कुल पेज दृश्य

12 सितंबर 2026

चालू खरीफ में फसलों की बुआई 1.4 फीसदी कम होकर 1,097 लाख हेक्टेयर में हुई - कृषि मंत्रालय

नई दिल्ली। देश में चालू खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई 1,097 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 1.4 फीसदी पीछे है। पिछले साल इस समय तक देशभर में 1,113 लाख हेक्टेयर में इनकी बुआई हो चुकी थी।

भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार 1 जून से 10 सितंबर के दौरान देश में सामान्य 766.6 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 650.5 मिमी बारिश ही हुई है। अत: इस अवधि के दौरान सामान्य की तुलना में 15 फीसदी कम बारिश हुई है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार के अनुसार चालू खरीफ सीजन प्रमुख फसल धान की रोपाई इस साल लगभग 4 फीसदी घटकर 427 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, और मक्का की बुआई इस साल लगभग 3 फीसदी घटकर 92 लाख हेक्टेयर रह गई। दालों का कुल बुआई 119 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल की तुलना में 1 फीसदी ज्यादा है।

खरीफ की प्रमुख दलहनी फसल अरहर की बुआई चालू खरीफ में बढ़कर 46.1 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 45.5 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इसी तरह से उड़द की बुआई बढ़कर चालू खरीफ सीजन में 25.5 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 22.8 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

हालांकि मूंग की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 33.3 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 34.5 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

मोटे अनाज की बुआई 183.2 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जो पिछले साल के 182.5 लाख हेक्टेयर से 0.4 फीसदी बढ़ी है। मक्का की बुवाई 2.65 फीसदी घटकर 91.6 लाख हेक्टेयर ही हुई है, जबकि पिछले साल यह 94.1 लाख हेक्टेयर हो चुकी थी। इस दौरान ज्वार की बुआई 8.73 फीसदी बढ़कर 13.7 लाख हेक्टेयर में और बाजरा की बुआई 3.18 फीसदी बढ़कर 64.9 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 12.6 लाख हेक्टेयर में तथा 62.9 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

तिलहनी फसलों की बुआई चालू खरीफ सीजन में पिछले साल की बुआई के लगभग बराबर 194 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि मूंगफली और सोयाबीन की बुआई लगभग एक साल पहले के बराबर हुई है। मंत्रालय के डेटा से पता चला कि सूरजमुखी की बुआई एक साल पहले के मुकाबले 92 फीसदी ज्यादा है। सोयाबीन की बुआई अब तक 122 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो एक साल पहले की तुलना केवल 0.8 फीसदी कम है। मूंगफली की बुआई अब तक 50.5 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 0.4 फीसदी कम है।

गन्ने की बुआई पिछले साल की तुलना में थोड़ा घटकर होकर 59 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो पिछले साल से 0.7 फीसदी कम है। कॉटन का रकबा घटकर 109 लाख हेक्टेयर ही रह गया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 1 फीसदी कम है। खरीफ फसलों की बुआई लगभग पूरी हो चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं: