नई दिल्ली। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) की कार्यकारी समिति ने 25 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में पहली अक्टूबर से शुरू हुए पेराई सीजन 2026-27 के दौरान देश में 265 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है।
इस्मा के इस आकलन में जुलाई से नवंबर 2026 तक के क्षेत्रफल को दर्शाने वाली मासिक सैटेलाइट तस्वीरों, मैदानी सर्वेक्षणों, चीनी मिलों और किसानों से प्राप्त फीडबैक, वर्षा के पैटर्न, फसल की स्थिति, सिंचाई की उपलब्धता, मौजूदा पेराई की स्थिति तथा अनुमानित गन्ना उपज और चीनी रिकवरी को ध्यान में रख कर अनुमान जारी किया है।
इसके अलावा, राज्यवार और अखिल भारतीय स्तर पर उत्पादन का अनुमान तैयार करने के लिए जिला-स्तरीय विश्लेषण, फसल के प्रकार का आकलन तथा सैटेलाइट आधारित रिग्रेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/मशीन लर्निंग मॉडल सहित कई आकलन पद्धतियों का उपयोग किया गया।
इस्मा के अनुसार सीजन आगे बढ़ने के साथ इस अनुमान में संशोधन किया जा सकता है। इसकी तुलना में 2025-26 चीनी सीजन में लगभग 32.5 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किए जाने के बाद शुद्ध चीनी उत्पादन लगभग 280 लाख टन का हुआ था। चूंकि 2026-27 सीजन में इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का कोई डायवर्जन नहीं किया जा रहा है, इसलिए मौजूदा सीजन में सकल और शुद्ध चीनी उत्पादन का अनुमान समान है। इस अनुमान में सीजन के शेष समय के दौरान संभावित पेराई की प्रगति को भी शामिल किया गया है।
चालू सीजन में देश में कुल गन्ना क्षेत्रफल लगभग 55.53 लाख हेक्टेयर अनुमानित है, जबकि पिछले सीजन में यह 57.35 लाख हेक्टेयर था। इस प्रकार गन्ने के कुल क्षेत्रफल में करीब 3.2 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। चालू सीजन के दौरान देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रही है। अल नीनो से जुड़ी जलवायु संबंधी अस्थिरता और बेमौसम बारिश की घटनाओं का फसल विकास पर असर पड़ा है। विभिन्न क्षेत्रों में जलवायु परिस्थितियां अलग-अलग बनी हुई हैं। कुछ इलाकों में कम बारिश के कारण सूखे जैसी स्थिति और नमी की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश, जलभराव और बाढ़ की स्थिति देखी जा रही है। राज्यवार आकलन में मौजूदा फसल की स्थिति, जारी पेराई सीजन से सामने आ रहे रुझानों और सीजन के शेष समय में संभावित पेराई की प्रगति को ध्यान में रखा गया है।
उत्तर प्रदेश में गन्ने का क्षेत्रफल 22.56 लाख हेक्टेयर अनुमानित है, जो 2025-26 के 22.57 लाख हेक्टेयर के लगभग बराबर है। मौजूदा फसल की स्थिति और चालू सीजन के शेष समय में संभावित पेराई को ध्यान में रखते हुए राज्य में चीनी का उत्पादन 88.96 लाख टन होने का अनुमान है।
महाराष्ट्र में 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का अनुमानित क्षेत्रफल 13.25 लाख हेक्टेयर है, जबकि पिछले सीजन में यह 14.71 लाख हेक्टेयर था। फसल की स्थिति और पेराई सीजन की संभावित प्रगति के आकलन के आधार पर राज्य में चीनी उत्पादन 86.85 लाख टन होने का अनुमान लगाया गया है। कर्नाटक में गन्ने का क्षेत्रफल 6.31 लाख हेक्टेयर आंका गया है, जबकि 2025-26 सीजन में यह 6.80 लाख हेक्टेयर था। सीजन की अब तक की प्रगति और शेष अवधि में संभावित पेराई को ध्यान में रखते हुए राज्य में पूरे सीजन का चीनी उत्पादन अनुमान 46.19 लाख टन का लगाया गया है।
देश के अन्य प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में गन्ने का क्षेत्रफल कुल मिलाकर लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ राज्यों में इसमें मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इन राज्यों में बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना, ओडिशा, राजस्थान और असम शामिल हैं।
उपरोक्त अनुमान नवंबर 2026 में किए गए आकलन और मौजूदा फसल परिस्थितियों पर आधारित हैं। वास्तविक चीनी उत्पादन सीजन के शेष समय में अंतिम कटाई योग्य गन्ना क्षेत्रफल, गन्ने की उपज, फसल की परिपक्वता, पेराई की अवधि और चीनी रिकवरी पर निर्भर करेगा। इस्मा फसल की स्थिति और पेराई की प्रगति पर लगातार नजर रखेगा। संगठन जनवरी 2027 में या परिस्थितियों के अनुसार उससे पहले उत्पादन अनुमान की दोबारा समीक्षा करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें