नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रमुख कृषि फसलों के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा कि देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 3765.63 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 3577.32 लाख टन की तुलना में लगभग 188 लाख टन यानी 5.3 फीसदी अधिक है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान देश के कृषि क्षेत्र की मजबूत प्रगति की तस्वीर पेश करते हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि फसलवार सारांश के अनुसार कुल खाद्यान्न उत्पादन 3765.63 लाख टन है। इसमें चावल 1540.24 लाख टन, गेहूं 1206.57 लाख टन और मक्का 550.93 लाख टन के साथ रिकॉर्ड स्तर पर हैं। श्री अन्न 175.84 लाख टन, अरहर 35.92 लाख टन, चना 125.14 लाख टन और मसूर 17.62 लाख टन अनुमान है। इसी तरह, कुल तिलहन उत्पादन 430.59 लाख टन अनुमान है। इसमें मूंगफली 130.74 लाख टन के साथ रिकॉर्ड स्तर पर है, सोयाबीन 125.96 लाख टन है और रेपसीड एवं सरसों 137.68 लाख टन के साथ रिकॉर्ड स्तर पर है। गन्ना 5000.63 लाख टन के साथ रिकॉर्ड स्तर पर है जबकि कपास 290.24 लाख गांठ और जूट 91.76 लाख गांठ अनुमानित हैं।
शिवराज सिंह के अनुसार, फसलवार विस्तृत आंकड़ों पर नजर डालें तो चावल का कुल उत्पादन 1540.24 लाख टन अनुमान है जबकि 2024-25 में यह 1501.84 लाख टन था और इस तरह 38.40 लाख टन की वृद्धि दर्ज की गई है। गेहूं का उत्पादन 1206.57 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 1179.45 लाख टन की तुलना में 27.12 लाख टन अधिक है। श्री अन्न का उत्पादन 175.84 लाख टन अनुमान है। मक्का का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 550.93 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 434.09 लाख टन उत्पादन की तुलना में 116.84 लाख टन अधिक है। पोषक एवं मोटे अनाजों के उत्पादन में भी मजबूत बढ़त दर्ज की गई है और इनका कुल उत्पादन 744.72 लाख टन अनुमान है।
उन्होंने बताया कि दलहन फसलों में अरहर का उत्पादन 35.92 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 36.24 लाख टन के लगभग बराबर है। चने का उत्पादन 125.14 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 111.14 लाख टन की तुलना में 14.00 लाख टन अधिक है। मसूर का उत्पादन 17.62 लाख टन अनुमानित किया गया है।
उन्होंने बताया कि तिलहन फसलों में कुल तिलहन उत्पादन 430.59 लाख टन अनुमान है। मूंगफली उत्पादन 130.74 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 119.42 लाख टन की तुलना में 11.32 लाख टन अधिक है। सोयाबीन का उत्पादन 125.96 लाख टन अनुमान है। रेपसीड और सरसों का उत्पादन 137.68 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 126.67 लाख टन की तुलना में 11.01 लाख टन अधिक है।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वाणिज्यिक फसलों में गन्ने का उत्पादन 5000.63 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 4546.11 लाख टन की तुलना में 454.52 लाख टन अधिक है। कपास का उत्पादन 290.24 लाख गांठें अनुमान है (प्रत्येक गांठ 170 किलोग्राम की)। जूट का उत्पादन 91.76 लाख गांठें अनुमान है (प्रत्येक गांठ 180 किलोग्राम की)।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें