कुल पेज दृश्य

26 मई 2026

सीसीआई ने कॉटन ऑक्शन रोकी, निगम 70.33 लाख गांठ की कर चुकी है बिक्री

नई दिल्ली। कॉटन कारपोरेशन ऑफ इंडिया, सीसीआई ने टेक्निकल दिक्कत की वजह से 22 मई से कॉटन ऑक्शन को अगली सूचना तक रोक दिया है तथा निगम चालू फसल सीजन 2025-26 में खरीदी हुई 70,33,300 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो कॉटन की बिक्री घरेलू बाजार में कर चुकी है। अत: निगम के पास अभी भी लगभग 34 लाख गांठ से ज्यादा कॉटन का स्टॉक बचा हुआ है।


निगम ने चालू सप्ताह 18 मई से 22 मई के दौरान केवल 11,600 गांठ, कॉटन की बिक्री की है। हाल ही में विश्व बाजार में कॉटन की कीमतों में मंदा आया है, जिस कारण स्पिनिंग मिलों ने खरीद पहले की तुलना में कम कर दी। मई महीने में अभी तक निगम 10,20,800 गांठ कॉटन की बिक्री कर चुकी है।

सूत्रों के अनुसार सीसीआई ने महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 24,10,200 गांठ कॉटन की बिक्री है, जबकि गुजरात में निगम ने 11,70,000 गांठ के अलावा मध्य प्रदेश में 5,29,100 गांठ तथा तेलंगाना में 14,28,100 गांठ कॉटन की बिक्री है।

राजस्थान में सीसीआई 3,16,000 गांठ, कर्नाटक में 5,68,200 गांठ, ओडिशा में 2,53,500 गांठ तथा हरियाणा में 1,68,800 गांठ के साथ ही पंजाब में 42,800 गांठ के अलावा आंध्र प्रदेश में निगम ने 1,46,600 गांठ कॉटन की बिक्री है।

सीसीआई द्वारा चालू सीजन 2025-26 में खरीदी हुई कुल 70.33 लाख गांठ कॉटन की जो बिक्री अभी तक की गई है उसमें से स्पिनिंग मिलों ने 29.11 लाख गांठ और व्यापारियों ने 41.21 लाख गांठ की से ज्यादा की खरीद की है।

स्पिनिंग मिलों की खरीद कमजोर होने से शनिवार को गुजरात में कॉटन की कीमतों में मंदा आया, जबकि उत्तर भारत के राज्यों में इसके दाम स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार आईसीई कॉटन वायदा में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन नरमी दर्ज की गई। घरेलू बाजार में कॉटन का सबसे ज्यादा स्टॉक सीसीआई के पास है, तथा प्राइवेट जिनिंग मिलों के पास अच्छी क्वालिटी की कॉटन सीमित मात्रा में है। ऐसे में हाजिर बाजार में इसकी बिक्री कीमतों में तेजी, मंदी सीसीआई की बिक्री नीतियों के आधार पर ही तय होगी।

गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव शनिवार को 250 रुपये कमजोर होकर 64,800 से 65,200 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो रह गए।

पंजाब में हाजिर डिलीवरी का व्यापार रुई का 6,540 से 6,700 प्रति मन, यानि कैंडी में 62,200 से 63,700 रुपये एक कैंडी-356 किलो की दर से हो रहा है। हरियाणा में हाजिर डिलीवरी का व्यापार रुई का 6,360 से 6,400 प्रति मन, यानि कैंडी में 60,500 से 60,900 रुपये एक कैंडी-356 किलो की दर से हो रहा है। ऊपरी राजस्थान में हाजिर डिलीवरी का व्यापार रुई का 6,450 से 6,700 प्रति मन, यानि कैंडी में 61,400 से 63,700 रुपये एक कैंडी-356 किलो की दर से हो रहा है। राजस्थान के पिलानी में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 6,450 से 6,700 रुपये प्रति मन बोले गए। लोअर राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 61,500 से 62,300 रुपये कैंडी बोले गए।

कोई टिप्पणी नहीं: