कुल पेज दृश्य

04 जनवरी 2012

रबी फसल की अच्‍छी संभावनाएं, 2011-12 के लिए अनाज उत्‍पादन का लक्ष्‍य 245 लाख मीट्रिक

टनजलवायु के अनुकूल फसल के लिए राष्‍ट्रीय प्रयास की शुरूआत

वार्षिक समीक्षा

कृषि

देश के कुछ भागों में अनुकूल मौसम न होने के बावजूद वर्ष 2011-12 में रबी फसल की अच्‍छी संभानाएं हैं। इस वर्ष के अनाज उत्‍पादन के लक्ष्‍य 245 लाख मीट्रिक टन को प्राप्‍त करने के सभी प्रयास किये जा रहे हैं। देश के मौजूदा क्षेत्र और फसल की अच्‍छी स्थिति को देखते हुए लगता है कि एक बार और अनाज का रिकॉर्ड उत्‍पादन होगा।

2011-12 में अनाज उत्‍पादन का परिदृश्‍य

· पहले अग्रिम अनुमानों के अनुसार 2011-12 में अनाज का उत्‍पादन (केवल ख़रीफ़ फसल) 12.395 करोड़ टन होगा, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड होगा। इसका मुख्‍य कारण देश में चावल के उत्‍पादन में बढ़ोतरी होना है।

· ख़रीफ़ फसल में नौ तिलहनों का 208.86 लाख टन का रिकॉर्ड उत्‍पादन होने का अनुमान है, जो 2010-11 के मुकाबले लगभग 0.2 प्रतिशत ज्‍यादा होगा। इसका कारण अरंडी (कैस्‍टर) के बीज का अधिक उत्‍पादन होना है।

· इस वर्ष गन्‍ने का उत्‍पादन लगभग 34.22 करोड़ टन होने का अनुमान है, जबकि 2010-11 में गन्‍ने का उत्‍पादन लगभग 33.92 करोड़ टन था।

· कपास का उत्‍पादन 361.02 लाख गांठें (170 किलोग्राम प्रति गांठ) होने का अनुमान है, जबकि 2010-11 में यह उत्‍पादन 334.25 लाख गांठें (चौथा अग्रिम अनुमान) था।

धन का आबंटन

· वर्ष 2011 में पूर्वी भारत के गैर-राष्‍ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जिलों में हरित क्रांति जारी रखने के लिए राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत चार सौ करोड़ रुपये आवंटित किये गए।

· 2011-12 के बजट में सरकार ने रागी का उत्‍पादन बढ़ाकर पौष्टिकता सुरक्षा के लिए पहल के अंतर्गत पौष्टिक अनाजों के संवर्धन के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि रखी। यह योजना राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना की उप-योजना है।

· राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत चालू वर्ष के लिए 7810.87 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिसमें से 5221.11 करोड़ रुपये की राशि 25.12.2011 तक जारी कर दी गई है।

· वर्षा सिंचित क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 132.50 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जो 0.66 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र के लिए है।

· राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 60 हजार हेक्‍टेयर भूमि में ताड़ (पाम) की खेती के लिए 2011-12 में आबंटित 300 करोड़ रुपये की राशि में से राज्‍यों को 248.79 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। फसल क्षेत्र के विस्‍तार, नई फसलों की बुआई, सहायता के नमूने, अनुसंधान और विकास, संस्‍थागत सम्‍पर्क, निगरानी और जरूरत वाले राज्‍यों में प्रोसेसिंग सुविधाएं शुरू करने के लिए कृषि मंत्रालय द्वारा राज्‍यों के लिए अलग-अलग लक्ष्‍य निर्धारित करने की नीति अपनाई जा रही है।

· गुणवत्‍तापूर्ण बीजों के उत्‍पादन और वितरण के लिए बुनियादी ढांचों के विकास और सुदृ‍ढ़ीकरण की योजना के विभिन्‍न हिस्‍सों के अंतर्गत 1936.53 करोड़ रुपये की राशि (30.11.11 तक) अनुदान सहायता के रूप में जारी की गई।

अन्‍य नीतियां और उपलब्धियां

· 2011-12 के दौरान लगभग पाँच लाख हेक्‍टेयर कम उन्‍नत भूमि के विकास का लक्ष्‍य रखा गया है। इसमें से विभिन्‍न जलसंभरण विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत अब तक 3.25 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र का विकास किया जा चुका है।

· कपास के निर्यात को 01.10.2011 से मुक्‍त सामान्‍य लाइसेंस (ओजीएल) के अंतर्गत कर दिया गया है।

· गेहूं और चावल के भंडार की अच्‍छी स्थिति को देखते हुए मंत्रालय ने इनके निर्यात पर से प्रतिबंध हटाने की सिफारिश की है।

· सितम्‍बर 2011 से मुक्‍त सामान्‍य लाइसेंस के अंतर्गत गेहूं के निर्यात की अनुमति दी गई है। इस पर अक्‍तूबर 2007 से प्रतिबंध था।

· प्‍याज का निर्यात इसकी घरेलू उपलब्‍धता और मूल्‍य पर निर्भर करता है। फिलहाल न्‍यूनतम निर्यात मूल्‍य 250 डॉलर प्रति टन की दर से प्‍याज के निर्यात की अनुमति है।

· बीज के विकास के स्‍वत: मार्ग के अंतर्गत कृषि के लिए विदेशी प्रत्‍यक्ष निवेश की नीति में संशोधन करके 100 प्रतिशत प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति दे दी गई है।

डेरी विकास क्षेत्रक) सघन डेरी विकास कार्यक्रम - इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्‍न राज्‍यों के 28,350 गांवों में प्रति दिन के हिसाब से 21.64 लाख लीटर से अधिक दूध की खरीद की गई है और लगभग 17.81 लीटर प्रति दिन के हिसाब से बिक्री की गई है। इससे लगभग 19.14 लाख किसानों को लाभ पहुंचा है। 2010-11 में इस योजना के अंतर्गत 21.65 लाख प्रति दिन की दूध शीतन क्षमता और 26.70 लाख लीटर प्रति दिन की प्रोसेसिंग क्षमता विकसित की गई है।

ख) गुणवत्‍तापूर्ण और स्‍वच्‍छ दूध उत्‍पादन के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास - यह योजना 235 जिलों में लागू है। इसके अंतर्गत 6.06 लाख किसानों को प्रशिक्षित किया गया है। 37.85 लाख लीटर प्रति दिन की शीतन क्षमता के साथ 1286 विशाल दूध शीतलक (कूलर) स्‍थापित किये गए हैं और मौजूदा 1910 प्रयोगशालाओं को और मजबूत किया गया है।

ग) डेरी उद्यम विकास योजना – यह योजना कृषि और ग्रामीण विकास राष्‍ट्रीय बैंक के माध्‍यम से लागू की जा रही है। 2010-11 के दौरान 1978 डेरी यूनिटों को वापसी समाप्ति (बैक एंडेड) की पूंजी सब्सिडी के लिए मंजूर किया गया। इन स्‍वीकृत डेरी यूनिटों को 969.17 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई।

पशुधन स्‍वास्‍थ्‍य और रोग निदान कार्यक्रम

पशुधन स्‍वास्‍थ्‍य और रोग निदान कार्यक्रम के अधीन सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इसके अधीन बीमारियों की रोकथाम के लिए 8.10 करोड़ टीके दिए गए हैं। देश को रिंडरपेस्‍ट रोग और प्‍लूरो-निमोनिया (सीबीपीपी) रोगों से मुक्‍त रखा गया है। रोगों की रोकथाम के लिए 5.50 करोड़ एफएमडी टीके लगाए गए और एंटीबॉडी की जांच के लिए 40,000 सीरम सैम्‍पल इकट्ठा किए गए। बीमारियों पर आधारित रिपोर्ट के लिए कंम्‍प्‍यूटरीकृत प्रणाली के लिए उपयोग के अनुसार सॉफ्टवेयर का विकास किया जा रहा है। ब्रूसिलोसिस के नियंत्रण के लिए राज्‍यों/केंद्र शासित प्रदेशों को 11.23 करोड़ रूपये उपलब्‍ध कराए गए हैं।

कुक्‍कुट विकास

पशुपालन विभाग से प्राप्‍त आंकड़ों के अनुसार इस समय भारत में कुक्‍कुट की संख्‍या 64.88 करोड़ है और देश में लगभग 59.84 अरब अंडे का उत्‍पादन होता है। इस समय देश में प्रति वर्ष और प्रति व्‍यक्ति लगभग 51 अंडे उपलब्‍ध होते हैं। एक अनुमान के अनुसार देश में 20.30 लाख टन कुक्‍कुट के मांस का उत्‍पादन होता है। कृषि और प्रसंस्‍कृत खाद्य उत्‍पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) के अनुसार वर्ष 2010-11 में लगभग 301 करोड़ रूपये मूल्‍य के कुक्‍कुट उत्‍पादों का निर्यात किया गया।

पशुधन बीमा

पशुधन बीमा योजना के अधीन नवंबर 2010 तक 2.19 लाख पशुओं का बीमा किया गया है।

मछली पालन क्षेत्र

भारत विश्‍व का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्‍पादक देश है, जो वैश्विक उत्‍पादन में 5.54 प्रतिशत का योगदान करता है। एक अनुमान के अनुसार वर्ष 2010-11 के दौरान कुल मछली उत्‍पादन 82.90 लाख टन है, जिसमें अंतर्देशीय क्षेत्र से 50.70 लाख टन और समुद्री क्षेत्र से 32.20 लाख टन का योगदान है।

कृषि अनुसंधान और शिक्षा

सरकार ने कृषि अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्‍वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसमें अरहर के जीनोम को डिकोड करना, बोरलौग इंस्‍टीट्यूट फॉर साउथ एशिया (बीआईएसए) स्‍थापित करना तथा जलवायु आधारित कृषि पर राष्‍ट्रीय पहल (एनआईसीआरए) की शुरूआत करना शामिल है। (PIB)

03 जनवरी 2012

पिछली तिमाही में सोना आयात घटा

अक्टूबर-दिसंबर के दौरान सोने का आयात 281 टन से घटकर 125 टन रह गया

तेजी का असर
बीते वर्ष 2011 में आयात 8.4' गिरकर 878 टन रहा
रिकॉर्ड कीमत होने के कारण सोने की खरीद में कमी दर्ज
त्योहारी सीजन होने के बावजूद सोने की मांग गिरी

भारत में चौथी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में सोने का आयात 56 फीसदी घटकर 125 टन रह गया। बीते साल में जनवरी से दिसंबर तक सोने के आयात में 8.4 फीसदी की कमी दर्ज की गई। ऊंची कीमत और ज्यादा ब्याज दरों के चलते सोने की मांग में यह कमी आई है।

मुंबई बुलियन एसोसिएशन अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी ने बताया कि भारत में लोगों का सोने के प्रति सदियों से गजब का आकर्षण रहा है। वर्ष 2011 में भारत में सोने का आयात 878 टन का रहा जबकि वर्ष 2010 के दौरान यह 958 टन रहा था। वल्र्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) ने नवंबर में कहा था कि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले देश भारत से सोने की खरीद चौथी तिमाही में बढ़ जाएगी।

लेकिन आयात में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2010 की समान अवधि के दौरान भारत से सोने की खरीद 281 टन रही थी। कुल मिलाकर बीते साल में सोने का भारत में आयात 1,000 टन से ज्यादा का रहा था।

कैलेंडर वर्ष 2011 की अंतिम तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में त्योहारी मांग और शादियों के सीजन की मांग निकलने से सामान्य तौर पर सोने की मांग ज्यादा रहती है। यह दुर्लभ ही होता है कि तीसरी तिमाही के मुकाबले चौथी तिमाही में सोने की मांग में कमी दर्ज की जाए। कोठारी ने कहा कि वर्ष 2010 के मुकाबले वर्ष 2011 में अक्टूबर से लेकर दिसंबर तक सोने की मांग में जबरदस्त कमी आई। उन्होंने कहा कि लोग नवंबर में भी सोने की बिक्री कर रहे थे। (Business Bhaskar)

ताजा बारिश से गेहूं की फसल को होगा फायदा

बिजनेस भास्कर नई दिल्ली

रबी की दूसरी फसलें
हाल ही में हुई बारिश से गेहूं के अलावा अन्य रबी फसलों को भी फायदा होगा। इससे चना, सरसों और अन्य फसलों के प्रति हैक्टेयर उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी। - पी. के. बसु,कृषि सचिव

देश के कई राज्यों में पिछले दो दिनों में हुई बारिश से गेहूं के अलावा अन्य रबी फसलों को फायदा हुआ है। उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कई जिलों में पिछले दो दिनों में बारिश हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गेहूं के प्रमुख उत्पादक राज्यों पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले एक-दो दिनों में और बारिश होने की संभावना जताई है।

गेहूं अनुसंधान निदेशालय (डीडब्ल्यूआर) की प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि देश के कुछ हिस्सों में पिछले दो दिनों में हल्की बारिश हुई है जिससे गेहूं की फसल को फायदा हुआ है। इस समय गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में पौधे का दाना विकसित हो रहा है। मौजूदा मौसम गेहूं के दाने के अच्छे विकास में सहायक साबित होगा। उधर, मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। जिससे गेहूं के प्रति हैक्टेयर उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने बताया कि चालू रबी में गेहूं के उत्पादन का अनुमान 860 लाख टन होने का है तथा अभी तक मौसम फसल के अनुकूल बना हुआ है। कृषि सचिव पी. के. बसु ने सोमवार को दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि हाल ही में हुई बारिश से गेहूं के अलावा अन्य रबी फसलों को भी फायदा होगा।
इससे गेहूं, चना, सरसों और अन्य फसलों के प्रति हैक्टेयर उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि चालू रबी में फसलों की बुवाई अच्छी हुई है तथा मौसम अनुकूल है इसीलिए खाद्यान्न के रिकार्ड उत्पादन की संभावना है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू रबी में गेहूं की बुवाई 276.43 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 277.95 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई थी। चालू रबी में प्रमुख उत्पादक राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बुवाई में कमी आई है लेकिन मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में बुवाई बढ़ी है।

गेहूं के सबसे बड़े उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में चालू रबी में गेहूं की बुवाई 90.75 लाख हैक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल की समान
अवधि में 94.90 लाख हैक्टेयर में हुई थी। पंजाब में चालू रबी में 34.98 लाख हैक्टेयर में और हरियाणा में 24.97 लाख हैक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इन राज्यों में क्रमश: 35 लाख हैक्टेयर और 25.1 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई थी। कृषि मंत्रालय ने पहले आरंभिक अनुमान में गेहूं के उत्पादन का अनुमान 840 लाख टन का लगाया है जबकि वर्ष 2010-11 में 859.3 लाख टन का उत्पादन हुआ था। (Business Bhaskar....R S Rana)

नए साल में भी सोना उगलेंगे गोल्ड फंड

मुंबई गोल्ड फंडों के इनवेस्टरों को सोने के दाम में तेजी का खूब

फायदा मिला है। सोने में निवेश करने वाले म्यूचुअल फंडों ने रिटर्न के मामले में इक्विटी और बॉन्ड फंडों को पीछे छोड़ दिया है। इक्विटी फंड बाजार में कमजोरी के चलते पिट गए और बॉन्ड फंड ब्याज दरों में बदलाव में उलझ गए। लेकिन गोल्ड फंडों ने 2011 के अंत में निवेशकों को 30 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया।

रिटर्न और एसेट बेस में ग्रोथ के लिहाज से ज्यादातर फंड हाउस की रिपोर्ट कार्ड बेहद खराब रही। लेकिन एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) और गोल्ड फंड ऑफ फंड्स (एफओएफ) समेत गोल्ड फंडों ने उनकी लाज बचाने का काम किया। वैल्यू रिसर्च के डाटा के मुताबिक पिछले एक साल में ज्यादातर गोल्ड फंडों में 27-31 फीसदी का उछाल आया। दूसरी ओर इसी अवधि में लार्ज-कैप इक्विटी फंड, शॉर्ट-टर्म बॉन्ड फंड और इनकम फंडों ने क्रमश: 23 फीसदी, 9.04 फीसदी और 8.2 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया।

एम्फी के अनुसार जनवरी और नवंबर के बीच गोल्ड ईटीएफ का एसेट बेस 167 फीसदी उछलकर 9,658 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। दो साल के लिहाज से देखने पर यह आंकड़ा और मजबूत दिखता है। दो साल में गोल्ड म्यूचुअल फंड एसेट में करीब 570 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) के लिहाज से गोल्डमैन सैक्स (पहले बेंचमार्क एसेट मैनेजमेंट), रिलायंस म्यूचुअल फंड और कोटक म्यूचुअल फंड सबसे ज्यादा फायदे में रहीं।

सोने के दाम बढ़ने की वजह से गोल्ड ईटीएफ और गोल्ड फंड ऑफ फंड्स (गोल्ड ईटीएफ में पैसा लगाने वाले फंड) ने ज्यादा रिटर्न दिया। फंड मैनेजरों का कहना है कि गोल्ड प्राइस बढ़ने से गोल्ड फंडों की शोहरत बढ़ी है। सोना जनवरी में 20,585 रुपए प्रति दस ग्राम से बढ़कर नवंबर में 29,140 रुपए पर पहुंच गया। हालांकि, थोड़ा गिरकर यह दिसंबर अंत में 26,570 रुपए पर रहा।

देश की सबसे बड़ी गोल्ड लोन कंपनी चलाने वाले मण्णापुरम ग्रुप के चेयरमैन वी पी नंदकुमार ने कहा, 'साल के अंत में गोल्ड का भाव इसलिए गिरा, क्योंकि डेवलप मार्केट में हॉलिडे सीजन था। साथ ही गोल्ड में निवेश करने वाले विदेशी इनवेस्टमेंट फंडों के साल के अंत में होने वाले सेटलमेंट की वजह से ऐसा हुआ।'

ज्यादातर एक्सपर्ट का कहना है कि अगले एक साल के दौरान सोने की कीमतों में तेजी बनी रहेगी। यूरोप में इकनॉमिक हालात ठीक नहीं हैं और उभरते हुए बाजारों में इनफ्लेशन का दबाव डरा रहा है, ऐसे में गोल्ड के प्रति लगाव जारी रहेगा। एनालिस्ट कह रहे हैं कि डॉलर की मजबूती के बाद भी सोना चमकता रहेगा।(ET Hindi)

इस साल लंबे व छोटे रेशे वाले कपास का आयात बढ़ेगा!

मुंबई January 02, 2012




साल 2002 में बीटी जीन की खोज के बाद वैश्विक स्तर पर कपास उत्पादन के मामले में भारत भले ही दूसरे स्थान पर पहुंच गया हो, लेकिन तब से अच्छी गुणवत्ता वाले कपास का उत्पादन घटा है, इसलिए इसकी जरूरतें पूरा करने के लिए देश को आयात करना पड़ता है।
इसके परिणामस्वरूप अनुमानित तौर पर अतिरिक्त लंबे रेशे वाले कपास का आयात मौजूदा कपास वर्ष (अक्टूबर 2011-सितंबर 2012) में बढ़कर 17 लाख गांठ हो गया है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 90 फीसदी ज्यादा है। कपड़ा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कपास वर्ष (अक्टूबर 2010-सितंबर 2011) में 9 लाख गांठ अतिरिक्त लंबे रेशे वाले कपास का आयात हुआ था।
कपड़ा आयुक्त ए बी जोशी ने कहा - बीटी के जरिए वास्तव में लंबे रेशे वाले कपास का उत्पादन बढ़ा है, लेकिन अतिरिक्त लंबे व छोटे रेशे वाले कपास जैसी किस्मों का उत्पादन पिछले कुछ सालों में घटा है क्योंकि किसानों ने उच्च पैदावार वाले बीटी कपास को अपना लिया है। किसानों के पास हालांकि उच्च पैदावार वाले अतिरिक्त लंबे व छोटे रेशे वाले कपास की ओर जाने का विकल्प खुला है, अगर उन्हें यह लाभकारी नजर आए।
इस बीच, बीटी की खोज के बाद छोटे रेशे वाले कपास का उत्पादन (जिसका इस्तेमाल अस्पताल व अन्य महत्वपूर्ण काम में होता है) लगातार घट रहा है और यह साल 2003-04 के 7.6 लाख गांठ से घटकर साल 2009-10 में 4 लाख गांठ पर आ गया। किसानों में दिलचस्पी न होने के चलते उसके बाद से उत्पादन कमोबेश स्थिर है।
इसी तरह अतिरिक्त लंबे रेसे वाले कपास (स्पेशल फैब्रिक के विनिर्माण में इस्तेमाल) का उत्पादन भी साल 2003-04 में 5.55 लाख गांठ था, जो साल 2009-10 में घटकर 5 लाख गांठ रह गया है। पिछले तीन साल में हालांकि उत्पादन स्थिर है। जोशी ने कहा कि सबकुछ मांग व आपूर्ति के मानदंडों पर निर्भर करता है। अगर इसकी मांग हो और लंबे व छोटे रेशे वाले कपास की कीमतें बढ़े तो किसान तत्काल इसके उत्पादन में जुट जाएंगे। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष धीरेन सेठ के मुताबिक, छोटे रेशे वाले कपास का रकबा जीएम कपास की घुसपैठ के चलते घटा है। इसके अलावा इस किस्म के कपास का उत्पादन भी कम हुआ है और इस क्षेत्र पर ध्यान दिए जाने की दरकार है ताकि हमें इसकी किल्लत का सामना न करना पड़े।
इस बीच, इस साल कपास की फसल के लिए मौसम की स्थिति मोटे तौर पर ठीक है, जिसके चलते बेहतर पैदावार की उम्मीद है। इस साल रकबा 8 लाख हेक्टेयर बढ़कर 11.42 लाख हेक्टेयर हो गया है। किसानों को साल 2009-10 में ऊंची कीमतों का काफी लाभ मिला था। आज के समय में कपास के कुल रकबे में से 90 फीसदी में बीटी कपास का इस्तेमाल हो रहा है।
हाल के वर्षों में कपास उत्पादन में काफी बढ़ोतरी हुई है क्योंकि जीएम कपास के तहत रकबा काफी बढ़ा है। साल 2010-11 में भी यह रुख जारी रहा , जब उत्पादन बढ़कर 325 लाख गांठ हो गया। इस साल हालांकि कपास सलाहकार बोर्ड का मानना है कि कुल उत्पादन 356 लाख गांठ होगा। (BS Hindi)

नारियल तेल की कीमतों में गिरावट का रुख

कोच्चि January 02, 2012




सबसे बड़े उत्पादक राज्य तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में नारियल का उत्पादन बढऩे के चलते मौजूदा समय में नारियल तेल की कीमतों में गिरावट का रुख है। पिछले कुछ दिनों से इसकी थोक कीमतें यहां 7650 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास स्थिर नजर आ रही है। बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि कीमत के मोर्चे पर बढ़त की संभावना फिलहाल नहीं है, बल्कि उत्पादन में बढ़ोतरी के चलते इसमें गिरावट आ सकती है।
इस महीने के आखिर तक केरल में कोपरा और नारियल तेल के उत्पादन का सीजन शुरू होगा और मार्च तक यह अपने उफान पर पहुंच जाएगा। ऐसे में केरल से इसकी आपूर्ति अगले महीने से बढऩे की संभावना है और आंध्र प्रदेश व तमिलनाडु का हाल भी कुछ ऐसा ही है। तमिलनाडु के कनकायम में मौजूदा कीमतें 7400-7500 रुपये है और कारोबारी केरल में इसकी आपूर्ति 7600 रुपये प्रति क्विंटल पर करने के लिए तैयार हैं। ऐसे में केरल में तेल उत्पादक और मुख्य कारोबारी प्रसंस्करण व उत्पादन की बजाय तमिलनाडु से खरीदे गए नारियल तेल की बिक्री को प्राथमिकता दे रहे हैं।
पिछली मई में नारियल तेल की कीमतें 10,400 रुपये प्रति क्विंटल के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई थीं और उसके बाद से कीमतों में गिरावट नजर आ रही है। कोचीन ऑयल मर्चेंट्स एसोसिएशन (सीओएमए) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2010 में कीमतें 7500 रुपये के न्यूनतम स्तर पर आ गई थीं, नवंबर 2010 में हालांकि यह 8400 रुपये पर पहुंच गई थीं। नारियल तेल का भाव दिसंबर 2010 में 8300 रुपये प्रति क्विंटल था। तमिलनाडु से आपूर्ति बढऩे और मांग में आई तेज गिरावट के बाद दिसंबर के आखिरी हफ्ते में कीमतें 8000 रुपये से नीचे चली गईं। 27 दिसंबर को नारियल तेल गिरकर 7750 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया था और उसके बाद यह और लुढ़कर 7650 रुपये पर आ गया।
सीओएमए के अध्यक्ष तलत एम के मुताबिक, उत्तर भारत से मांग घटने के चलते दिसंबर में कीमतों पर बहुत ज्यादा असर पड़ा। ऐसा मुख्य तौर पर वहां जाड़े के मौसम के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मानदंडों के हिसाब से कीमतें थोड़े बहुत उतारचढ़ाव के बाद स्थिरता की ओर बढ़ेंगी। चूंकि अगले महीने से केरल से आपूर्ति बढ़ेगी, लिहाजा बाजार को उम्मीद है कि इसमें और गिरावट आएगी।
इस बीच, पाम तेल की कीमतें थोक कारोबार में बढ़कर 7000-7100 रुपये प्रति क्विंटल हो गई हैं, जो नारियल तेल की कीमतों को स्थिरता प्रदान कर रहा है। अगर पाम तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो यह नारियल तेल के बाजार पर बुरा असर डालेगा क्योंकि आम लोगों का झुकाव पाम तेल की तरफ हो जाएगा। सबरीमाला के अयप्पा मंदिर की तरफ से भी नारियल की आपूर्ति बढ़ गई है। यहां हजारों श्रद्धालू नारियल चढ़ाते हैं, जो बाद में बाजार पहुंच जाता है।
तमिलनाडु और केरल में भी नारियल के उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसे तोडऩे व प्रसंस्करण करने के लिए मजदूरों की किल्लत है, जो सबसे बड़ा अवरोध बन गया है। एक महीने पहले नारियल की कीमतें 12-14 रुपये थीं, जो अब घटकर 7-8 रुपये रह गई हैं। गर्मी के मौसम में कच्चे नारियल की मांग में अच्छी बढ़ोतरी का अनुमान है। इस समय कच्चे नारियल की कीमत पहले ही बढ़कर 20 रुपये पर पहुंच गई हैं, जो गर्मी के दौरान 25 रुपये पर पहुंच सकती है। केरल की कुल मांग के बड़े हिस्से की आपूर्ति तमिलनाडु से होती है। नारियल किसान कच्चे नारियल की बेहतर मांग का इंतजार कर रहे हैं। (BS Hindi)