कुल पेज दृश्य

28 नवंबर 2026

चालू रबी में फसलों की कुल बुआई 261 लाख हेक्टेयर के करीब - कृषि मंत्रालय

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन में फसलों की बुआई में बढ़ोतरी होने लगी है। 20 नवंबर तक रबी सीजन 2026-27 में फसलों की कुल बुआई 260.97 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 290.80 लाख हेक्टेयर में हुई थी। हालांकि बुआई पिछले साल की तुलना में अभी भी 10.26 फीसदी पीछे चल रही है।


कृषि मंत्रालय के अनुसार रबी फसलों की बुआई धीरे, धीरे बढ़ोतरी होने लगी है तथा आगामी दिनों में इसकी बुआई में और सुधार आयेगा।

मंत्रालय के अनुसार 20 नवंबर तक देशभर के उत्पादक राज्यों में सरसों की बुआई 71.05 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 71.23 लाख हेक्टेयर की तुलना में 0.26 फीसदी कम है।

मूंगफली की बुआई पिछले साल के 1.10 हेक्टेयर के मुकाबले घटकर 1.08 हेक्टेयर में ही हुई है। हालांकि, कुल तिलहन का रकबा पिछले साल के 73.99 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 0.06 फीसदी घटकर 73.94 हेक्टेयर में ही हुई है। अलसी की बुआई चालू रबी में बढ़कर 1.18 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 92 हजार हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी।

रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई चालू रबी सीजन में 20 नवंबर तक 17.23 फीसदी घटकर 98.65 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 119.18 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी।

20 नवंबर तक देशभर के राज्यों में धान की रोपाई 8.29 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो एक साल पहले के 9.12 लाख हेक्टेयर से 9.09 फीसदी से ज्यादा पीछे चल रही है।

चालू रबी सीजन में दलहन का कुल रकबा पिछले साल के मुकाबले 6.34 फीसदी घटकर 63.14 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई है, जबकि पिछले साल इस समय इनकी बुआई 67.41 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। इस दौरान चना की बुआई 41.35 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 48.45 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी।

मसूर की बुआई चालू रबी में बढ़कर 11.10 लाख हेक्टेयर में, मटर की 5.68 लाख हेक्टेयर में और उड़द की 98,000 हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.96 लाख हेक्टेयर में, 5.53 लाख हेक्टेयर में और 87 हजार हेक्टेयर में हुई थी।

मोटे अनाज की बुआई चालू सीजन में घटकर 16.95 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले इस समय तक इनकी बुआई 21.10 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। ज्वार और मक्का दोनों की बुआई क्रमशः: 9.29 लाख हेक्टेयर और 5 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 12.52 लाख हेक्टेयर और 5.11 लाख हेक्टेयर में हुई थी।

जौ की बुआई चालू रबी सीजन में घटकर 1.65 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 2.83 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं: