नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्नाटक के किसानों से 9,023 टन सूरजमुखी की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद को मंजूरी दी है साथ ही महाराष्ट्र से चना की सरकारी खरीद की मात्रा को बढ़ाकर 8.19 लाख टन कर दिया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक से रबी 2026 सीजन के लिए एमएसपी पर 9,023 टन सूरजमुखी की खरीद को मंजूरी दी है, वहीं महाराष्ट्र में रबी 2025-26 सीजन के दौरान चने की अधिकतम खरीद सीमा को बढ़ाकर 8,19,882 टन कर दिया है। इन दोनों फैसलों के जरिए किसानों को 4,886.46 करोड़ रुपए से अधिक की एमएसपी सुरक्षा उपलब्ध होगी।
कर्नाटक सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रबी 2026 सीजन के लिए मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत 9,023 टन सूरजमुखी की खरीद को मंजूरी दी है। इस स्वीकृति का कुल एमएसपी मूल्य 69.66 करोड़ रुपये से अधिक होगा। इस निर्णय से कर्नाटक के सूरजमुखी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिल सकेगा।
केंद्र सरकार का यह कदम विशेष रूप से उन किसानों के लिए राहतकारी साबित होगा, जिन्हें बाजार में कम कीमत मिलने की आशंका के कारण मजबूरी में अपनी उपज बेचनी पड़ती है। एमएसपी पर खरीद की स्वीकृति से किसानों का भरोसा मजबूत होगा और कृषि क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।
महाराष्ट्र सरकार के प्रस्ताव पर निर्णय लेते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रबी 2025-26 सीजन के दौरान राज्य से पीएसएस स्कीम के तहत चने की अधिकतम खरीद मात्रा बढ़ाकर 8,19,882 टन करने को मंजूरी दी है। इस स्वीकृति का कुल एमएसपी मूल्य 4,816.80 करोड़ रुपये से अधिक होगा। इसके साथ ही महाराष्ट्र में चना खरीद की समय सीमा को भी 30 दिनों तक बढ़कर इसे 29 मई 2026 तक कर दिया है। यह फैसला उन किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो निर्धारित अवधि में अपनी उपज की बिक्री पूरी नहीं कर पाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें