नई दिल्ली। चालू रबी विपणन सीजन 2026-27 में 24 मई तक गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद बढ़कर 342 लाख टन की हो गई है जोकि रबी विपणन सीजन 2025-26 की समान अवधि के 297 लाख टन की तुलना में 15.15 फीसदी ज्यादा है। केंद्र सरकार ने चालू रबी में 345 लाख टन की खरीद का लक्ष्य तय किया है।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार पंजाब एवं हरियाणा से जहां गेहूं की सरकारी खरीद बंद हो चुकी है, वहीं इस समय मध्य प्रदेश से खरीद बराबर बनी हुई है। राज्य से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद 28 मई तक जारी रहेगी।
मध्य प्रदेश से चालू रबी सीजन में 24 मई तक 101 लाख टन गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 78 लाख टन की तुलना में 29.48 फीसदी ज्यादा है।
केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद के तय लक्ष्य को 78 लाख टन से बढ़ाकर 100 लाख टन कर दिया था। मध्य प्रदेश सरकार गेहूं खरीद के लिए तय किए न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल के अलावा अतिरिक्त बोनस भी दे रही है।
पंजाब से चालू रबी सीजन में 24 मई तक 121.63 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 119.24 लाख टन से ज्यादा है।
हरियाणा से चालू रबी सीजन में गेहूं की सरकारी खरीद बढ़कर 81.21 लाख टन की हो चुकी है, जोकि तय लक्ष्य 72 लाख टन से ज्यादा है। पिछले साल की समान अवधि में राज्य से 71.4 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी। अत: चालू रबी में गेहूं की खरीद पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 13.73 फीसदी ज्यादा गेहूं खरीदा गया है।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार उत्तर प्रदेश से चालू रबी में गेहूं की खरीद 14.8 लाख टन और राजस्थान से 20.3 लाख टन की हुई है जबकि पिछले रबी विपणन सीजन की समान अवधि में इन राज्यों से क्रमश: 10.2 लाख टन और 18.1 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी। बिहार से चालू रबी में 33 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को चालू रबी सीजन में नुकसान हुआ है। अत: किसानों को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने हरियाणा और राजस्थान तथा पंजाब में गेहूं की चमक में कमी, लस्टर लॉस की सीमा को बढ़ाकर 70 फीसदी और टूटे दानों की सीमा को बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया था। केंद्र सरकार ने राज्य की खरीद एजेंसियों से कहा है कि वे रिलैक्स स्पेसिफिकेशन (यूआरएस) कैटेगरी के तहत खरीदे गए गेहूं को अलग से स्टोर करें और उसका हिसाब रखें।
सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 (अप्रैल-मार्च) के दौरान गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 345 लाख टन कर दिया था, जबकि पहले 303 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय किया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें