कुल पेज दृश्य

16 मई 2026

चालू तेल वर्ष के पहली छमाही में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 13 फीसदी बढ़ा - एसईए

नई दिल्ली। चालू तेल वर्ष 2025-26 के पहली छमाही नवंबर-25 एवं अप्रैल-26 के दौरान देश में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 13 फीसदी बढ़कर 7,937,376 टन का हुआ है, जबकि पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में इनका आयात 7,042,948 टन का हुआ था। अप्रैल 2026 में खाद्य तेलों का आयात पिछले महीने (मार्च, 2026) के 11.73 लाख टन से बढ़कर 13.08 लाख टन का हो गया, यानी 11 फीसदी बढ़ा है। खाद्य तेलों की कीमत के हिसाब से छह महीनों में यह लगभग 87,000 करोड़ रुपये का हो गया, जबकि तेल वर्ष 2024-25 की समान अवधि में यह 73,000 करोड़ रुपये था, यानी 19 फीसदी ज्यादा।


सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार अप्रैल 2026 में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 34 फीसदी बढ़कर 1,310,193 टन का हुआ है, जबकि पिछले साल अप्रैल में इनका आयात 975,025 टन का हुआ था। इस दौरान खाद्य तेलों का आयात 1,307,993 टन का एवं अखाद्य तेलों का आयात 2,200 टन का हुआ है।

एसईए के अनुसार अप्रैल 2026 में पाम तेल का आयात 34 फीसदी घटकर 505,000 टन का रह गया, क्योंकि डिमांड कम थी और कीमत ज्यादा थी, जिससे खरीदने के अन्य खाद्य तेलों का आयात ज्यादा किया। रिफाइनर के दूसरे तेलों की तरफ जाने से सूरजमुखी तेल का आयात दोगुना से ज्यादा हो गया, और सोया तेल का आयात मासिक आधार पर 25 फीसदी बढ़ा। पाम तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से दूसरे तेलों पर इसका डिस्काउंट कम हो गया, जिससे रिफाइनर के लिए इसकी मांग में कमी आई। हालांकि, देश में सरसों के ज्यादा पेराई की वजह से अभी भी सप्लाई काफी है, लेकिन आने वाले महीनों में कम इन्वेंट्री लेवल की वजह से आयात बढ़ सकता है।

नवंबर’25 से फरवरी’26 के दौरान नेपाल ने लगभग 217,617 टन रिफाइंड तेलों का निर्यात  किया, जिसमें 190,148 टन रिफाइंड सोया तेल, 14,580 टन रिफाइंड सूरजमुखी तेल, 10,530 टन आरबीडी पामोलिन और थोड़ी मात्रा में 2,359 टन रेपसीड तेल शामिल था। मार्च 2026 में, नेपाल ने लगभग 63,000 टन और अप्रैल 2026 में लगभग 65,000 टन रिफाइंड तेलों का निर्यात भारत को किया, जिसमें मुख्य रूप से रिफाइंड सोया तेल और थोड़ी मात्रा में सूरजमुखी तेल और आरबीडी पामोलिन शामिल थे।

नवंबर’25 से अप्रैल ’26 के दौरान केवल 248,241 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ, जबकि नवंबर’24 से अप्रैल’25 के दौरान 1,111,138 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ था और 7,567,627 टन क्रूड तेल का आयात हुआ, जबकि नवंबर’24से अप्रैल’25 के दौरान 5,765,345 टन क्रूड का आयात हुआ था। रिफाइंड तेल का रेश्यो तेजी से घटकर 16 फीसदी से 3 फीसदी रह गया, जबकि क्रूड पाम तेल के आयात में बढ़ोतरी के कारण क्रूड तेल का रेश्यो एक साल पहले के 84 फीसदी से बढ़कर 97 फीसदी हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: