नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मंगलवार को अगस्त 2026 के लिए घरेलू बिक्री हेतु 22.50 लाख टन चीनी का मासिक कोटा जारी किया है। यह आवंटन अगस्त 2025 में जारी किए गए कोटे के बराबर है, जबकि अगस्त 2024 की तुलना में अधिक है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अगस्त 2026 के लिए घरेलू बिक्री हेतु 22.50 लाख टन चीनी का मासिक कोटा जारी किया है, जोकि जुलाई 2026 के लिए जारी किए गए 22 लाख टन की तुलना में ज्यादा है।
व्यापारियों के अनुसार जुलाई 2026 के दौरान चीनी की कीमतों में तेजी आई है, जबकि अगस्त में मानसून के मौसम और सरकार की चीनी कोटा नीति के कारण कीमत स्थिर बने रहने की संभावना है।
अगस्त महीने में रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे प्रमुख त्योहारों के साथ श्रावण मास की मांग बनी रहेगी, जिससे आमतौर पर चीनी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि बाजार में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे और कीमत नियंत्रण में रहें।
दिल्ली में मंगलवार को चीनी के खुदरा भाव 51 रुपये, मुंबई में 50 रुपये और कोलकाता में 51 रुपये तथा उत्तर प्रदेश के कानपुर में 51 रुपये प्रति किलो रहे। महीने भर में इसकी कीमतों में पांच से छह रुपये प्रति किलो की तेजी आई है। चीनी के थोक भाव दिल्ली में मंगलवार को 4,850 रुपये, कानपुर में 4,880 रुपये तथा मुंबई में 4,800 रुपये तथा कोलकाता में 4,890 रुपये प्रति क्विंटल रहे।
