कुल पेज दृश्य

14 जुलाई 2018

खरीफ फसलों की बुवाई 10 फीसदी पिछड़ी, देशभर में मानसूनी बारिश 6 फीसदी कम

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू सीजन में पहली जून से 13 जुलाई तक देशभर में मानसूनी बारशि 6 फीसदी कम होने से खरीफ फसलों की बुवाई 10.1 फीसदी पिछे चल रही है। देशभर में अभी तक 501.67 लाख हैक्टेयर में ही खरीफ फसलों की बुवाई हो पाई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुवाई 557.49 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी।
कृषि मंत्रालय के अनुसार खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई चालू खरीफ में अभी तक केवल 116.72 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी रोपाई 126.92 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। इसी तरह से चालू खरीफ सीजन में दालों की बुवाई घटकर 60.56 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 66.97 लाख हैक्टेयर में दालों की बुवाई हो चुकी थी। खरीफ दलहन की प्रमुख फसलों अरहर और मूंग की बुवाई पिछे चल रही है जबकि उड़द की बुवाई में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी हुई है।
मोटे अनाजों की बुवाई भी पिछड़ कर चालू खरीफ में अभी तक 92.46 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक मोटे अनाजों की बुवाई 110.76 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। मोटे अनाजों में मक्का की बुवाई जरुर चालू सीजन में बढ़कर 51.05 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुवाई 50.80 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी। बाजरा की बुवाई चालू सीजन में घटकर अभी तक केवल 27.39 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 47 लाख हैक्टेयर में बाजरा की बुवाई हो चुकी थी।
​खरीफ तिलहनों की बुवाई भी चालू खरीफ में घटकर अभी तक केवल 96.96 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुवाई 105.26 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। हालांकि सोयाबीन की बुवाई जरुर चालू सीजन में बढ़कर 76.50 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक सोयाबीन की बुवाई केवल 73.87 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई थी। मूंगफली की बुवाई घटकर चालू सीजन में अभी तक केवल 15.90 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में मूंगफली की बुवाई 25 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी।
कपास की बुवाई भी चालू खरीफ सीजन में 14.72 फीसदी पिछे चल रही है। अभी तक देशभर में कपास की बुवाई केवल 77.50 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुवाई 90.88 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। गन्ने की बुवाई चालू खरीफ सीजन में बढ़कर 50.52 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक गन्ने की बुवाई 49.72 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई थी।........... आर एस राणा

तिमाही आधार पर गेहूं के भाव 25 रुपये बढ़ायेगी सरकार, जुलाई-सितंबर के लिए 1,900 रुपये का भाव तय

आर एस राणा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं बेचने के लिए हर तिमाही में 25-25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करेगी। दूसरी तिमाही जुलाई से सितंबर के लिए गेहूं का बिक्री भाव 1,900 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, तथा 19 जुलाई 2018 से ​बिक्री शुरू करेगी।
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ओएमएसएस के तहत गेहूं की बिक्री तिमाही के आधार पर की जायेगी। अप्रैल से जून की पहली​ तिमाही समाप्त हो चुकी है इसलिए जुलाई से सितंबर की ​दूसरी तिमाही के लिए ओएमएसएस के तहत गेहूं का बिक्री भाव 1,900 रुपये, अक्टूबर से दिसंबर के दौरान तीसरी तिमाही के लिए बिक्री भाव 1,925 रुपये और जनवरी से मार्च के दौरान चौथी तिमाही में 1,950 रुपये प्रति क्विंटल की दर का भाव तय किया गया है। पिछले साल ओएमएसएस के तहत 1,790 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचा गया।
उन्होंने बताया कि ओएमएसएस के तहत गेहूं का बिक्री भाव एक्स लुधियाना तय किया गया है, डेडीकेट मुवमेंट के आधार पर गेहूं की बिक्री केवल पंजाब और हरियाणा से ही की जायेगी, मध्य प्रदेश से डेटीकेंट मुवमेंट के आधार पर गेहूं ​नहीं बेचा जायेगा।
ओएमएसएस में ​बिक्री ज्यादा होने का अनुमान
गेहूं कारोबारी संदीप बंसल ने बताया कि दिल्ली में गेहूं के भाव शुक्रवार को 1,900 रुपये प्रति क्विंटल रहे। सरकार ओएमएसएस के तहत 1,900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचेगी, इसलिए गेहूं के मौजूदा भाव में 50 से 75 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आने का अनुमान है। 
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ओएमएसएस के तहत पिछले साल 14.21 लाख टन गेहूं की बिक्री ही हुई थी। चालू सीजन में केंद्रीय पूल में गेहूं ज्यादा है, जबकि स्टॉकिस्टों के पास स्टॉक कम है इसलिए ओएमएसएस के तहत ​गेहूं की बिक्री ज्यादा होगी।
लागत की तुलना में 624 रुपये कम
एफसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार चालू रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं की खरीद पर 2,524 रुपये प्रति क्विंटल की लागत आई है। लागत की तुलना में खुले बाजार में 624 रुपये प्रति क्विंटल नीचे भाव पर गेहूं बेचा जायेगा। पिछले रबी सीजन में लागत 2,445.62 रुपये प्रति क्विंटल की आई थी। 
सरकारी खरीद में हुई बढ़ोतरी
चालू रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं की सरकारी खरीद बढ़कर 355.22 लाख टन की हुई है जबकि पिछले रबी सीजन में इसकी खरीद केवल 308.25 लाख टन की ही हुई थी।
केंद्रीय पूल में गेहूं का बंपर स्टॉक
केंद्रीय पूल में पहली जून को 437.55 लाख टन गेहूं का बंपर स्टॉक मौजूद था, जबकि पिछले साल इस समय केवल 334.40 लाख टन का ही था।
एमएसपी में की थी 110 रुपये की बढ़ोतरी
केंद्र सरकार रबी विपणन सीजन 2018-19 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 110 रुपये की बढ़ोतरी कर भाव 1,735 रुपये प्
रति क्विंटल तय किया है, जबकि पिछले रबी विपणन सीजन के लिए गेहूं का एमएसपी 1,625 रुपये प्रति क्विंटल था।..............  आर एस राणा

12 जुलाई 2018

किसानों ने रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन कर देश के अन्न भंडारों को भरा-प्रधानमंत्री

आर एस राणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पंजाब के मलोट में किसान रैली को संबोधित करते हुए कि बीते चार साल में किसानों ने देश के अन्न भंडारों को भर दिया। इस दौरान गेहूं के साथ ही धान, चीनी, कपास और दलहन का रिकार्ड उत्पादन किया। देश का किसान लगातार मेहनत करता आ रहा है लेकिन किसानों पर दशकों तक ध्यान नहीं दिया गया।
रैली में पीएम मोदी ने कहा कि सिख समुदाय आज सीमा की रक्षा हो या फिर खाद्य सुरक्षा हो हर जगह प्रेरणा दी है। पंजाब ने हमेशा खुद से पहले देश के लिए सोचा है। पिछले 4 साल में जिस प्रकार से देश के किसानों ने रिकॉर्ड खाद्यान्न पैदावार करके अन्न भंडारों को भरा है उसके लिए मैं देश के किसानों को नमन करता हूं। 
मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने फसलों का दाम लागत से डेढ़ गुना एमएसपी करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) इतने बढ़ाये गए हैं कि किसानों को लागत का 50 फीसदी लाभ मिलना तय है। उन्होंने कहा कि एक क्विटंल धान पर लागत 1,150 रुपये प्रति क्विंटल की आती है और समर्थन मूल्य 1,750 किया गया है।
उन्होंने कहा कि मक्के दी रोटी और सरसों का साग दुनिया में पंजाब का ब्रांड है, मक्के के एमएसपी में पौने तीन सौ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि जब से हमने यह फैसला लिया है तभी से कांग्रेसियों और उनके सहयोगियों की नींद उड़ी हुई है। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि जिस फाइल को वो दबाए हुए थे, वो इस सरकार ने पूरी कैसे कर दी? यही कारण है कि वो अब नई-नई अफवाहें और कुतर्क गढ़ने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि यह कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन हमारे इरादे इससे और मज़बूत ही होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। देश में अभी तक 15 करोड़ से ज्यादा स्वायल हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। बीज से लेकर बाजार तक एक व्यापक रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा हैं। फसल की तैयारी से लेकर बाजार में बिक्री तक आने वाली हर समस्या के समाधान के लिए एक के बाद एक कदम उठाये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक दौर वो था जब यूरिया किसानों के बजाय दूसरी जगहों पर पहुंच जाता था। किसानों को यूरिया के लिए लाठी खानी पड़ती थीं, लेकिन यूरिया की 100% नीम कोटिंग कर हमने इस बेईमानी को रोका और आज पर्याप्त मात्रा में यूरिया आपको मिल रहा है।
मोदी ने कहा कि बीते 70 साल में जिस पार्टी पर किसानों ने भरोसा किया था, उस पार्टी ने किसानों की इज्जत नहीं की। इस दौरान सिर्फ एक परिवार की चिंता की गई। उन्होंने कहा कि हर तरह की सुविधाएं सिर्फ एक परिवार को दी गई और किसानों की मेहनत को दरकिनार किया गया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ किसानों को धोखा देने का काम किया है, लेकिन जब से हमारी सरकार आई है तभी से हमने किसान और जवान का ध्यान रखा और उनसे किए हुए वादों को पूरा किया। उन्होंने कहा कि 40 साल तक कांग्रेस को वन रैंक वन पेंशन लागू करने की हिम्मत नहीं थी, लेकिन हमने किया।.....  आर एस राणा

चीनी पर नहीं लगेगा सेस, भाव बढ़ने से चीनी मिलों की माली हालत में हुआ सुधार

आर एस राणा
नई दिल्ली। चीनी पर सेस लगाने का प्रस्ताव खारिज हो गया है। असम के वित्त मंत्री हेमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के समूह की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में इस पर फैसला लिया गया। सूत्रों के अनुसार चीनी की कीमतों में आये सुधार से मिलों की माली हालत में सुधर गई है। इसलिए चीनी पर सेस लगाने की जरुरत नहीं है।
चालू पेराई सीजन में चीनी का रिकार्ड उत्पादन 315 लाख टन से ज्यादा का हुआ है जिससे चीनी मिलों पर किसानों के बकाया की राशि 22 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में तेजी लाने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी ​के न्यूनतम बिक्री भाव 29 रुपये प्रति किलो तय करने के साथ ही चीनी बेचने के लिए कोटा प्रणाली लागू की। इसके अलावा चीनी आयात पर जहां आयात शुल्क को बढ़ाकर 100 फीसदी कर दिया, वहीं निर्यात पर शुल्क को भी शून्य कर दिया। 
सूत्रों के अनुसार चीनी के न्यूनतम बिक्री भाव तय करने से घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी आई है। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में तेजी लाने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी पर सेस लगाने का जो प्रस्ताव रखा था, इस पर पहले भी मंत्रियों के समूह की बैठक में फैसला नहीं हो पाया था। सूत्रों के अनुसार चीनी पर सेस लगाने को लेकर सरकार के भीतर ही मतभेद थे।  ....  आर एस राणा

11 जुलाई 2018

गेहूं की कीमतों में तेजी आने की संभावना, आयात पड़ते नहीं लगेंगे

आर एस राणा
नई दिल्ली। फ्लोर मिलों की मांग बढ़ने से घरेलू मंडियों में गेहूं की कीमतों में पिछले दो दिनों में 50 रुपये की तेजी तेजी आई है। मंगलवार को दिल्ली में गेहूं के भाव बढ़कर 1,830 से 1,840 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। खाद्य मंत्रालय द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं के बिक्री भाव 1,890 रुपये प्रति क्विंटल तय करने का प्रस्ताव है इसलिए घरेलू मंडियों में गेहूं की कीमतों में और भी 75 से 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आने का अनुमान है हालांकि भाव में तेजी आने के बाद भी आयात पड़ते लगने की संभावना नहीं है।
आयात होने की संभावना नहीं
बंगलुरु स्थिर गेहूं कारोबारी नवीन गुप्ता ने बताया कि यूक्रेन से आयातित लाल गेहूं के भाव भारतीय बंदरगाह पर 228 डॉलर प्रति टन बोले जा रहे हैं, जबकि गेहूं के आयात पर 30 फीसदी आयात शुल्क है। इसमें लोकल खर्च मिला दे तो, इसका भाव 2,375 से 2,400 रुपये प्रति क्विंटल हो जाता है जबकि इस समय उत्तर प्रदेश से बंगलुरु पहुंच 2,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से व्यापार हो रहा है। इसलिए घरेलू बाजार में गेहूं की कीमतों में और भी 75 से 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आने के बाद भी आयात पड़ते नहीं लगेंगे।
भाव में आयेगी तेजी
केंद्र सरकार 1,890 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचेगी तो, बंगलुरु पहुंच इसका भाव 2,200 से 2,210 रुपये प्रति क्विंटल होगा जबकि इस समय भाव 2,100 रुपये प्रति क्विंटल हैं। इसलिए घरेलू मंडियों में गेहूं के भाव में और भी 75 से 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आने का अनुमान है।
ओएमएसएस में गेहूं की बिक्री बढ़ने का अनुमान 
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ओएमएसएस के तहत गेहूं की बिक्री 1,890 रुपये प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव है, जबकि पिछले साल इसके तहत 1,780 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचा था। गेहूं व्यापारी संदीप बंसल ने बताया कि पिछले साल मंडियों में गेहूं का स्टॉक ज्यादा था, लेकिन चालू सीजन में केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर ज्यादा खरीद की है, जिस कारण उत्पादक राज्यों की मंडियों में बकाया स्टॉक कम है, इसलिए ओएमएसएस के तहत 70 से 80 लाख टन गेहूं की बिक्री होने का अनुमान है। पिछले साल ओएमएसएस के तहत 14.21 लाख टन गेहूं की ​ही बिक्री हुई थी।
सरकारी खरीद ज्यादा हुई
चालू रबी विपणन सीजन 2018-19 में गेहूं की सरकारी खरीद बढ़कर 355.22 लाख टन की हुई है जबकि पिछले रबी सीजन में इसकी खरीद केवल 308.25 लाख टन की ही हुई थी।
केंद्रीय पूल में बंपर स्टॉक
केंद्रीय पूल में पहली जून को 437.55 लाख टन गेहूं का बंपर स्टॉक मौजूद था, जबकि पिछले साल इस समय केवल 334.40 लाख टन का ही था।
आयात शुल्क में की थी बढ़ोतरी 
केंद्र सरकार ने 23 मई 2018 को गेहूं के आयात शुल्क को 20 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी किया था।...........  आर एस राणा

एमएसपी पर चना और मसूर की रिकार्ड 29.82 लाख टन की हो चुकी है खरीद

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू रबी सीजन में चना और मसूर की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 29.82 लाख टन चना और मसूर की रिकार्ड खरीद हो चुकी है, इसमें 27.39 लाख टन चना और 2.43 लाख टन मसूर है।
नेफेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चालू रबी में चना की समर्थन मूल्य पर 27.39 लाख टन की खरीद हो चुकी है, इसमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी मध्य प्रदेश की 15.91 लाख टन और राजस्थान की 5.79 लाख टन की है। इसी तरह से चालू रबी में एमएसपी पर 2.43 लाख टन मसूर की खरीद हुई है जिसमें मध्य प्रदेश से 2.29 लाख टन है, तथा उत्तर प्रदेश से समर्थन मूल्य पर केवल 13,698 टन मसूर ही खरीदी गई है।
चना के साथ ही मसूर की कीमतों में तेजी बनी हुई है, जानकारों के अनुसार दालों में मांग आगे और बढ़ेगी है जबकि उत्पादक मंडियों में दैनिक आवक बंद हो चुकी है। इसलिए आगामी दिनों में चना और मसूर के साथ ही अन्य दालों की कीमतों में और भी तेजी आने का अनुमान है। ..............  आर एस राणा

10 जुलाई 2018

केंद्र की सख्ती से दलहन आयात 82 फीसदी घटा, भाव में आगे सुधार आने का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। दलहन आयात पर केंद्र सरकार द्वारा सख्ती करने से आयात में तो भारी ​कमी आई है। हालांकि अभी भी उत्पादक मंडियों में भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे बने हुए हैं, लेकिन आगे मांग बढ़ने की संभावना है, जिससे इनकी कीमतों में सुधार आयेगा। चालू वित्त वर्ष 2018-19 के पहले दो महीनों अप्रैल-मई में दालों का आयात 82 फीसदी घटकर 1.87 लाख टन का हुआ है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चना, मसूर और मटर के आयात शुल्क में बढ़ोतरी के साथ ही अरहर, उड़द और मूंग के आयात पर मात्रात्मक प्रतिबंध से दालों के आायात में भारी ​कमी आई है। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-मई में आयात घटकर 1.87 लाख टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की समान अवधि में 10.14 लाख टन दालों का आयात हुआ था। मूल्य के हिसाब से चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में दलहन का आयात 545 करोड़ रुपये का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,769 करोड़ रुपये का आयात हुआ था।
मंडियों में भाव एमएसपी से नीचे
उत्पादक राज्यों की मंडियों में दलहन के भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे होने के कारण किसानों को अपनी फसल समर्थन मूल्य से नीचे ही बेचनी पड़ी है। रबी दलहन की प्रमुख फसल चना का एमएसपी केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2018-19 के लिए 4,400 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है लेकिन किसानों ने अपनी फसल 3,200 से 3,600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचनी पड़ी। इसी तरह से मसूर का एमएसपी 4,250 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है जबकि मंडियों में मसूर 3,200 से 3,400 रुपये प्रति क्विंटल पर बिकी।
दलहन के भाव में आयेगा सुधार
चना समेत अन्य दलहन में मांग अच्छी बनी हुई है, आगे त्यौहारी सीजन होने के कारण मांग और बढ़ेगी, इसलिए चना समेत सभी दालों के भाव में और सुधार आने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार चना की कीमतों में आगामी दिनों में 250 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की तेजी बन सकती है। 
वित्त वर्ष 2013-14 के बाद पहली बार 2017-18 में आयात घटा
वित्त वर्ष 2017-18 में दालों का आयात 15 फीसदी घटकर 56 लाख टन का ही हुआ है जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष 2016-17 में 66.08 लाख टन दलहन का रिकार्ड आयात हुआ था। खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वित्त वर्ष 2013-14 में दालों का आयात 36.5 लाख टन का हुआ था, उसके बाद से लगातार आयात में बढ़ोतरी हो रही थी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आयात पर सख्ती और घरेलू बाजार में बंपर उत्पादन के कारण ही आयात में कमी आई है। वित्त वर्ष 2015-16 में 59.97 लाख टन दालों का आयात हुआ था, जबकि वित्त वर्ष 2017-18 में बढ़कर यह रिकार्ड 66.08 लाख टन के स्तर पर पहुंच गया।
उत्पादन अनुमान ज्यादा
कृषि मंत्रालय के तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2017-18 में दालों की रिकार्ड पैदावार 245.1 लाख टन होने का अनुमान है जबकि पिछले साल दालों का 231.3 लाख टन का उत्पादन हुआ था। ......  आर एस राणा