कुल पेज दृश्य

14 अगस्त 2019

कपास का निर्यात तय लक्ष्य से 4 लाख गांठ घटने की आशंका, उत्पादन ज्यादा होने का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। विश्व बाजार में कीमतें कम होने के कारण चालू फसल सीजन में कपास का निर्यात तय लक्ष्य 50 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलो) से घटकर 46 लाख गांठ का ही होने का अनुमान है। चालू खरीफ में कपास के बुआई क्षेत्रफल में बढ़ोतरी हुई है तथा अभी तक मौसम भी फसल के अनुकूल है, इसलिए पहली अक्टूबर 2019 से शुरू होने वाले सीजन में कपास का उत्पादन पिछले साल से ज्यादा ही होने का अनुमान है।
काटन एडवाईजरी बोर्ड (सीएबी) ने पहली अक्टूबर 2018 से शुरू हुए चालू फसल सीजन में 50 लाख गांठ कपास के निर्यात का लक्ष्य तय किया था, जबकि 31 जुलाई तक 44.50 लाख गांठ का ही निर्यात हुआ है। सीएबी के अनुसार चालू सीजन में कुल निर्यात 46 लाख गांठ का ही होने का अनुमान है। विश्व बाजार में कपास सस्ती है, इसलिए चालू सीजन में कपास का आयात बढ़कर 31 लाख गांठ होने का अनुमान है। 
आयातित कपास है सस्ती
कपास की निर्यातक फर्म के सी टी एंड एसोसिएट के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश राठी ने बताया कि चालू खरीफ में कपास की बुआई में बढ़ोतरी हुई है, तथा मौसम भी फसल के अनुकूल है। अत: आगे भी मौसम ठीक रहा तो चालू सीजन में उत्पादन पिछले साल से ज्यादा ही होगा। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में गुरूवार को शंकर-6 किस्म की कपास का भाव 41,500 से 42,000 रुपये प्रति कैंडी (एक कैंडी-356 किलो) रहा। ब्राजील से आयातित कपास के भाव भारतीय बंदरगाह पर 38,000 से 39,000 प्रति कैंडी हैं। घरेलू मंडियों में कपास की नई फसल की आवक सितंबर में बनेगी, तथा अक्टूबर-नवंबर में आवक बढ़ेगी जिससे मौजूदा कीमतों में मंदा तो आयेगा, लेकिन कॉटन कार्पोरेशन आफ इंडिया (सीसीआई) न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद कैसी करेगी। इस पर भी तेजी-मंदी निर्भर करेगी।
चालू सीजन में उत्पादन में आई कमी
कॉटन एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (सीएआई) के अनुसार चालू फसल सीजन 2018-19 में कपास का उत्पादन घटकर 312 लाख गांठ का हुआ है, जबकि इसके पिछले साल 365 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। जुलाई अंत तक उत्पादक मंडियों में 305.52 लाख गांठ कपास की आवक हो चुकी है जोकि कुल उत्पादन का 98 फीसदी है। सीसीआई के पास इस समय कपास का करीब 9.5 से 10 लाख गांठ का बकाया स्टॉक है। 
महाराष्ट्र में बुआई ज्यादा, गुजरात में कम
कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में कपास की बुआई बढ़कर 118.73 लाख हेक्टयेर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 112.60 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई थी। महाराष्ट्र में चालू खरीफ में कपास की बुआई बढ़कर 42.81 लाख हेक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य में केवल 39.69 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई थी। हालांकि गुजरात में चालू खरीफ में कपास की बुआई पिछले साल के 26.58 लाख हेक्टेयर से घटकर 24.69 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई है। अन्य राज्यों में तेलंगाना में 17.24 लाख हेक्टयेर में, आंध्रप्रदेश में 4.10 लाख हेक्टेयर में, हरियाणा में 6.76 लाख हेक्टेयर में, कर्नाटक 4.46 लाख हेक्टेयर में, मध्य प्रदेश 6.10 लाख हेक्टयेर में, पंजाब में 4.02 और राजस्थान में 6.44 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई है।...... आर एस राणा

राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज बारिश का अनुमान, देशभर में बारिश का आंकड़ा हुआ सामान्य

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के पूर्वी हिस्से, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तरी केरल और उससे सटे तटीय कर्नाटक के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से, पूर्वी बिहार, कोंकण व गोवा और उत्तर-पूर्वी गुजरात में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर तेज बारिश भी देखी जा सकती है। देशभर में बारिश का आंकड़ा सामान्य हो गया है। 
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा इस समय पंजाब से हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी तथा पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। अगले 24 घंटों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश होने की भी उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों में हुई कई राज्यों में हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप समूह, विदर्भ के हिस्से और पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश दर्ज की गई। केरल, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के हिस्से, झारखंड, दक्षिणी बिहार, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्से, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी देखी गई। इसके अलावा, राजस्थान के पूर्वी हिस्से, दिल्ली तथा हरियाणा और पंजाब के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई । इस बीच, पश्चिमी राजस्थान का मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा जबकि, देश के बाकी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश देखने को मिली।
जून और जुलाई में सामान्य से कम हुई थी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मानसून शुरूआती दो महीनों जून और जुलाई में कमजोर रहा था, लेकिन अगस्त में कई राज्यों में ज्यादा बारिश हुई। जून में मानसूनी बारिश सामान्य से 33 फीसदी कमी थी, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 9 फीसदी कम था। अगस्त के शुरुआती दो हफ्तों में यह फर्क खत्म हो गया। हालांकि अभी भी देश के 18 फीसदी क्षेत्रफल में बारिश सामान्य से कम है। पहली जून से 13 अगस्त तक देशभर में 567.6 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि इस दौरान सामान्यत: 569.2 मिलीमीटर बारिश होती है।
56 फीसदी क्षेत्रफल में हुई है सामान्य बारिश
आईएमडी के अनुसार देश के 36 सब डिवीजनों में से 56 फीसदी में चालू खरीफ में अभी तक मानसूनी बारिश सामान्य हुई है जबकि 22 फीसदी में सामान्य से ज्यादा हुई है। चार फीसदी क्षेत्रफल में बारिश बहुत ज्यादा हुई है लेकिन 18 फीसदी क्षेत्रफल अभी भी ऐसा है जिसमें बारिश सामान्य से कम हुई है। कई राज्यों कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश आदि के कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालाता बने हुए हैं, जिससे लाखों हेक्टेयर में खरीफ फसलों को भी नुकसान की आशंका है। 
मध्य महाराष्ट्र में बारिश सामान्य से 72 फीसदी ज्यादा
सबसे ज्यादा बारिश वाले सब डिवीजनों की बात करें तो इसमें मध्य महाराष्ट्र, गुजरात रीजन, सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और कर्नाटक हैं। मध्य महाराष्ट्र में चालू सीजन में सामान्य से 72 फीसदी 856 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्यत: यहां 497.4 मिलीमीटर बारिश होती है। इसी तरह से गुजरात रीजन में सामान्य से 22 फीसदी, गुजरात और कच्छ में 24 फीसदी, एन आई कर्नाटक में 41 फीसदी और एस आई कर्नाटक में 21 फीसदी बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है। कम वर्षा वाले राज्यों की बात करें तो हरियाणा में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 36 फीसदी और झारखंड में 34 फीसदी कम है। हिमाचल प्रदेश में भी अभी तक सामान्य से 25 फीसदी कम और मराठवाड़ा में 20 फीसदी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई।.......... आर एस राणा

जुलाई में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 26 फीसदी बढ़ा, तिलहन की कीमतों पर असर

आर एस राणा
नई दिल्ली। खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात जुलाई में 26 फीसदी बढ़कर 14,12,001 टन का हुआ है जिसका असर घरेलू बाजार में तिलहन की कीमतों पर भी पड़ रहा है। उत्पादक मंडियों में सरसों के भाव 3,775 से 3,800 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि केंद्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 4,620 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है।
साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन आफ इंडिया (एसईए) के अनुसार जुलाई में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात बढ़कर 14,12,001 टन का हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनका आयात 11,19,538 टन का हुआ था। केंद्र सरकार द्वारा पांच महीने पहले मलेशिया से आयातित क्रुड पॉम तेल और रिफाइंड तेल के आयात शुल्क में अंतर कम होने के कारण रिफाइंड तेल के आयात में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर घरेलू बाजार में तिलहन की कीमतों पर तो पड़ा ही है, साथ ही घरेलू उद्योग पर भी इसका असर पड़ रहा है। 
चालू तेल वर्ष के पहले 9 महीनों में आयात 5 फीसदी ज्यादा
एसईए के अनुसार चालू तेल वर्ष 2018-19 (नवंबर-18 से अक्टूबर-19) के पहले 9 महीनों नवंबर से जुलाई के दौरान खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 5 फीसदी बढ़कर 112,80,972 टन का हुआ है जबकि इसके पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में इनका आयात 107,66,076 टन का ही हुआ था। चालू तेल वर्ष के पहले 9 महीनों में 108,03,777 टन का खाद्य तेलों का और 4,77,195 टन का अखाद्य तेलों का आयात हुआ है जबकि पिछले तेल वर्ष में 104,54,489 टन खाद्य तेलों का तथा 3,11,587 टन अखाद्य तेलों का आयात हुआ था।
आयातित खाद्य तेलों की कीमतों में गिरावट
चालू तेल वर्ष के पहले 9 महीनों अप्रैल से जुलाई के दौरान आरबीडी पॉमोलीन तेल का आयात 40 फीसदी बढ़कर 20,90,381 टन का हुआ है जबकि पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में इसका आयात 14,95,674 टन का ही हुआ था। आयातित खाद्य तेलों की कीमतों में जून के मुकाबले जुलाई में गिरावट दर्ज की गई है। जुलाई में आरबीडी पॉमोलीन का भाव भारतीय बंदरगाह पर घटकर 532 डॉलर प्रति टन रह गया जबकि जून में इसका भाव 539 डॉलर प्रति टन था। इसी तरह से क्रुड पॉम तेल का भाव जून के 492 डॉलर प्रति टन से घटकर जुलाई में 490 डॉलर प्रति टन रह गया।............ आर एस राणा

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एग्री उत्पादों का निर्यात 10.60 फीसदी की घटा

आर एस राणा
नई दिल्ली। किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार एग्री उत्पादों का निर्यात बढ़ाना चाह रही है, लेकिन एग्री उत्पादों का निर्यात बढ़ने के बजाए उल्टा घट रहा है। चालू वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही अप्रैल से जून के दौरान एग्री उत्पादों के निर्यात में 10.60 फीसदी की कमी आकर कुल निर्यात 28,910 करोड़ रुपये का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 32,341 करोड़ रुपये का हुआ था।
एपीडा के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही में गैर-बासमती चावल के निर्यात में 43.51 फीसदी की गिरावट आकर कुल निर्यात 11.94 लाख टन का ही हुआ है जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 21 लाख टन गैर-बासमती चावल का निर्यात हुआ था। बासमती चावल का निर्यात इस दौरान 1.79 फीसदी घटकर 11.56 लाख टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बासमती चावल का 11.73 लाख टन का निर्यात हुआ था। मूल्य के हिसाब से चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में गैर-बासमती चावल का निर्यात 3,379 करोड़ रुपये और बासमती चावल का 8,728 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात क्रमश: 5,982 और 8,610 करोड़ रुपये का हुआ था।  
बीफ के निर्यात में आई कमी, ग्वार गम उत्पादों का भी कम
बीफ का निर्यात चालू वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही में घटकर 2,75,398 टन का 5,467 करोड़ रुपये का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इसका निर्यात 2,76,450 टन का 5,636 करोड़ रुपये का हुआ था। ग्वार गम उत्पादों का निर्यात पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही अप्रैल से जून के 1,35,210 टन से घटकर चालू वित्त वर्ष में 1,27,700 टन का ही हुआ है। मूल्य के हिसाब से इनका निर्यात पिछले वित्त वर्ष के 1,239 करोड़ रुपये से घटकर 1,142 करोड़ रुपये का ही हुआ था।
फलों के निर्यात में सुधार, सब्जियों का घटा
ताजे फलों के निर्यात में जरुर चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सुधार हुआ है, लेकिन सब्जियों के निर्यात में कमी आई है। अप्रैल से जून 2019-20 के दौरान फ्रेस फलों का निर्यात मात्रा में 1,99,376 टन का 1,337 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 1,87,246 टन का 1,376 करोड़ रुपये का हुआ था। सब्जियों का निर्यात चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 6,67,249 टन का 1,270 करोड़ रुपये मूल्य का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 7,76,094 टन का 1,337 करोड़ रुपये का हुआ था।
दालों के साथ डेयरी उत्पादों का निर्यात रहा कम
दालों का निर्यात भी चालू वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही में घटकर 45,344 टन का 289 करोड़ रुपये का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 1,01,678 टन का 629 करोड़ रुपये मूल्य का हुआ था। प्रोसेसस सब्जियों का निर्यात जरुरत चालू वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में बढ़कर 54,001 टन का 506 करोड़ रुपये मूल्य का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 50,694 टन का 436 करोड़ रुपये मूल्य का हुआ था। डेयरी उत्पादों का निर्यात चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में घटकर 33,911 टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 35,698 टन का हुआ था। ..... आर एस राणा

11 अगस्त 2019

जुलाई में डीओसी के निर्यात में 23 फीसदी की भारी गिरावट

आर एस राणा
नई दिल्ली। विश्व बाजार में कीमतें कम होने के कारण जुलाई में डीओसी के निर्यात में 23 फीसदी की भारी गिरावट आकर कुल निर्यात 1,66,301 टन का ही हुआ है जबकि पिछले साल जुलाई में इनका निर्यात 2,15,716 टन का हुआ था। चालू वित्त वर्ष 2019-20 के पहले चार महीनों में डीओसी के निर्यात में 12 फीसदी की कमी दर्ज की गई।
साल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन आफ इंडिया (एसईए) के अनुसार विश्व बाजार डीओसी की कीमतें नीचे बनी हुई है जबकि घरेलू बाजार में सीड के भाव उंचे होने के कारण निर्यात पड़ते कम लग रहे हैं। जुलाई में सरसों डीओसी के निर्यात में तो बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सोयाबीन, केस्टर और राइसब्रान डीओसी के निर्यात में कमी आई है। सरसों डीओसी का निर्यात जुलाई में बढ़कर 93,837 टन का हुआ है जबकि पिछले साल जुलाई में इसका निर्यात केवल 71,064 टन का ही हुआ था। सोया डीओसी का निर्यात जुलाई में घटकर केवल 26,006 टन का ही हुआ है जबकि पिछले साल जुलाई में इसका निर्यात 62,524 टन का हुआ था।
डीओसी का निर्यात पहले चार महीनों में 12 फीसदी घटा
एसईए के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2019-20 के पहले चार महीनों अप्रैल से जुलाई के दौरान डीओसी का निर्यात 12 फीसदी घटकर 8,51,070 टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 9,66,874 टन का हुआ था। इस दौरान सोया डीओसी का निर्यात 1,82,631 टन, सरसों डीओसी का निर्यात 3,58,426 टन और केस्टर डीओसी का निर्यात 2,29,820 टन का हुआ है।
सोया डीओसी के भाव कम, सरसों के ज्यादा
भारतीय बंदरगाह पर सोया डीओसी के भाव जुलाई में औसतन 440 डॉलर प्रति टन रहे जबकि पिछले साल जुलाई में इसके भाव 433 डॉलर प्रति टन थे। हालांकि सरसों डीओसी के भाव चालू वित्त वर्ष के जुलाई में 220 डॉलर प्रति टन रहे जबकि पिछले साल जुलाई में इसका भाव 217 डॉलर प्रति टन था। केस्टर डीओसी का भाव पिछले साल के जुलाई के 79 डॉलर से बढ़कर चालू वित्त वर्ष के जुलाई में 118 डॉलर प्रति टन हो गया। एसईए के अनुसार चालू वित्त वर्ष में जहां दक्षिण कोरिया और ईरान की डीओसी में आयात मांग ज्यादा रही है, वहीं वियतनाम, थाइलैंड और ताइवान की आयात मांग कम रही है। ...... आर एस राणा

भारतीय चावल निर्यातकों की ईरान में 1,500 करोड़ की पैमेंट फंसी, नए निर्यात सौदों पर असर

आर एस राणा
नई दिल्ली। ईरान में भारतीय चावल के निर्यातकों की करीब 1,500 करोड़ रुपये की राशि फंस गई है, जिसका असर नए निर्यात सौदों पर भी पड़ रहा है। ईरान, भारत से बासमती चावल का सबसे बड़ा आयातक देश है तथा वित्त वर्ष 2018-19 में ईरान ने भारत से 14.83 लाख टन का बासमती चावल का आयात किया था।
ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन (एआईआरईए) के अध्यक्ष वितय सेतिया ने आटलुक को बताया कि पिछले दो महीने से चावल निर्यातकों की पैमेंट नहीं आ रही है जिस कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निर्यातकों की ईरान में करीब 1,500 करोड़ रुपये की राशि फंस गई है। उन्होंने बताया कि इसके समाधान के लिए हमने ईरान स्थित भारतीय दूतावास को पत्र लिखकर, जल्द ही हल निकालने की मांग की है। उन्होंने बताया की पुरानी पेमेंट फंसने के कारण निर्यातक नए निर्यात सौदे भी नहीं कर रहे हैं। मामला ईरान और भारत सरकार के बीच का है। इसलिए निर्यातक कुछ करने की स्थिति में भी नहीं हैं। उन्होंने बताया कि चावल उत्पादन में चीन के बाद भारत दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है लेकिन निर्यात के मामले में भारत विश्व में नम्बर वन है।
कच्चे तेल की एवज में हो रहा था चावल का भुगतान
उन्होंने बताया कि ईरान से पहले चावल का भुगतान डालर में होता था, लेकिन अमेरिका द्वारा ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगा देने के बाद, डॉलर में भुगतान बंद हो गया था। इसके बाद भारत ईरान से कच्चा तेल मंगाता है, उसकी एवज में जो भुगतान होता था, इसमें से चावल निर्यातकों को भुगतान कर दिया जाता था। यह सिस्टम कुछ समय तो ठीक चला, लेकिन दो माह से इसमें दिक्कत आ गई है। ईरान की ओर से इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया जा रहा है। हालांकि ईरान की रकम भारतीय बैंकों में जमा है। बस उन्हें इसे निर्यातकों को देने की इजाजत भर देनी है जिसमें देरी होने से निर्यातकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वित्त वर्ष 2018-19 में ईरान ने 14.83 लाख टन चावल का किया था आयात
भारत से निर्यात किए गए चावल का भुगतान यहां के बैंक आइडीबीआइ और यूको बैंक के माध्यम से हो रहा था, लेकिन पिछले 55 से 60 दिनों से भुगतान का संकट आया है। ईरान, भारतीय बासमती चावल का सबसे बड़ा आयातक देश है। एपीडा के अनुसार वित्त वर्ष 2018-19 में ईरान ने भारत से 14.83 लाख टन 10,790 करोड़ रुपये का बासमती चावल का आयात किया था, जबकि वित्त वर्ष 2018-19 में देश से बासमती चावल का कुल निर्यात 44.14 लाख टन का 32,804 करोड़ रुपये मूल्य का हुआ था।.........  आर एस राणा

