नई दिल्ली। चालू समर सीजन 2026 में 15 मई 2026 तक देशभर में फसलों की बुआई बढ़कर 83.08 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई केवल 80.01 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान दलहन एवं तिलहन के साथ ही मोटे अनाजों की बुआई बढ़ी है, जबकि धान की रोपाई पिछले साल की तुलना में कम हुई है। समर सीजन की बुआई का कार्य पूरा हो चुका है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार समर की प्रमुख फसल धान की रोपाई चालू सीजन में घटकर केवल 31.05 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 32.42 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। समर सीजन में धान की रोपाई सामान्यत 31.49 लाख हेक्टेयर में होती है तथा फसल सीजन 2025 में इसकी रोपाई 33.28 लाख हेक्टेयर में हुई थी।
समर सीजन में दालों की बुआई बढ़कर 24.97 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 23.76 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। समर में दलहन की प्रमुख फसल मूंग की बुआई 20.07 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 20 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान उड़द की बुआई बढ़कर 4.60 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 3.58 लाख हेक्टेयर की तुलना में ज्यादा है। अन्य दालों की बुआई चालू समर सीजन में 0.30 लाख हेक्टेयर में हुई है।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू समर सीजन में बढ़कर 16.01 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई 14.25 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान समर मक्का की बुआई 10 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 8.50 लाख हेक्टेयर की तुलना में ज्यादा है। इस दौरान ज्वार की बुआई 37 हजार हेक्टेयर, बाजरा की 5.40 लाख हेक्टेयर तथा रागी की 22 हजार हेक्टेयर में ही हुई है।
चालू समर सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई बढ़कर 11.04 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 9.58 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मूंगफली की बुआई चालू समर सीजन में बढ़कर 5.51 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 4.20 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान सनफ्लावर की 39 हजार हेक्टेयर में और शीशम सीड की बुआई 5.07 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 35 हजार हेक्टेयर और 4.96 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें