नई दिल्ली। देश में चालू खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई 1,103.9 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 1.3 फीसदी कम है। पिछले साल इस समय तक देशभर में 1,118.9 लाख हेक्टेयर में इनकी बुआई हो चुकी थी।
भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार 1 जून से 18 सितंबर के दौरान देश में सामान्य 812.1 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 691.9 मिमी बारिश ही हुई है। अत: इस अवधि के दौरान सामान्य की तुलना में 15 फीसदी कम बारिश हुई है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार के अनुसार चालू खरीफ सीजन में 18 सितंबर तक प्रमुख फसल धान की रोपाई इस साल लगभग 3.7 फीसदी घटकर 429.3 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी रोपाई 445.9 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
दलहनी फसलों की कुल बुआई कम होकर चालू खरीफ में 119.6 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो पिछले साल की तुलना में 1.4 फीसदी कम हुई है। पिछले साल इस इस समय तक दलहनी फसलों की बुआई 117.9 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
खरीफ की प्रमुख दलहनी फसल अरहर की बुआई चालू खरीफ में बढ़कर 46.1 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 45.5 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इसी तरह से उड़द की बुआई बढ़कर चालू खरीफ सीजन में 25.8 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 23.1 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
हालांकि मूंग की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 33.4 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 34.7 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
मोटे अनाज की बुआई 185.7 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जो पिछले साल के 184.5 लाख हेक्टेयर से 0.6 फीसदी बढ़ी है। मक्का की बुवाई 2.2 फीसदी घटकर 92.7 लाख हेक्टेयर ही हुई है, जबकि पिछले साल यह 94.8 लाख हेक्टेयर हो चुकी थी। इस दौरान बाजरा की बुआई 3.3 फीसदी बढ़कर 64.9 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 62.8 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। ज्वार की बुआई चालू सीजन में 9.4 फीसदी बढ़कर 13.7 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 12.6 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई थी।
तिलहनी फसलों की बुआई चालू खरीफ सीजन में पिछले साल की बुआई के लगभग बराबर 194.7 लाख हेक्टेयर में हुई है। सोयाबीन की बुआई अब तक 122.2 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो एक साल पहले की तुलना केवल 0.7 फीसदी कम है। पिछले साल इस समय तक सोयाबीन की बुआई 123.1 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। मूंगफली की बुआई अब तक 50.6 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 0.3 फीसदी कम है, पिछले साल इस समय तक मूंगफली की बुआई 50.8 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
गन्ने की बुआई पिछले साल की तुलना में थोड़ा घटकर होकर 58.4 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो पिछले साल से 0.7 फीसदी कम है। कपास का रकबा घटकर 109.6 लाख हेक्टेयर ही रह गया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 0.9 फीसदी कम है, तथा पिछले साल इस समय तक कपास की बुआई 110.6 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। खरीफ फसलों की बुआई लगभग पूरी हो चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें