नई दिल्ली। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने देश में चीनी की आपूर्ति की समग्र स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर घरेलू चीनी उत्पादन, उपलब्ध स्टॉक, खपत के रुझान और आयात की स्थिति का जायजा लिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए प्रह्लाद जोशी ने बताया कि बैठक में चीनी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसमें चीनी उत्पादन का अनुमान, थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की सीमा और थोक उपभोक्ताओं द्वारा रिफाइंड चीनी के आयात जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में चीनी के स्टॉक का प्रभावी प्रबंधन करने, घरेलू मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं के लिए चीनी की पर्याप्त और स्थिर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
यह समीक्षा ऐसे समय में की गई है, जब केंद्र सरकार घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता का आकलन करने और खपत की जरूरतों के अनुरूप आपूर्ति प्रबंधन पर जोर दे रही है। हालांकि, मंत्री ने अपनी पोस्ट में चीनी के आयात को लेकर किसी विशेष निर्णय या थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की मौजूदा समय सीमा में कोई बदलाव करने की जानकारी नहीं दी।
पहली अक्टूबर 2026 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2026-27 सीजन में देश में चीनी के घरेलू उत्पादन में कमी आने की आशंका है, ऐसे में आयात पर निर्भर बढ़ने की उम्मीद है।
देश में चीनी की सालाना खपत करीब 285 से 290 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि इसके उत्पादन में कमी आने की आशंका है। इसलिए घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए चीनी का आयात बढ़ने का अनुमान है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में मौसम संबंधी अनिश्चितताओं के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश में उत्पादन अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें