कुल पेज दृश्य

28 नवंबर 2026

चीनी के उत्पादन में कमी आने की आशंका, आयात पर निर्भरता बढ़ने के आसार - रिपोर्ट

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2026 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2026-27 सीजन में देश में चीनी के घरेलू उत्पादन में कमी आने की आशंका है, ऐसे में इसका 25 से 35 लाख टन का आयात करना पड़ सकता है।


डोलट कैपिटल की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार 2026-27 सीजन में देश का चीनी उत्पादन घटकर लगभग 270 लाख टन ही होने की आशंका है, जबकि घरेलू खपत 285 से 290 लाख टन होने का अनुमान है।

पिछले सीजन में उम्मीद से कम उत्पादन के कारण सीजन की शुरुआत में चीनी का शुरुआती स्टॉक भी लगभग 36 लाख टन ही बचने का अनुमान है। इससे घरेलू बाजार में आपूर्ति की स्थिति और सख्त होने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीजन के अंत तक चीनी का क्लोजिंग स्टॉक घटकर लगभग 16 लाख टन रह सकता है। घरेलू उपलब्धता बनाए रखने और भंडार को दोबारा बढ़ाने के लिए आयात की जरूरत पड़ सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग 285 से 290 लाख टन की अनुमानित घरेलू खपत के मुकाबले सीजन का अंतिम स्टॉक घटकर करीब 16 लाख टन रह सकता है। ऐसे में भंडार की भरपाई के लिए लगभग 25 से 35 लाख टन चीनी आयात करने की जरूरत पड़ सकती है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में मौसम संबंधी अनिश्चितताओं के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश में उत्पादन अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आपूर्ति कम होने की आशंका का असर घरेलू बाजार में चीनी कीमतों पर पहले से दिखाई देने लगा है। फिलहाल एक्स-मिल कीमतें लगभग 49 से 51 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच हैं। वहीं थोक बाजार में कीमत 54 से 55 रुपये प्रति किलोग्राम और संस्थागत खरीदारों के लिए लगभग 58 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर हैं। रिपोर्ट में प्रबंधन की ओर से साझा की गई टिप्पणियों के आधार पर निकट अवधि में चीनी की कीमतों पर कुछ दबाव की संभावना जताई गई है। हालांकि अगले एक-दो तिमाहियों में मौजूदा कीमतों के मोटे तौर पर टिके रहने की उम्मीद है।

सरकार के नीतिगत फैसले और चीनी आयात की वास्तविक मात्रा घरेलू बाजार में कीमतों की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण कारक होंगे। रिपोर्ट के अनुसार इथेनॉल उत्पादन में गन्ने के रस/सिरप और बी-हैवी शीरे के इस्तेमाल पर लगी पाबंदियों के कारण चीनी मिलों के लिए गन्ने को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने का प्रोत्साहन कम हुआ है। इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता को समर्थन मिला है। मौजूदा कीमतों पर चीनी उत्पादन गन्ने के रस से एथेनॉल बनाने की तुलना में अधिक लाभकारी है। इसके चलते चीनी मिलें एथेनॉल के बजाय चीनी उत्पादन को प्राथमिकता दे रही हैं।

हालांकि फीडस्टॉक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध, मक्का आधारित एथेनॉल के खरीद मूल्य में कमी और ऊंची इनपुट लागत के कारण एथेनॉल कारोबार के मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीनी की बेहतर कीमतों से निकट अवधि में चीनी मिलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं: