकर 5,380 से 5,550 रुपये प्रति मन बोले गए।हरियाणा में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव बढ़कर 5,320 से 5,460 रुपये प्रति मन बोले गए। ऊपरी राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के दाम तेज होकर 5,350 से 5,530 रुपये प्रति मन बोले गए। लोअर राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के दाम 52,000 से 53,000 रुपये कैंडी बोले गए।

देशभर की मंडियों में कपास की आवक 204,800 गांठ, एक गांठ-170 किलो की हुई।

घरेलू वायदा कारोबार में कॉटन की कीमतों में तेजी का रुख रहा। एनसीडीईएक्स पर अप्रैल 26 महीने के वायदा अनुबंध में कपास के दाम 11.5 रुपये तेज होकर 1,570 रुपये प्रति 20 किलो हो गए। आईसीई के इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग में कॉटन की कीमतों में नरमी का रुख रहा।

कॉटन कारपोरेशन ऑफ इंडिया, सीसीआई ने शुक्रवार को घरेलू बाजार में ई नीलामी के माध्यम से 16,99,700 क्विंटल बिनौले की बिक्री की पेशकश की। अधिकांश बिक्री केंद्रों पर इसके बिकी के भाव स्थिर ही रहे।

व्यापारियों के अनुसार स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने के कारण गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन की कीमतों में तेजी आई। व्यापारियों के अनुसार हाल ही में सूती धागे की स्थानीय मांग में सुधार आया है, जिस कारण स्पिनिंग मिलें अच्छे मार्जिन में व्यापार कर रही है। वैसे भी अधिकांश मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है। इसलिए कॉटन के भाव में हल्का सुधार बन सकता है। हालांकि घरेलू बाजार में कॉटन की कुल उपलब्धता ज्यादा है। सीसीआई घरेलू बाजार में लगातार पिछले साल की खरीदी हुई कॉटन बेच रही है। अत: मिलों को आसानी से कच्चा माल मिल रहा है। इसलिए स्पिनिंग मिलें कॉटन की खरीद जरुरत के हिसाब से ही कर रही है।

02 जनवरी 2026

शून्य शुल्क पर कॉटन आयात की समय सीमा समाप्त, सीसीआई की खरीद 61 लाख गांठ के पार

नई दिल्ली। देश में शून्य शुल्क पर कॉटन के आयात की समय सीमा 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो गई है और इसे आगे बढ़ाने को लेकर सरकार की ओर से कोई नई अधिसूचना जारी नहीं की गई हे। अत: गुरुवार यानी पहली जनवरी 2026 से कॉटन के आयात पर 11 फीसदी का आयात शुल्क फिर से लागू हो गया है।


कॉटन कारपोरेशन आफ इंडिया, सीसीआई ने पहली अक्टूबर 2025 से शुरू हुए चालू सीजन में दिसंबर अंत तक 61.5 लाख गांठ, एक गांठ -170 किलो कॉटन की खरीद कर चुकी है। किसानों से कपास की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी करने की रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन को सरकार ने 31 दिसंबर 2025 से बढ़ाकर 16 जनवरी 2026 तक कर दिया है।

जानकारों के अनुसार उत्पादक राज्यों में कपास के भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी से काफी नीचे बने हुए हैं, जिस कारण कुल आवक की लगभग 68 से 70 फीसदी कॉटन सीसीआई के खरीद केंद्रों पर जा रही है। उत्पादक मंडियों में कपास के दाम 6800 से 7700 रुपये प्रति क्विंटल है। केंद्र सरकार खरीफ विपणन सीजन 2025-26 के लिए कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मध्यम रेशे वाली कपास के लिए 7,710 रुपये प्रति क्विंटल और लंबी रेशे वाली कपास के लिए 8,110 प्रति क्विंटल तय किया है, जो कि पिछले सीजन से 589 रुपये अधिक है।

भारत ने अगस्त में अमेरिका के साथ टैरिफ से जुड़े तनाव और टेक्सटाइल सेक्टर को कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कॉटन पर 11 फीसदी आयात शुल्क को शून्य कर दिया था। इंटरनेशनल कॉटन एडवाइजरी कमेटी, आईसीएसी के आंकड़ों के अनुसार मध्य सितंबर तक भारतीय आयातकों ने करीब 36 लाख गांठ कॉटन का आयात किया है। कुल आयातित कॉटन में ब्राजील की हिस्सेदारी 23 फीसदी, अमेरिका की 20 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया की 19 फीसदी है।

व्यापारियों के अनुसार स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने से घरेलू बाजार में हाल ही में कॉटन की कीमतों में तेजी आई है। सूती धागे की स्थानीय मांग में पहले की तुलना में सुधार आया है, जिस कारण स्पिनिंग मिलें अच्छे मार्जिन में व्यापार कर रही है। वैसे भी अधिकांश मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है। इसलिए कॉटन के भाव में हल्का सुधार बन सकता है। हालांकि घरेलू बाजार में कॉटन की कुल उपलब्धता ज्यादा है। सीसीआई घरेलू बाजार में लगातार पिछले साल की खरीदी हुई कॉटन बेच रही है। अत: मिलों को आसानी से कच्चा माल मिल रहा है। इसलिए स्पिनिंग मिलें कॉटन की खरीद जरुरत के हिसाब से ही कर रही है।

चालू पेराई सीजन में दिसंबर अंत तक चीनी का उत्पादन 24 फीसदी बढ़ा - एनएफसीएसएफ

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2025 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन (अक्टूबर-25 से सितंबर-26) में दिसंबर अंत तक देशभर में चीनी का उत्पादन 23.74 फीसदी बढ़कर 118.30 लाख टन का हो चुका है। पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में 95.60 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ था।


नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) के अनुसार
31 दिसंबर, 2025 तक देशभर की चीनी मिलों ने 1,339.21 लाख टन गन्ने की पेराई की है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1,101.87 लाख टन गन्ने की पेराई ही की थी। चालू पेराई सीजन में देशभर में 499 चीनी मिलों में पेराई चल रही है।

चालू पेराई सीजन में दिसंबर अंत तक तक औसत चीनी की रिकवरी दर 8.83 फीसदी बैठ रही है, जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में 8.68 फीसदी की बैठ रही थी।

एनएफसीएसएफ के अनुसार उत्तर प्रदेश में चालू पेराई सीजन में मिलों ने 367.53 लाख टन गन्ने की पेराई की है तथा राज्य में चीनी का उत्पादन 35.65 लाख टन का हुआ है। राज्य में गन्ने में रिकवरी की दर 9.70 फीसदी की आ रही है। महाराष्ट्र की चीनी मिलों ने अभी तक 556.57 लाख टन गन्ने की पेराई की है तथा राज्य में 48.70 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है। राज्य में एवरेज रिकवरी की दर 8.75 फीसदी की आई है।

कर्नाटक में चालू पेराई सीजन में चीनी मिलों ने 279.75 लाख टन गन्ने की पेराई की है तथा राज्य में 22.10 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। राज्य में चालू पेराई सीजन में रिकवरी की दर 7.90 फीसदी की आ रही है।

एनएफसीएसएफ के अनुसार चालू गन्ना पेराई सीजन के अंत (सितंबर 2026) तक कुल चीनी का उत्पादन 350 लाख टन होने का अनुमान है। इस दौरान इथेनॉल में करीब 35 लाख टन चीनी उत्पादन के लिए इस्तेमाल होने की उम्मीद है। इस तरह से नेट उत्पादन 315 लाख टन का होने का अनुमान है।

प्रमुख उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र में चालू पेराई सीजन में चीनी का उत्पादन 110 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 105 लाख टन, कर्नाटक में 55 लाख टन और गुजरात में 8 लाख टन के उत्पादन का अनुमान है।

चालू पेराई सीजन में चीनी की घरेलू खपत 290 लाख टन होने की उम्मीद है। इसके अलावा पेराई सीजन के आरंभ में 50 का स्टॉक बचा हुआ है। इस हिसाब से चीनी मिलों के गोदामों में नए सीजन के आरंभ में लगभग 75 लाख टन चीनी का बकाया स्टॉक बचेगा।