03 अगस्त 2019

पेंशन लेने के लिए किसानों को देना होगा प्रीमियम, 15 अगस्त से होगी शुरूआत

आर एस राणा
नई दिल्ली। किसानों को पेंशन लेने के लिए प्रीमियम देना होगा, जिसकी शुरूआत केंद्र सरकार 15 अगस्त से करने जा रही है। प्रधानमंत्री किसान पेंशन योजना के लिए 29 साल के किसान को 100 रुपये महीना प्रीमियम देना होगा, इतना ही प्रीमियम केंद्र सरकार वहन करेगी। कृषि सचिव ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर स्कीम को लागू करने के लिए मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) किसानों के पेंशन फंड को मैनेज करेगा। इस पेंशन स्कीम के तहत किसानों को 60 साल की आयु के बाद 3,000 रुपये मासिक बतौर पेंशन देने का प्रा‌वधान किया गया है। 
पहले तीन साल में 5 करोड़ लाभार्थियों को शाामिल करने का लक्ष्य
कृषि मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार किसान—पेंशन स्कीम के ड्राफ्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है। वित्त मंत्रालय के साथ ही कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलकर ड्राफ्ट तैयार किया है। इस योजना के तहत पहले तीन साल में 5 करोड़ लाभार्थियों को शाामिल करना है। इससे सरकारी खजाने पर करीब 10,774.5 करोड़ रुपये सालाना खर्च आयेगा।
किसानों को देना होगा आधा प्रीमियम
प्रधानमंत्री-किसान पेंशन योजना के तहत लाभार्थी के योजना से जुड़ने के समय औसत उम्र 29 साल है तो उसे 100 रुपये हर महीने योगदान देना होगा। इसका मतलब है कि अगर लाभार्थी की उम्र 29 से कम है तो उसे योगदान कम देना होगा, वहीं अगर 29 से अधिक उम्र है तो किसान को प्रीमियम भी ज्यादा देना होगा। केंद्र सरकार भी इसमें इतना ही योगदान देगी। किसान पेंशन योजना के लिए 18 से 40 साल तक के किसान आवेदन कर सकेंगे। इस स्कीम में 60 साल की आयु के बाद किसानों को 3,000 रुपये तक प्रति माह पेंशन मिलेगी। किसानों के लिए ये स्कीम पूरी तरह से स्वैच्छिक होगी। प्रीमियम का आधा हिस्सा किसान और आधा हिस्सा सरकार वहन करेगी। अगले हफ्ते से इसके लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो जायेगी।
इसका पूरा खर्च केंद्र सरकार उठायेगी, राज्यों पर नहीं डाली जायेगी जिम्मेदारी
कृषि मंत्रालय के अनुसार इस स्कीम को लागू करने के लिए राज्य सरकारों को पत्र लिखा है। वत्र में राज्यों को कहा गया है कि वे ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए इस स्कीम से जोड़े। केंद्र सरकार इसका पूरा खर्च उठायेगी, तथा राज्य सरकारों पर किसी प्रकार का वित्तीय बोझ नहीं डाला जाएगा। नई योजना के बारे में राज्य के कृषि मंत्रियों के साथ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जितनी जल्दी हो सके, इसे लागू करने को कहा था।...........  आर एस राणा