कुल पेज दृश्य

10 जुलाई 2018

सोयाबीन के निर्यात में हुई बढ़ोतरी, बकाया स्टॉक में कमी आने की आशंका

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू फसल सीजन 2017-18 के अक्टूबर से जून के दौरान सोयाबीन का निर्यात बढ़कर 2.19 लाख टन का हुआ है जबकि पिछले फसल सीजन की समान अवधि में इसका निर्यात 2.04 लाख टन का ही हुआ था। निर्यात में बढ़ोतरी के साथ घरेलू खपत ज्यादा होने से नई फसल के समय उत्पादक मंडियों में सोयाबीन का बकाया स्टॉक कम बचने की संभावना है।
सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन आॅफ इंडिया (सोपा) के अनुसार अक्टूबर से जून के दौरान 75 लाख टन सोयाबीन की आवक हो चुकी है तथा मंडियों में करीब 14.61 लाख टन का बकाया स्टॉक ही बचा हुआ है। जुलाई-अगस्त में करीब 11-12 लाख टन की खपत होने का अनुमान है इसलिए बकाया स्टॉक 4 लाख टन से कम ही बचने की उम्मीद है। पिछले साल नई फसल की आवक के समय उत्पादक मंडियों में सोयाबीन का बकाया स्टॉक 13 लाख टन का बचा था।
सोपा के अनुसार सोया डीओसी का निर्यात घटकर चालू फसल सीजन में अक्टूबर से जून के दौरान 13.61 लाख टन का हुआ है जबकि पिछले फसल सीजन की समान अवधि में इसका निर्यात 16.34 लाख टन का हुआ था। चालू फसल सीजन में सोया डीओसी का कुल निर्यात 15 लाख टन होने का अनुमान है।
सोपा के अनुसार फसल सीजन 2017-18 में सोयाबीन का उत्पादन 83.50 लाख टन का हुआ था, जबकि बकाया स्टॉक 13 लाख टन को मिलाकर कुल उपलब्धता 96.50 लाख टन की बैठी थी।...............  आर एस राणा

07 जुलाई 2018

खरीफ फसलों की बुवाई 14 फीसदी पिछड़ी, देशभर में मानसूनी बारिश 7 फीसदी कम

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू खरीफ सीजन में देशभर में मानसूनी बारिश 7 फीसदी कम होने से खरीफ फसलों की बुवाई में 14.17 फीसदी की कमी आकर कुल बुवाई 333.78 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 388.88 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। खरीफ फसलों की बुवाई बारिश पर निर्भर होने के कारण आगे मानसून की चाल पर ही निर्भर करेगी।
कृषि मंत्रालय के अनुसार खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई चालू सीजन में अभी तक केवल 67.25 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी रोपाई 79.08 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। खरीफ दलहनी फसलों की बुवाई भी चालू सीजन में घटकर 33.60 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 41.67 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। खरीफ दलहन की प्रमुख फसलों अरहर, उड़द और मूंग की बुवाई पिछले साल की तुलना में पिछे चल रही है।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू खरीफ में घटकर 57.35 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुवाई 66.27 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। मोटे अनाजों में मक्का की बुवाई 35.90 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 38.75 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। बाजरा की बुवाई भी पिछले साल की तुलना में पिछड़ी है।
तिलहनी फसलों की बुवाई भी चालू खरीफ में घटकर अभी तक केवल 63.59 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय इनकी बुवाई 73.45 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। ​खरीफ तिलहन की प्रमुख फसल सोयाबीन की बुवाई अभी तक केवल 51.64 लाख हैक्टेयर में और मूंगफली की 9.39 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है। पिछले साल इस समय इनकी बुवाई क्रमश: 53.70 और 16.57 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी।
कपास की बुवाई भी चालू खरीफ सीजन में घटकर 54.60 लाख हैक्टेयर में हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुवाई 71.82 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। गन्ने की बुवाई जरुर चालू खरीफ में बढ़कर 50.44 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुवाई केवल 49.64 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी। .............  आर एस राणा

ओएमएसएस के तहत गेहूं बिक्री होगी ज्यादा, फ्लोर मिलों को 1,890 रुपये गेहूं बेचेगी सरकार

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं की बंपर खरीद 355.22 लाख टन हुई है जिस कारण उत्पादक राज्यों में स्टॉक कम है। सितंबर-अक्टूबर में फ्लोर मिलों को केंद्रीय पूल से गेहूं की खरीद करनी होगी, इसलिए चालू सीजन में खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के गेहूं की बिक्री ज्यादा होगी। चालू सीजन में ओएमएसएस के तहत गेहूं बेचने के लिए 1,890 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय किए जाने की संभावना है।
प्रवीन कार्मिशयल कंपनी के प्रबंधक नवीन गुप्ता ने बताया कि दक्षिण भारत के साथ ही महाराष्ट्र और गुजरात में गेहूं की आपूर्ति इस समय उत्तर प्रदेश से हो रही है। उत्तर प्रदेश से बंगलुरु पहुंच गेहूं के भाव शुक्रवार को 2,060 रुपये प्रति क्विंटल है। उत्तर प्रदेश से चालू रबी में एफसीआई ने रिकार्ड 50.87 लाख टन गेहूं की खरीद की है, इसलिए उत्पादक मंडियों में स्टॉक कम बचा हुआ है। ऐसे में सितंबर में फ्लोर मिलों को केंद्रीय पूल से ही गेहूं की खरीद करनी होगी। केंद्रीय पूल से 1,890 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदने पर बंगुलरू पहुंच भाव 2,200 से 2,210 रुपये प्रति क्विंटल (परिवहन एवं अन्य खर्च) होगा। इसलिए घरेलू बाजार में आगे गेहूं की कीमतों में तेजी आने का अनुमान है।
आयात की संभावना नहीं
यूक्रेन से आयातित लाल गेहूं के भाव 228 से 230 डॉलर प्रति टन (एफओबी) तूतीकोरन बंदरगाह पहुंच है जबकि आस्ट्रेलियाई गेहूं के भाव 268 से 270 डॉलर प्रति टन (एफओबी) है। केंद्र सरकार ने 30 फीसदी आयात शुल्क लगा रखा है इसलिए आयात पड़ते नहीं लगेंगे।
ओएमएसएस के तहत बिक्री होगी ज्यादा
गेहूं कारोबारी कमलेश जैन ने बताया कि दिल्ली में गेहूं का भाव 1,790 से 1,800 रुपये प्रति क्विंटल है। उत्पादक राज्यों में बकाया स्टॉक कम है इसलिए आगामी महीनों में केंद्रीय पूल से ही खरीद करनी होगी। केंद्रीय पूल से गेहूं का बिक्री भाव ज्यादा है, इसलिए गेहूं की कीमतों में 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी बन सकती है। चालू सीजन में ओएमएसएस के तहत गेहूं का उठाव बढ़कर 50 लाख टन से ज्यादा ही होने का अनुमान है। एफसीआई के अनुसार फसल सीजन 2016-17 में इसके तहत केवल 14.21 लाख टन गेहूं का ही उठाव हुआ था।
ओएमएसएस में ​1,890 रुपये बिक्री भाव हो सकता है तय
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ओएमएसएस के तहत गेहूं बेचने के लिए 1,890 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय करने की योजना है तथा चालू महीने के आखिर तक बिक्री शुरू कर दी जायेगी। पिछले साल ओएमएसएस के तहत जून में ही गेहूं की बिक्री शुरू हो गई थी। ओएमएसएस के तहत गेहूं बेचने के लिए 1,890 रुपये प्रति क्विंटल का भाव लुधियाना के आधार पर तय किया जायेगा, इसमें परिवहन लागत एवं अन्य खर्च खरीददार के होंगे। पिछले साल ओएमएसएस के तहत 1,790 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचा गया था।
लागत की तुलना में 634 रुपये कम
एफसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार चालू रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं की खरीद पर 2,524 रुपये प्रति क्विंटल की लागत आई है। लागत की तुलना में खुले बाजार में 634 रुपये प्रति क्विंटल नीचे भाव पर गेहूं बेचा जायेगा। पिछले रबी सीजन में लागत 2,445.62 रुपये प्रति क्विंटल की आई थी। चालू रबी में गेहूं की खरीद बढ़कर 355.22 लाख टन की हुई है जबकि पिछले साल केवल 308.25 लाख टन गेहूं ही खरीदा गया था। केंद्रीय पूल में पहली जून को 437.55 लाख टन गेहूं का स्टॉक जमा है।
उत्पादन अनुमान ज्यादा
कृषि मंत्रालय के तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार चालू रबी में गेहूं का रिकार्ड उत्पादन 986.1 लाख टन होने का अनुमान है जबकि पिछले साल 985.1 लाख टन का उत्पादन हुआ था।
एमएसपी में 110 की थी बढ़ोतरी
केंद्र स
रकार ने रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 110 रुपये की बढ़ोतरी कर भाव 1,735 रुपये प्रति क्विंटल तय किया था, जबकि पिछले रबी में इसका एमएसपी 1,625 रुपये प्रति क्विंटल था। ..............  आर एस राणा

जून में डीओसी का कुल निर्यात 34 फीसदी घटा, सोया डीओसी का बढ़ा

आर एस राणा
नई दिल्ली। विश्व बाजार में कीमतें कम होने के कारण जून में डीओसी के निर्यात में 34 फीसदी की गिरावट आकर कुल निर्यात 1,66,833 टन का ही हुआ है जबकि पिछले साल जून में इनका निर्यात 2,51,124 टन का हुआ था। सरसों, राइसब्रान और केस्टर डीओसी के निर्यात में तो मई के मुकाबले जून में कमी आई है लेकिन सोया डीओसी का निर्यात इस दौरान बढ़ा है।
साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन आॅफ इंडिया (एसईए) के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2018-19 के पहले तीन महीनों अप्रैल से जून के दौरान डीओसी के कुल निर्यात में 9 फीसदी की बढ़ोतरी होकर कुल निर्यात 6,54,774 टन का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 के अप्रैल से जून के दौरान इनका निर्यात 5,99,346 टन का ही हुआ था।
एसईए के अनुसार जून महीने में सोया डीओसी का निर्यात बढ़कर 1,04,088 टन का हुआ है जबकि मई में इसका निर्यात केवल 76,026 टन का ही हुआ था। सरसों डीओसी का निर्यात जून में 54,191 टन का ही हुआ है जबकि मई में इसका निर्यात 1,33,916 टन का हुआ था। 
एसईए के कार्यकारी निदेशक डॉ. बी वी मेहता ने बताया कि चीन और अमेरिका के बीच चल रहे ट्रेड वार के कारण भारत से डीओसी का निर्यात बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि चीन ने भारत से 2012 के बाद से आयात बंद कर दिया था जबकि उससे पहले भारत से 3.5 से 4 लाख टन सरसों डीओसी का और एक लाख टन सोया डीओसी का आयात करता था।
एसईए के अनुसार भारतीय बंदरगाह पर जून में सोया डीओसी के औसत भाव 445 डॉलर और सरसों डीओसी के 227 डॉलर प्रति टन रहे जबकि मई में इनके औसत भाव क्रमश: 467 और 227 डॉलर प्रति टन थे।......  आर एस राणा

05 जुलाई 2018

सरकार का डेढ़ गुना एमएसपी देने का दावा, लेकिन C2 लागत के मुकाबले बढ़ोतरी 25 फीसदी से कम

आर एस राणा
नई दिल्ली। किसानों की आय वर्ष-2022 तक दोगुनी का लक्ष्य लेकर चल रही मोदी सरकार ने खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) द्वारा विपणन सीजन 2017-18 के लिए तय फार्मूले ए2 प्लस एफएल की तुलना में तो डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ाये गए हैं, लेकिन सी2 के मुकाबले अधिकांश फसलों के एमएसपी में 25 फीसदी से भी कम की बढ़ोतरी की गई है।
आम बजट 2018-19 में केद्र सरकार ने कहा था कि रबी फसलों के एमएसपी लागत के डेढ़ गुना तय कर दिए है तथा खरीफ सीजन की फसलों के एमएसपी भी लागत के डेढ़ गुना तय करने का वायदा किया था। केंद्र द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि खरीफ फसलों के एमएसपी लागत के मुकाबले 50.01 फीसदी से 96.97 फीसदी तक बढ़ाये गए हैं। अगर ए2 प्लस एफएल और सी2 के आधार पर गणना करते हैं तो चालू खरीफ में अधिकांश फसलों के एमएसपी ए2 प्लस एफएल के मुकाबले तो 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ाये गए हैं, लेकिन सी2 से तुलन करे तो अधिकांश फसलों के एमएसपी में 25 फीसदी से भी कम की बढ़ोतरी की गई है।
खरीफ की प्रमुख फसल धान में कॉमन ग्रेड के एमएसपी में 200 रुपये की बढ़ोतरी कर एमएसपी 1,750 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है जोकि ए2 प्लस एफएल की तुलना में तो 57.56 फीसदी ज्यादा है लेकिन सी2 के मुकाबले केवल 17.92 फीसदी ही है। इसी तरह से ज्वार का एमएसपी 2,450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जोकि ए2 प्लस एफएल की तुलना में तो 57.45 फीसदी ज्यादा है लेकिन सी2 की तुलना में केवल 17.28 फीसदी ही ज्यादा है।
दलहनी फसलों में मूंग का एमएसपी रबी विपणन सीजन 2018-19 के लिए 6,975 रुपये प्रति क्विंटल तय गया है जोकि ए2 प्लस एफएल के मुकाबले तो 62.73 फीसदी होता है लेकिन सी2 के मुकाबले केवल 22.36 फीसदी ही है। इसी तरह से कपास में मीडियम स्टेपल का एमएसपी 5,150 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जोकि ए2 प्लस एफएल के मुकाबले तो 57.20 फीसदी है लेकिन सी2 के मुकाबले केवल 17.68 फीसदी ही है।
क्रिसिल रेटिंग्स के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकर्ती जोशी के अनुसार केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों के एमएसपी ए2 प्लस एफएल की तुलना में 50 से 97 फीसदी तक बढ़ाये हैं जबकि पिछले साल की तुलना में 4 से 52 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि वेटेड एवरेज के लिहाज से एमएसपी में 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। एमएसपी में बढ़ोतरी से केंद्र सरकार पर करीब 11,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी बढ़ेगी।

एमएसपी तय करने के फार्मूले

न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित करने के लिए सरकार के पास तीन फार्मूले है। इन्हीं में से किसी एक के आधार पर अधिकृत 22 फसलों के एमएसपी घोषित किए जाते हैं। एमएसपी घोषित करते समय अखिल भारतीय स्तर पर विभिन्न राज्यों से संबंधित फसल की खेती की लागत को आधार बनाया जाता है। इसके लिए केंद्र सरकार ने कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) का गठन किया है। सीएसीपी में एक अध्यक्ष और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि इसके सदस्य मनोनीत किए जाते हैं।

फार्मूला ए-2
इस फार्मूले में फसल की खेती में आने वाली कुल लागत को जोड़ा जाता है, जिनमें नकदी खर्च के साथ-साथ दूसरे और तरीके से आने वाले खर्च को भी लागत का हिस्सा माना जाता है। आमतौर पर इसमें किसान की और से खेती में लगाए गए बीज, खाद, कीटनाशक, खेतीहर मजदूरों की मजदूरी, उर्जा (बिजली, डीजल अथवा अन्य ईधन) और सिंचाई पर आने वाला खर्च शामिल किया जाता है।

फार्मूला ए-2 प्लस एफएल
इस फार्मूले में फसल की खेती में आने वाले सभी वास्तविक खर्च के साथ परिवार के लोगो की मजदूरी भी लागत में जोड़ी जाती है। यानि इसमें ए-2 की लागत के साथ खेतीहर परिवार के श्रम को जोड़ा जाता है जोकि आमतौर पर लागत का हिस्सा नहीं माना जाता।

फार्मूला सी-2
तीसरे फार्मूले में खेती की लागत की परिभाषा को काफी व्यापक कर दिया गया है, इसमें उपर के दोनों फार्मूलों से अलग प्रावधान है। लागत में ए-2 प्लस एफएल के साथ बटाई पर ली गई जमीन का किराया अथवा अपनी खेती होने की दशा में खेती के मूल्य का ब्याज भी जोड़ा जायेगा। ब्याज की दर फिक्स डिपॉजिट के आधार पर तय होगी।
​
केंद्र सरकार ने क्या-क्या जोड़ा
सभी लागत सहित जैसे मजदूरी, पशु श्रम-मशीन श्रम, भूमि का पट्टा-किराया, बीज, उर्वरक, खाद, सिंचाई लागत, अवमूल्यन एवं विविध कृषि खर्च और परिवार के सदस्यों के श्रम की लागत ...........  आर एस राणा

धान के एमएसपी में 200 रुपये की बढ़ोतरी, ​लागत का डेढ़ तय करने का था दावा

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू साल के अंत तक कई राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र सरकार किसानों की नाराजगी मोल नहीं लेना चा​हती। इसीलिए केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 200 रुपये प्र​ति क्विंटल की बढ़ोतरी कर सामान्य किस्म के धान का एमएसपी 1,750 रुपये और ग्रेड ए किस्म के धान का एमएसपी 1,770 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की ने खरीफ की 14 फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी पर मुहर लगाई। अन्य खरीफ फसलों में मोटे अनाजों में ज्वार, बाजरा, मक्का तथा दलहनी फसलों अरहर, उड़द और मूंग के अलावा तिलहनी फसलों सोयाबीन के अलावा मूंगफली के एमएसपी घोषित किए गए हैं।
पीटीआई के अनुसार विपणन सीजन 2018-19 के लिए कपास में (मीडियम स्टैपल) का एमएसपी बढ़ाकर 5,150 रुपये और लौंग स्टेपल का 5,450 रुपये प्रति क्विंटल तय कर दिया है। खरीफ विपणन सीजन 2017-18 में मीडियम स्टेपल कपास का एमएसपी 4,020 रुपये और लौंग स्टपेल कपास का एमएसपी 4,320 रुपये प्रति क्विंटल था।
खरीफ दलहन की प्रमुख फसल अरहर का एमएसपी बढ़ाकर 5,675 रुपये प्रति क्विंटल तय कर दिया है जबकि पिछले खरीफ में इसका एमएसपी 5,450 रुपये प्रति क्विंटल था। इसी तरह से मूंग का एमएसपी 5,575 रुपये से बढ़ाकर 6,975 रुपये, और उड़द का एमएसपी 5,400 रुपये से बढ़ाकर 5,600 रुपये प्रति क्विंटल तय कर दिया है। खरीफ फसलों के समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोतरी से सब्सिडी का बोझ 11,000 करोड़ बढ़ने का अनुमान है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) किसानों से धान की बड़े पैमाने पर खरीद करती है। चालू खरीफ में धान की रोपाई चल रही है, हालांकि कई राज्यों में प्री-मानसून की बारिश कम होने से धान की रोपाई पिछले साल की तुलना में पिछड़ी है।
खरीफ विपणन सीजन 2018-19 के लिए ज्वार का एमएसपी बढ़ाकर 2,430 रुपये, बाजरा का 1,950 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। पिछले खरीफ सीजन में ज्वार का एमएसपी 1,725 रुपये और बाजरा का 1,425 रुपये प्रति क्विंटल था।
तिलहनी फसलों में सोयाबीन का एमएसपी खरीफ​ विपणन सीजन 2018-19 के लिए 3,399 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जबकि पिछले खरीफ में इसका एमएसपी 3,050 रुपये प्रति क्विंटल था। मूंगफली का एमएसपी 4,450 रुपये से बढ़ाकर 4,890 रुपये, सनफ्लावर का 4,100 रुपये से बढ़ाकर 5,388 रुपये, रागी का एमएसपी 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,897 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। खरीफ विपणन सीजन 2018-19 के लिए शीसम सीड का एमएसपी 5,300 रुपये से बढ़ाकर 6,249 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।.............  आर एस राणा

04 जुलाई 2018

गैर-बासमती चावल के निर्यात में 35 फीसदी की बढ़ोतरी, बासमती चावल का घटा

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष 2018-19 के पहले दो महीनों अप्रैल-मई के दौरान जहां गैर-बासमती चावल के निर्यात में 35 फीसदी की बढ़ोतरी होकर कुल निर्यात 14.35 लाख टन का हुआ है वहीं बासमती चावल का निर्यात घटकर इस दौरान 7.54 लाख टन का ही हुआ है।
कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अनुसार चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-मई में गैर बासमती चावल का निर्यात बढ़कर 14.35 लाख टन का हो चुका है, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की समान अवधि में इनका निर्यात केवल 10.66 लाख टन का ही हुआ था। बासमती चावल का निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों अप्रैल-मई में घटकर 7.54 लाख टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 के अप्रैल-मई में बासमती चावल का निर्यात 7.97 लाख टन का हुआ था।
एपीडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि थाइलैंड और वियतनाम समेत अन्य देशों में गैर-बासमती चावल का स्टॉक कम होने के कारण भारत से निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। रुपये के मुकाबले डॉलर की मजबूती से निर्यातकों को पड़ते भी अच्छे लग रहे हैं। इसलिए आगे भी निर्यात मांग अच्छी रहने का अनुमान है। 
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार मूल्य के हिसाब से गैर बासमती चावल का निर्यात बढ़कर चालू वित्त वर्ष 2018-19 के पहले दो महीनों अप्रैल-मई में 4,013 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2,772 करोड़ रुपये का ही निर्यात हुआ था। बासमती चावल का निर्यात भले ही मात्रा में इस दौरान कम हुआ है लेकिन मूल्य के हिसाब से 6 फीसदी बढ़ा ही है। मूल्य के हिसाब से चालू वित्त के अप्रैल-मई में बासमती चावल का निर्यात 5,427 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि पिछले पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,108 करोड़ रुपये मूल्य का ही निर्यात हुआ था।
चावल कारोबारी रामनिवास खुरानिया ने बताया कि कैथल मंडी में पूसा 1,121 बासमती चावल सेला का भाव 6,500 से 6,700 रुपये और पूसा 1,509 बासमती चावल सेला का भाव 6,000 से 6,200 रुपये प्रति क्विंटल है। पूसा 1,121 बासमती धान का भाव मंडी में 3,600 से 3,700 रुपये प्रति क्विंटल है। उन्होंने बताया कि बासमती चावल में निर्यात मांग कम होने के कारण धान में मिलों की मांग भी कमजोर है। मौसम विभाग ने चालू खरीफ में मानसूनी बारिश ज्यादा होने का अनुमान है।..............  आर एस राणा