कुल पेज दृश्य

03 अगस्त 2019

मानसूनी बारिश की कमी से खरीफ फसलों की बुआई 6.5 फीसदी घटी

आर एस राणा
नई दिल्ली। मानसूनी सीजन के दो महीने बीतने के बाद भी देश के 12 राज्यों में बारिश सामान्य से कम हुई है जिससे कई राज्यों में सूखे जैसे हालात होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई में 6.5 फीसदी की कमी आकर कुल बुआई 788.52 लाख हेक्टेयर में हो पाई है। पिछले साल इस समय तक 8.44.20 लाख हेक्टेयर में फसलों की बुआई हो चुकी थी। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगस्त—सितंबर में देशभर अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार चालू मानसूनी सीजन में पहली जून से 2 अगस्त तक देशभर में बारिश सामान्य से 9 फीसदी कम हुई है। हालांकि जून के अंत में 33 फीसदी बारिश कम हुई थी। अत: जुलाई में बारिश में सुधार हुआ है। पहली जून से 2 अगस्त तक सामान्यत: 470.7 मिलीमीटर बारिश होती है जबकि चालू खरीफ में 428.9 मिलीमीटर ही बारिश हुई है। खरीफ की प्रमुख फसल धान के साथ ही दालों की बुआई में पिछले साल की तुलना में कमी दर्ज की गई है।  
धान की रोपाई 12.50 फीसदी और दलहन की 7.12 फीसदी कम
कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में दालों की बुआई घटकर 105.14 लाख हेक्टेयर में ही पाई है जोकि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 7.12 फीसदी घटी है। पिछले साल इस समय तक देशभर में 113.74 लाख हेक्टेयर में दालों की बुआई हो चुकी थी। खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई चालू खरीफ में अभी तक केवल 233.53 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 255.48 लाख हेक्टेयर में रोपाई हो चुकी थी।
मोटे अनाजों की बुआई भी कम
मोटे अनाजों की बुआई पिछले साल के 145.16 लाख हेक्टेयर की तुलना में चालू खरीफ में अभी तक केवल 136.17 लाख हेक्टेयर में ही हुई है। मोटे अनाजों में मक्का की बुआई जरुर चालू खरीफ में थोड़ी बढ़कर 69.27 लाख हेक्टेयर में हो चुकी जबकि पिछले साल इस समय तक 69.03 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। बाजरा की बुआई चालू खरीफ में घटकर 49.16 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 55.08 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी है। ज्वार की बुआई भी पिछले साल के 15.33 लाख हेक्टेयर से घटकर चालू सीजन में 12.41 लाख हेक्टेयर में ही हुई है।
सोयाबीन और मूंगफली की बुआई कम, कपास की ज्यादा
तिलहन की बुआई चालू खरीफ में अभी तक केवल 149.41 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 157.39 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। तिलहन में सोयाबीन की बुआई पिछले साल के 109.50 लाख हेक्टेयर से घटकर 107.29 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है। मूंगफली की बुआई भी चालू खरीफ में घटकर 30.22 लाख हेक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 33.53 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। कपास की बुआई चालू खरीफ में पिछले साल के 109.79 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 115.15 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। गन्ने की बुआई चालू खरीफ में 52.30 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 55.45 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी।..........  आर एस राणा

चालू पेराई सीजन में एथेनॉल ब्लेंडिंग 7.4 फीसदी होने की उम्मीद, पिछले साल से ज्यादा

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू गन्ना पेराई सीजन 2018-19 में एथेनॉल ब्लेंडिंग 7.4 फीसदी के करीब होने का अनुमान है, जो पिछले साल के 4.22 फीसदी से ज्याद ा है। पहली अक्टूबर 2018 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2018-19 (अक्टूबर से सितंबर) के लिए तेल कंपनियां 29 जुलाई 2019 तक 244.7 करोड़ लीटर एथेनॉल खरीद के सौदे कर चुकी हैं जबकि 10 फीसदी अनिवार्य ब्लेंडिंग के लिए 329.3 करोड़ लीटर एथेनॉल की जरूरत होगी। जुलाई अंत तक चीनी मिलों ने तेल कंपनियों को 150.1 करोड़ लीटर एथेनॉल की ही सप्लाई की है। 
केंद्र सरकार कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के मकसद से एथेनॉल का उत्पादन एवं खपत बढ़ाने के लिए मिलों को राहत दे रही है। खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चालू पेराई सीजन में एथेनॉल की अनिवार्य सप्लाई 10 फीसदी में से साढ़े सात फीसदी के करीब होने का अनुमान है जबकि पेराई सीजन में 4.22 फीसदी थी।
अनिवार्य 10 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग के लिए अभी करना होगा इंतजार
इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन आफ इंडिया (इस्मा) के अनुसार अनिवार्य 10 फीसदी ब्लेंडिंग के लिए 329.3 करोड़ लीटर एथेनॉल की जरूरत होगी, जबकि चालू पेराई सीजन में चीनी मिलों ने जुलाई तक तेल कंपनियों के साथ 244.7 करोड़ लीटर एथेनॉल सप्लाई का अनुबंध किया है। इसमें से 150.1 करोड़ लीटर एथेनॉल की सप्लाई 29 जुलाई तक की जा चुकी है। पिछले गन्ना पेराई सीजन 2017-18 में चीनी मिलों ने तेल कंपनियों के साथ 160 करोड़ लीटर एथेनॉल सप्लाई के अनुबंध किए थे, जिसमें से सप्लाई केवल 150 करोड़ लीटर की ही हुई थी।
उद्योग के अनुसार गन्ने के रस से सीधे एथेनॉल बनाने के लिए मिलों द्वारा उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा रही है लेकिन 10 फीसदी अनिवार्य ब्लेंडिंग के एथेनॉल की सप्लाई अगले सीजन में भी पूरी होने की उम्मीद नहीं है, क्योंकि सूखे के कारण महाराष्ट्र और कर्नाटक में गन्ने के उत्पादन में कमी आने का अनुमान है। 
बी-ग्रेड एथेनॉल के भाव में की थी बढ़ोतरी
सितंबर 2018 में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने एथेनॉल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इसके तहत सीधे गन्ने के रस से बनने वाले बी-ग्रेड एथेनॉल का भाव 47.13 रुपये से बढ़ाकर 52.43 रुपये प्रति लीटर कर दिया था। शीरे से बनने वाले सी-ग्रेड एथेनॉल का मूल्य 43.70 रुपये से घटाकर 43.46 रुपये प्रति लीटर किया गया था। केंद्र सरकार ने चीनी उद्योग को जून 2018 में 8,500 करोड़ रुपये का पैकेज देने की घोषणा की थी। इसमें 4,440 करोड़ रुपये सस्ते कर्ज के रूप में एथेनॉल की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए दिए गए थे।
गन्ने के रस से सीधे एथेनॉल बनाने पर सरकार का जोर
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार देश में 9,106 करोड़ रुपये की 174 एथेनॉल परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। पहले चरण में 2,369 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं उत्तर प्रदेश में बनेंगी। दूसरे चरण में 563 करोड़ रुपये की छह परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के लिये स्वीकृत हुई हैं।........ आर एस राणा

पीएम-किसान योजना की तीसरी किस्त आज से, 54 फीसदी किसानों को नहीं मिलेगा पैसा

आर एस राणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान (पीएम-किसान) योजना की तीसरे किस्त आने से मिलनी शुरू हो गई है लेकिन अभी देशभर के 54 फीसदी किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पायेगा। राज्य सरकारों द्वारा भेजी गई सूची के अनुसार 6.15 करोड़ किसानों को ही तीसरी किस्त मिल पायेगी, जोकि कुल लाभार्थियों का 44 फीसदी ही है। इस योजना के तहत देशभर के 13.93 करोड़ किसान आते हैं। 
चार राज्यों पश्चिम बंगाल, दिल्ली, सिक्कम और लक्ष्यद्ववीप के एक भी किसान को इस योजना का पैसा नहीं मिला है। केंद्र सरकार ने आज से पहली किस्त देनी शुरू कर दी है, तथा पात्र किसान जोकि इस स्कीम से आगे जुड़ेंगे, उन्हें पहली और दूसरी किस्त का पैसा नहीं मिलेगा।
राज्यों ने केंद्र को 6.35 करोड़ लाभार्थियों की भेजी सूची
कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल, दिल्ली और लक्ष्यद्ववीप ने लाभार्थी किसानों की लिस्ट ही नहीं भेजी है। सिक्कम ने 2,919 किसानों की लिस्ट भेजी है, जिनका अभी वेरीफिकेशन हो रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के खाते में तीसरी किस्त आज से भेजनी शुरू कर दी गई है। तीसरी किस्त उन्हीं किसानों के खाते में भेजी जायेगी, जिनके आधार कार्ड जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकारों से 6.35 करोड़ किसानों की लिस्ट केंद्र सरकार को मिली है, जिनमें से 6.15 करोड़ किसानों का वेरीफिकेशन हो चुका है।
कुल 13.93 करोड़ किसान आयेंगे इसके दायरे में 
उन्होंने बताया कि पीएम-किसान योजना के कुल लाभार्थियों की संख्या करीब 13.93 करोड़ है, जिनमें से 6.15 करोड़ किसानों को तीसरी किस्त का लाभ मिलेगा, जोकि कुल संख्या का 44 फीसदी ही है। उन्होंने बताया कि जो किसान तीसरी किस्त में जुड़े हैं, उन्हें पहली और दूसरी किस्त का पैसा नहीं मिल पायेगा। उन्होंने बताया पहली किस्त का लाभ 5.77 करोड़ किसानों को और दूसरी किस्त का लाभ 3.42 करोड़ किसानों को पहले ही मिल चुका है।
किसारनों को तीन किस्तों में मिलेंगे 6,000 रुपये
 पीएम-किसान योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की थी। इस योजना के तहत किसानों को साल में तीन किस्तों के माध्यम से 6,000 रुपये सालाना दिए जाने हैं। पहले इस स्कीम सीमांत किसान जिनके पास पांच एकड़ तक जमीन है उन्हें शामिल किया गया था, लेकिन बाद में पांच एकड़ की शर्त हटा ली थी। देशभर में किसानों की संख्या 14.50 करोड़ के करीब है। आयकर दाता और दस हजार से ज्यादा मासिक पेंशन पाने वाले किसानों को इस स्कीम के तहत राशि नहीं मिलेंगी। पीएम-किसान योजना के लिए पहले 75,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया था जिसे बाद में बढ़ाकर 80,000 करोड़ रुपये कर दिया। ....... आर एस राणा

कैबिनेट ने पोषक तत्व आधारित उर्वरकों पर सब्सिडी में की बढ़ोतरी

आर एस राणा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने किसानों को पोषक तत्व आधारित उर्वरकों पर मिलने वाली सब्सिडी की दरों में बढ़ोतरी की है। वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान फॉस्‍फोरस, पोटाश, सल्‍फर और नाइट्रोजन वाले इन उर्वरकों पर सब्सिडी की अनुमानित लागत 22,875.50 करोड़ रुपये आने का अनुमान है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों समिति (सीसीईए) ने बुधवार को वर्ष 2019-20 के लिए फॉस्फेटिक और पोटैसिक (पीएंडके) उर्वरकों के लिए पोषक तत्वों पर आधारित सब्सिडी (एनबीएस) दरों के निर्धारण के लिए उर्वरक विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि देश में यूरिया की अधिक खपत होती है, लेकिन खेती के लिए नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश और सल्फर खाद का उपयोग भी महत्वपूर्ण हैं। सरकार इसके लिए सब्सिडी भी देती है।
उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सल्फर पर प्रति किलो 2.77 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है जिसे अब बढ़ाकर 3.56 रुपये प्रतिकिलो कर दिया गया है। इसी प्रकार अब नाइट्रोजन पर 18.90, फास्फोरस पर 15.21 और पोटाश पर 11.12 रुपये प्रति किलो को मंजूरी दी गई है। सीसीईए ने 2019-20 के लिये फॉस्फेट तथा पोटाश वाले उर्वरकों की पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) दरों को मंजूरी दी। इस पर 2019-20 के दौरान 22,875.50 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जावड़ेकर ने कहा कि इससे उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
अप्रैल 2010 में हुई थी शुरूआत
पोषण आधारित सब्सिडी कार्यक्रम की शुरुआत केंद्र सरकार ने एक अप्रैल 2010 में गई थी, अधिसूचना जारी होने से पहले सब्सिडी की दर वर्ष 2018-19 के समान ही रहेगी।...... आर एस राणा

महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में कपास की फसल पर पिंक बॉलवर्म का असर

आर एस राणा
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नांनदेड और अकोला जिलों में कपास की फसल पर पिंक बॉलवर्म का असर देखा गया है, हालांकि यह अभी शुरूआती चरण में है तथा केन्द्रीय कपास अनुसंधान संस्थान (सीआईसीआर) नागपुर के कृषि वैज्ञानिक राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर इससे निपटने के लिए किसानों को जानकारी दे रहे हैं।
केन्द्रीय कपास अनुसंधान संस्थान के एक वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक ने आउटलुक को बताया कि महाराष्ट्र के नांनदेड और अकोला में कुछेक जगहों पर पिंक बॉलवर्म का असर देखा गया है, लेकिन यह अभी शुरूआती चरण में है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने जून में फसल की बुआई थी, वह 45 से 50 दिन की फसल हो गई जिसमें फूल आना शुरू हो गया है। इन दोनों जिलों में कुछेक जगहों पर कपास की फसल में पिंक बॉलवर्म का असर देखा गया है, लेकिन हम राज्य सरकार के अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के कृषि अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
वर्ष 2017 में कई राज्यों में कपास की फसल पर हुआ था पिंक बॉलवर्म का असर
सूत्रों के अनुसार राज्य के अकोला जिले में 8 से 10 एकड़ और धुले जिले में 15-16 एकड़ में पिंक बॉलवर्म का असर देखा गया। सीआईसीआर के अनुसार पिंक बॉलवर्म पहले फूल पर हमला करता है, उसके बाद यह गांठ के अंदर चला जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में मध्य भारत के साथ दक्षिण भारत के राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में पिंक बालवर्म के असर से कपास की फसल को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ था, लेकिन वर्ष 2018 में इसका असर करीब 70 फीसदी कम रहा। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में करीब 40 लाख हेक्टेयर में कपास की बुआई होती है, तथा अगेती बुआई इस बार मात्र पांच फीसदी ही हुई है। 
महाराष्ट्र और गुजरात में बुआई ज्यादा
कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में कपास की बुआई बढ़कर 108.95 लाख हेक्टयेर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 89.90 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई थी। महाराष्ट्र में चालू खरीफ में कपास की बुआई बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर में और गुजरात में 22.50 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इन राज्यों में कपास की बुआई क्रमश: 33.10 और 17.47 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। तेलंगाना में चालू खरीफ में कपास की बुआई 15.87 और मध्य प्रदेश में 6 लाख हेक्टेयर में हुई है। 
चालू सीजन में भी उत्पादन में आई थी कमी
कॉटन एसोसिएशन आफ इंडिया (सीएआई) के अनुसार चालू सीजन में कपास का उत्पादन 312 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलो) का हुआ है, जबकि इसके पिछले साल 365 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। कपास की 80 फीसदी खेती मानसून पर निर्भर है, तथा पिछले साल के कपास के कई प्रमुख उत्पादक राज्यों गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश सामान्य से कम हुई थी, जिस कारण उत्पादन में कमी आई।......  आर एस राणा

सितंबर-अक्टूबर में मक्का का आयात घरेलू किसानों की बढ़ायेगा मुश्किल

आर एस राणा
नई दिल्ली। खरीफ सीजन की मक्का की उत्पादक मंडियों में आवक सितंबर-अक्टूबर में बनेगी, जबकि आयातित मक्का भी इसी दौरान भारत आने का अनुमान है। इसका नुकसान मक्का के घरेलू किसानों को उठाना पड़ सकता है। एमएमटीसी ने 75 हजार टन मक्का आयात के लिए निविदा मांगी हुई है जिसका आयात अगस्त से अक्टूबर के दौरान होना है।
चालू खरीफ सीजन में मक्का की बुआई बढ़कर 63.84 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 62.48 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। खरीफ सीजन में मक्का का सबसे ज्यादा उत्पादन मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में होता है। उत्तर प्रदेश की मंडियों में खरीफ मक्का की आवक सितंबर में जबकि अन्य राज्यों की मंडियों में अक्टूबर में बनेगी।
यूक्रेन में मक्का के भाव 180 से 181 डॉलर प्रति टन
यूएस ग्रेन काउंसिल में भारतीय प्रतिनिधि अमित सचदेव ने बताया कि यूक्रेन से ही मक्का का आयात होगा, तथा यूक्रेन में मक्का के भाव 180 से 181 डॉलर प्रति टन है, जोकि भारतीय बंदरगाह पहुंच 218 से 220 डॉलर प्रति टन (सीएंडएफ) होंगे। आयात पर 15 फीसदी का शुल्क है, इसके अलावा बदरगाह के खर्च और परिवहन लागत को मिलाकर दक्षिण भारत की पोल्ट्री और स्टार्च मिलों को आयातित मक्का 2,300 से 2,300 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पहुंच होगी। इस समय दक्षिण भारत के राज्यों में मक्का के भाव 2,400 से 2,500 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं लेकिन नई फसल के कारण सितंबर-अक्टूबर में भाव घटने की उम्मीद है। आयातित मक्का भी सितंबर-अक्टूबर में आयेगी, जिसका असर मक्का की कीमतों पर पड़ेगा और इसका खामियाजा मक्का किसानों को उठाना होगा। 
सरकार ने पांच लाख टन मक्का के आयात की दी हुई है अनुमति
घरेलू बाजार में मक्का की कीमतों में आई तेजी को देखते हुए केंद्र सरकार ने 15 फीसदी आयात शुल्क पर पांच लाख टन मक्का के आयात की अनुमति दी हुई है। मक्का का आयात केवल पोल्ट्री और स्टार्च मिलें ही कर सकेंगी, व्यापार के लिए मक्का का आयात नहीं किया जायेगा। दिल्ली के मक्का कारोबारी कमलेश कुमार जैन ने बताया कि हरियाणा पहुंच मक्का के भाव 2,100 से 2,200 रुपये प्रति क्विंटल है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल में साठी मक्का की आवक हो रही है जबकि उत्तर प्रदेश में खरीफ मक्का की आवक सितंबर में बनेगी। अत: सितंबर में मक्का की कीमतों में गिरावट आने का अनुमान है।
फाल आर्मी वार्म नामक कीड़ा लगने से हुआ था नुकसान
तेलंगाना की निजामाबाद मंडी के मक्का कारोबारी पूनमचंद गुप्ता ने बताया कि दक्षिण भारत की मंडियों में मक्का के भाव 2,400 से 2,500 रुपये प्रति क्विंटल है तथा फसल सीजन 2018-19 में मक्का के उत्पादन में कमी आई थी। पिछले खरीफ में कई राज्यों में फाल आर्मी वार्म नामक कीड़ा लगने से फसल को भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने बताया कि ब्राजील और अमेरिका में जीएम मक्का का उत्पादन होता है, इसलिए आयात यूक्रेन से ही होने का अनुमान है। यूक्रेन में मक्का की नई फसल की आवक अक्टूबर में बनेगी, लेकिन उसके पास पुराना स्टॉक बचा हुआ है। घरेलू मंडियों में खरीफ मक्का की आवक सितंबर-अक्टूबर में बनेगी, तथा आयातित मक्का भी उसी समय आयेगी, जिसका असर नई फसल की आवक के समय भाव पर पड़ सकता है।
मक्का के उत्पादन में आई कमी
कृषि मंत्रालय के तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2018-19 में रबी सीजन में मक्का का उत्पादन घटकर 70.19 लाख टन ही होने का अनुमान है जबकि पिछले साल रबी में 80.63 लाख टन का उत्पादन हुआ था। देश में खरीफ में मक्का का ज्यादा उत्पादन होता है। फसल सीजन 2018-19 में खरीफ और रबी सीजन को मिलाकर कुल उत्पादन 278.2 लाख टन होने का अनुमान है जबकि पिछले साल 287.5 लाख टन का उत्पादन हुआ था।.....  आर एस राणा

चावल के निर्यात सौदों में कमी, मध्य सितंबर के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद

आर एस राणा
नई दिल्ली। बासमती के साथ ही गैर-बासमती चावल के निर्यात सौदे जुलाई में कम हुए हैं, जिससे निर्यात में कमी आने की आशंका है। घरेलू बाजार में चावल के दाम ऊंचे हैं, जबकि विश्व बाजार में कीमतें कम हैं। सितंबर-अक्टूबर में चावल की नई फसल की आवक शुरू होने ने के बाद निर्यात सौदों में तेजी आने का अनुमान है।
एपीडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अफ्रीका के देशों से गैर-बासमती चावल की मांग में कमी आई है। ईरान, सऊदी अरब और इराक से बासमती चावल की मांग भी घटी है। उन्होंने बताया कि जुलाई-अगस्त में मांग आमतौर पर कम हो जाती है, लेकिन सितंबर-अक्टूबर से नई फसल की आवक बनने के बाद फिर से निर्यात सौदों में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गैर-बासमती चावल का निर्यात मुख्यत: बांग्लादेश, नेपाल, बेनिन और सेनेगल आदि को होता है।
गैर—बासमती चावल का निर्यात घटा, बासमती का बढ़ा
चालू वित्त वर्ष 2019-20 के पहले दो महीनों, अप्रैल-मई के दौरान गैर-बासमती चावल के निर्यात में मूल्य के हिसाब से 52.94 फीसदी की गिरावट आई है। कुल 2,046 करोड़ रुपये का 7.11 लाख टन चावल ही निर्यात हुआ है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4,347 करोड़ रुपये का 15.25 लाख टन चावल निर्यात हुआ था। बासमती चावल का निर्यात जरूर बढ़ा है। अप्रैल-मई में 6,488 करोड़ रुपये का 8.64 लाख टन बासमती निर्यात हुआ जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,451 करोड़ रुपये का 7.45 लाख टन बासमती निर्यात हुआ था।
विश्व बाजार में चावल की कीमतें कम
दिल्ली के नया बाजार के चावल कारोबारी विजय गुप्ता ने बताया कि भारत के घरेलू बाजार में चावल के दाम उंचे हैं, जिस कारण अफ्रीकन देशों में थाइलैंड और वितयनाम के चावल की आयात मांग बढ़ी है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में गैर-बासमती चावल का कुल निर्यात पिछले साल की तुलना में कम होने की आशंका है। एपीडा के अनुसार वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान 20,903 करोड़ रुपये के 75.34 लाख टन गैर-बासमती चावल का निर्यात हुआ था।
सितंबर-अक्टूबर में बढ़ेगी मांग
चावल की निर्यातक फर्म केआरबीएल लिमिटेड के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल कुमार मित्तल ने आउटलुक को बताया कि बासमती चावल में इस समय ईरान के साथ ही अन्य देशों से मांग कम है। निर्यात सौदे कम होने के कारण विश्व बाजार में बासमती चावल की कीमतों में भी मंदा आया है। जून में बासमती चावल के भाव बढ़कर 1,150 से 1,200 डॉलर प्रति हो गए थे, जो अब घटकर 1,100 से 1,125 डॉलर प्रति टन रह गए हैं। उन्होंने बताया कि मध्य सितंबर से बासमती चावल की निर्यात मांग में सुधार आने का अनुमान है।.....  आर एस राणा