कुल पेज दृश्य

10 जनवरी 2012

बैंकों को कमोडिटी कारोबार की अनुमति देने की सिफारिश

हाल ही में उपभोक्ता मामलों पर संसदीय स्थाई समिति ने कमोडिटी वायदा बाजार में बैंक और घरेलू वित्तीय संस्थाओं को कारोबार करने के लिए अनुमति देने की सिफारिश की है। समिति का तर्क है कि इससे जिंस वायदा कारोबार में तो बढ़ोतरी होगी ही, साथ में बैंकों के शामिल होने से किसानों की भागीदारी बढ़ सकेगी। हालांकि इस पर फैसला वित्त मंत्रालय ही करेगा। वित्त मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद ही बैंकों और वित्तीय संस्थाएं जिंस वायदा में कारोबार कर सकेंगी।

उपभोक्ता मामले मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता मामलों पर संसद की स्थायी समिति ने बैंकों तथा घरेलू वित्तीय संस्थाओं को जिंस वायदा में कारोबार करने की मंजूरी देने की सिफारिश कर दी है। हालांकि स्थायी समिति ने जिंस वायदा कारोबार में विदेशी निवेश को मंजूरी देने से इंकार कर दिया है। स्थायी समिति के अनुसार विदेशी निवेश को मंजूरी देने से जिंसों की मांग और सप्लाई पर अंतर पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि बैंक और वित्तीय संस्थाओं के शामिल होने से जिंस वायदा के कारोबार में भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है। साथ ही इसमें किसानों की भागीदारी भी बढ़ेगी। जिंस वायदा का कारोबार लगातार बढ़ रहा है तथा इसमें भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है लेकिन किसानों की भागीदारी अभी भी नगण्य है। बैंक छोटे-छोटे किसानों को एक सामूहिक मंच उपलब्ध करा सकते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बैंकों पर सबसे ज्यादा विश्वास भी करते हैं। बैंकों के सहयोग से किसान जिंसों का वायदा कारोबार करेंगे तो उन्हें अपनी उपज का सही दाम मिलने में भी आसानी होगी। इसके अलावा वेयर हाउस में रखी जिंसों के बदले में बैंक किसानों को तात्कालिक ऋण भी प्रदान कर सकते हैं। इससे बाजार में धन की उपलब्धता के साथ ही प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। (Business Bhaskar.....R S Rana)

फीड में उछाल से पोल्ट्री उत्पादकों को हुआ घाटा

फीड की कीमतों के मुकाबले अंडे और चिकन के दाम लुढ़कने के कारण पोल्ट्री उत्पादकों को घाटा उठाना पड़ रहा है। पिछले तीन महीनों में मक्का की कीमतों में 33.3 फीसदी, सोयाखली के भाव में 26.6 फीसदी और बाजरा के दाम 23.5 फीसदी बढ़ चुके हैं। जबकि चिकन के दाम पिछले साल की तुलना में 20 फीसदी और अंडे का दाम 8.7 फीसदी कम है।

गहलोत फीड मिल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आर एस गहलोत ने बताया कि कच्चे माल की कीमतों में आई तेजी से पोल्ट्री फीड के दाम 350 से 400 रुपये बढ़कर भाव 1,900 से 2,100 रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि फीड में सबसे ज्यादा उपयोग मक्का, सोयाखली और बाजरा का होता है। मक्का की कीमतें बढ़कर 1,400 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है जबकि अक्टूबर के शुरू में इसका भाव 1,050 रुपये प्रति क्विंटल था। (Business Bhaskar)

पीडीएस के लिए दलहनों का आयात तिहाई रह गया

कंपनियां सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में आवंटन के लिए दलहन आयात में बेरुखी बरत रही हैं। चालू वित्त वर्ष 2011-12 के पहले आठ महीनों अप्रैल से नवंबर के दौरान पीडीएस में आवंटन के लिए सार्वजनिक कंपनियों ने केवल 76,000 टन दलहन का ही आयात है जबकि वित्त वर्ष 2010-11 के दौरान 2.6 लाख टन दालों का आयात किया गया था।

उपभोक्ता मामले मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घरेलू बाजार में दालों की कीमतों में कमी आने के कारण चालू वित्त वर्ष में राज्यों की मांग में कमी आई है। इसलिए सार्वजनिक कंपनियां आयात सीमित मात्रा में कर रही है। पीडीएस में आवंटन के लिए सरकार ने चार सार्वजनिक कपंनियों एसटीसी, एमएमटीसी, पीईसी और नेफेड को अधिकृत किया हुआ है।

पीडीएस के तहत आवंटन के लिए सार्वजनिक कंपनियों को सरकार आयातित दालों पर 10 रुपये प्रति किलो की सब्सिडी देती है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2010-11 में पीडीएस में आवंटन के लिए 12 राज्यों ने दालों का उठान किया था। इस दौरान सार्वजनिक कंपनियों ने 2.6 लाख टन दलहन का आयात किया था।

चालू वित्त वर्ष 2011-12 में केवल छह राज्य ही पीडीएस में आवंटन के लिए दालों का उठान कर रहे हैं। अप्रैल से नवंबर के दौरान केवल 76 हजार टन दलहन का ही आयात हुआ है। वित्त वर्ष 2009-10 में पीडीएस में आवंटन के लिए सार्वजनिक कपंनियों ने 2.5 लाख टन दालों का आयात किया था तथा इस दौरान 10 राज्यों ने दालों का उठान किया था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर तक देश में दलहन का कुल आयात 16.59 लाख टन हो चुका है जो पिछले साल की समान अवधि के 16.29 लाख टन से थोड़ा ज्यादा है। दलहन आयात में सबसे बड़ी भागीदारी प्राइवेट आयातकों की है। कृषि मंत्रालय के चौथे अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2010-11 में देश में दालों का रिकॉर्ड 180.9 लाख टन का उत्पादन होने का अनुमान है जबकि इसके पिछले साल 146.6 लाख टन का उत्पादन हुआ था।

देश में दलहन की सालाना खपत 185 से 195 लाख टन की मानी जाती है। जबकि चालू रबी में दलहन की बुवाई में पिछले साल की तुलना में 1.72 लाख हैक्टेयर की कमी आई है जिसका असर दलहन उत्पादन पर पडऩे की आशंका है। (Business Bhaskar.....R S Rana)

एनएमसीई को छह माह का और समय

जिंस बाजार नियामक वायदा बाजार आयोग (एफएमसी) ने नैशनल मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एनएमसीई) को न्यूनतम पूंजी संबंधी शर्तों को पूरा करने के लिए और छह माह का समय दिया है।

एक्सचेंज अपनी पूंजी संबंधी शर्तें 31 मार्च तक पूरा कर सकता है। एफएमसी के बयान में कहा गया है कि इक्विटी ढांचे के बारे में अनिवार्यता को पूरा करने के लिए एनएमसीई को 1 अक्टूबर, 2011 से 31 मार्च, 2012 तक छह माह का विस्तार दिया गया है। जुलाई, 2009 में एफएमसी ने पांच साल पुराने जिंस एक्सचेंजों के लिए न्यूनतम 100 करोड़ रुपये नेटवर्थ अनिवार्य किया था। इसमें शेयर पूंजी के 50 करोड़ रुपये होने का प्रावधान किया गया था।

पहले इस दिशानिर्देश को पूरा करने की समय सीमा सितंबर, 2011 थी। एनएमसीई ने पूंजी अनिवार्यता दिशानिर्देश को पूरा करने के लिए अक्टूबर, 2010 में 12.82 फीसदी हिस्सेदारी बजाज होल्डिंग्स ऐंड इंवेस्टमेंट लिमिटेड को 25 करोड़ रुपये में बेची थी। एनएमसीई के अन्य प्रमुख शेयरधारकों में नेपट्यून ओवरसीज लिमिटेड सार्वजनिक क्षेत्र की सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, बजाज होल्डिंग्स और रिलायंस मनी शामिल हैं। (BS HIndi)

घाटा कम करने के लिए चीनी रिफाइनरियों ने घटाई क्षमता

घरेलू चीनी रिफाइनरियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं, क्योंकि स्थानीय बाजार में चीनी की अत्यधिक आपूर्ति के कारण वे अपनी आधी उत्पादन क्षमता पर परिचालित हो रही हैं। पिछले साल के बचे स्टॉक और इस साल ज्यादा उत्पादन से देश में चीनी की उपलब्धता में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके नतीजतन रिफाइनरियां भविष्य में शोधन के लिए घरेलू कच्ची चीनी का स्टॉक कर रही हैं।
आमतौर पर भारत में चीनी रिफाइनरियां अक्टूबर-नवंबर से शुरू होने वाले चीनी सीजन के पहले छह महीनों में कच्ची चीनी का स्टॉक करती हैं। वे कच्ची चीनी का स्टॉक सीजन के शेष छह महीनों के दौरान प्रसंस्करण के लिए करती हैं। यह स्टॉक घरेलू मिलों से खरीद और आयात के जरिए किया जाता है।
श्री रेणुका शुगर्स लिमिटेड (एसआरएसएल) के प्रबंध निदेशक और इस्मा के तात्कालिक पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र मुरुकुंबी ने कहा, 'इस समय घरेलू मूल की कच्ची चीनी आयातित कच्ची चीनी से 60 डॉलर प्रति टन सस्ती है। कमजोर सीजन के दौरान चीनी के प्रसंस्करण के लिए अभी कच्ची चीनी का स्टॉक करना तर्कसंगत है। इसलिए हमारी रिफाइनरियां अपनी स्थापित क्षमता के 50 फीसदी पर ही चल रही हैं।'
सामान्य तौर पर पेराई सीजन के दौरान घेरलू रिफाइनरियां अपनी क्षमता के 70-75 फीसदी पर परिचालित होती हैं। विदेशों से भारत में आने वाली कच्ची चीनी की लागत 580 डॉलर प्रति टन आ रही है, जबकि घरेलू स्तर पर यह 520 डॉलर प्रति टन की दर पर उपलब्ध है। इस समय पेराई सीजन चल रहा है और छोटी रिफाइनरियां घरेलू मिलों से कच्ची चीनी खरीदकर रिफाइंड चीनी उत्पादित कर रही हैं। इसके कारण देश में सफेद चीनी की आपूर्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है।
देश में चालू सीजन में 31 दिसंबर 2011 तक चीनी का उत्पादन 17 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 75.78 लाख टन दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 64.58 लाख टन था। उत्पादन में प्रमुख बढ़ोतरी भारत के तीन सबसे बड़े उत्पादक राज्यों-महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में दर्ज की गई है। इस्मा द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान उत्पादन में हुई वृद्धि में उत्तर प्रदेश का अहम योगदान रहा है, जहां संदर्भित अवधि में चीनी उत्पादन पिछले साल की समान अवधि से 5 लाख टन अधिक रहा है। महाराष्ट्र में उत्पादन 3 लाख टन और कर्नाटक में 2 लाख टन अधिक रहा है।
31 दिसंबर 2011 को पेराई कर रहीं चीनी फैक्टरियों की संख्या 503 थी, जो पिछले साल इस तारीख को 490 ही थी। आने वाले समय में संभावित नुकसान से बचने के लिए रिफाइनरियों ने चीनी का आयात बंद कर दिया है। एसआरएसएल कच्ची चीनी के आयात के बजाए खुले सामान्य लाइसेंस के तहत रिफाइंड चीनी का निर्यात कर रही है। उद्योग के एक विशेषज्ञ ने कहा, 'कच्ची चीनी का प्रसंस्करण कर इसे सफेद चीनी बनाने के लिए प्रतिस्पर्धी कीमतों का होना जरूरी है। इसलिए वर्तमान घरेलू कीमतों पर स्टॉक को रोके रखना ज्यादा बेहतर है। आज घरेलू कीमतें विश्व में सबसे कम हैं। कीमतों के स्थिर होने या सुधरने से रिफाइनरियां परिचालन क्षमता बढ़ाएंगी।' (BS Hindi)

लौह अयस्क में नरमी के आसार

लौह अयस्क पर आयात शुल्क 30 फीसदी किए जाने के हालिया सरकारी फैसले के चलते घरेलू बाजार में इसकी कीमतें औसतन 20 से 40 फीसदी घट सकती हैं और लौह अयस्क की विभिन्न किस्मों में कटौती अलग-अलग होंगी। हालांकि देश में लौह अयस्क के सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी नैशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएमडीसी) को लौह अयस्क की कीमतोंं में कटौती पर फैसला लेना बाकी है। स्टील उद्योग सरकारी फैसले से खुश है।
जेएसडब्ल्यू स्टील के संयुक्त प्रबंध निदेशक और ग्रुप सीएफओ शेषगिरि राव ने कहा - 'वैश्विक बाजार में लौह अयस्क की कीमतें करीब 50 डॉलर प्रति टन घटी हैं और ऐसे समय में भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले करीब 22 फीसदी लुढ़का है। इसके अलावा लौह अयस्क पर निर्यात शुल्क में भी इजाफा हुआ है। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए हमारा मानना है कि 62.5 फीसदी लौह कण वाले अयस्क की कीमतें मौजूदा 3300 रुपये प्रति टन के मुकाबले घटकर 2000 रुपये प्रति टन से नीचे आनी चाहिए, इस तरह कुल गिरावट करीब 40 फीसदी की बैठती है।'
जेएसडब्ल्यू स्टील कर्नाटक में 1 करोड़ टन सालाना क्षमता वाला संयंत्र संचालित करती है और लौह अयस्क की कीमतों में गिरावट से सबसे ज्यादा फायदा हासिल करने वाली कंपनियों में एक यह भी होगी। कंपनी को अपने संयंत्र के लिए रोजाना करीब 50,000 टन लौह अयस्क की दरकार होती है।
मौजूदा समय में कर्नाटक में ई-नीलामी की आधार कीमतें 63 फीसदी लौह कण वाले अयस्क के लिए 2700 रुपये प्रति टन है और एनएमडीसी इसके लिए 3800 रुपये प्रति टन का भाव वसूलती है। राव ने कहा कि निश्चित तौर पर जेएसडब्ल्यू स्टील मौजूदा वित्त वर्ष में 75 लाख टन स्टील उत्पादन का लक्ष्य हासिल कर लेगी कर्नाटक में अब तक 180 लाख टन लौह अयस्क की नीलामी हो चुकी है। इसमें से करीब 120 लाख टन की बिक्री हो चुकी है। अब तक चाहे जितनी भी बिक्री हुई है, लेकिन इसकी सुपुर्दगी में 55 फीसदी से ज्यादा का सुधार आया है।
राव ने कहा - 'लंबे समय तक स्टील उद्योग का अस्तित्व बने रहने के लिए सरकारी कदम काफी लाभदायक है। हम 47 अरब डॉलर का लौह अयस्क निर्यात कर रहे हैं जबकि 100 अरब डॉलर का स्टील आयात कर रहे हैं। ऐसे में भारत जैसे देश के लिए खराब गुणवत्ता वाले लौह अयस्क के निर्यात का कोई मतलब नहीं बनता। चीन समेत हर देश अपने प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित कर रहा है। स्टील उद्योग के नजरिए से लौह अयस्क पर निर्यात शुल्क में इजाफा करने का सरकारी कदम स्वागतयोग्य है।'मौजूदा समय में लौह अयस्क की कीमतें वैश्विक बाजार में 110 से 135 डॉलर प्रति टन के दायरे में है, वहीं घरेलू बाजार में कीमतें 67 डॉलर प्रति टन पर हैं।
एनएमडीसी के सीएमडी एन के नंदा ने कहा - 'हमने लौह अयस्क की कीमतों में कटौती का फैसला अभी नहीं लिया है। बाजार इस बारे में कयास लगा रहा है। वास्तव में लौह अयस्क
की किल्लत के चलते उड़ीसा में कुछ खदान मालिकों ने कीमतें बढ़ा दी हैं।' हालांकि स्टील उद्योग के अनुमान के विपरीत फिमी को नहीं लगता कि लंबी अवधि में कीमतों में बहुत ज्यादा कटौती होगी। फिमी के निदेशक डी वी पिचामुथु ने कहा - 'निर्यात शुल्क में इजाफा करने का कोई मतलब नहीं बनता। लंबी अवधि में लौह अयस्क की कीमतें सिर्फ बढ़ेंगी क्योंकि खदान में लंबे समय तक लौह अयस्क फाइंस को नहीं रखा जा सकता। अंतरराष्ट्रीय बाजार में देश की हिस्सेदारी कम हो जाएगी। साथ ही रेलवे व बंदरगाह क्षेत्र को भारी नुकसान होगा।'इससे सहमति जताते हुए ऐंजल ब्रोकिंग के विश्लेषक भुवनेश चौहान ने कहा - 'घरेलू बाजार में कीमतें बहुत ज्यादा कम नहीं होंगी क्योंकि वैश्विक कीमतों के मुकाबले यह पहले ही काफी नीचे आ चुकी हैं। अयस्क की मांग में तेजी है और इसकी किल्लत कर्नाटक में खनन पर पाबंदी के चलते हुई है। (BS Hindi)

तंबाकू के थोक कारोबार में एफडीआई पर लगे पाबंदी

कानून मंत्रालय ने कहा है कि वह तंबाकू के थोक कारोबार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) पर प्रतिबंध लगाने के वाणिज्य मंत्रालय के प्रस्ताव के पक्ष में है। वर्तमान में तंबाकू और इसके पूरक उत्पादों का विनिर्माण एफडीआई प्रेस नोट की निषेधात्मक सूची में शामिल है। कैश ऐंड कैरी श्रेणी के तहत सिगरेट और अन्य संबंधित उत्पादों के थोक कारोबार में 100 फीसदी एफडीआई को मंजूरी मिली हुई है, हालांकि इसके लिए स्वीकृति लेनी पड़ती है। निर्देशों के तहत विदेशी तंबाकू कंपनियां ब्रांडिंग और विज्ञापन के लिए निवेश कर सकती हैं, लेकिन खुदरा विक्रेताओं को किसी भारतीय उद्यमी के साथ संयुक्त उपक्रम स्थापित कर ही सीधे बिक्री की जा सकती है।
इस मामले से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि देश में तंबाकू का उत्पादन और उपयोग घटाने के स्वास्थ्य मंत्रालय के सुझाव पर वाणिज्य मंत्रालय ने इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा है। दूसरी ओर, जापान टोबैको लिमिटेड ने अपने भारतीय संयुक्त उद्यम में अपनी हिस्सेदारी 51 फीसदी से बढ़ाकर 74 फीसदी करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड से आग्रह किया है।
अधिकारियों ने कहा कि कानून मंत्रालय का यह मानना है कि तंबाकू के विनिर्माण पर रोक लगाने के लिए वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जिन परिस्थितियों पर विचार किया गया था, वे इसके कारोबार पर भी लागू होती हैं। अगर ये परिस्थितियां बदल गई हैं और अगर वाणिज्य मंत्रालय ऐसा सोचता है तो वह इसके बारे में कानून मंत्रालय को सूचित कर सकता है। अन्यथा ऐसी शर्तें इसके कारोबार पर भी लगाई जा सकती हैं। विनिर्माण पर जिन कारणों से रोक लगाई गई है, उनमें घरेलू उत्पादन, घरेलू रोजगार और स्वास्थ्य स्थितियां शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संयुक्त उपक्रमों में पूंजी झोंककर विदेशी कंपनियां विनिर्माण में एफडीआई पर रोक का भी तोड़ निकाल सकती हैं और खुदरा बिक्री की आड़ में विनिर्माण कर सकती हैं। इस तरह की आशंका कानून मंत्रालय के समक्ष रखी गई। एक स्रोत ने कहा, 'अन्यथा विश्व व्यापार संगठन के स्तर पर इस मुद्दे की व्याख्या एक उद्योग के लिए शुल्क रहित प्रतिबंध के रूप में की जा सकती है।' जापान टोबैको के इस प्रस्ताव को एफआईपीबी ने करीब दो साल के लिए स्थगित रखा है। तंबाकू की खेती, प्रसंस्करण, विपणन, विनिर्माण और निर्यात देश के 3.6 करोड़ लोगों के रोजगार का स्रोत है। कृषि मंत्रालय ने किसानों को गन्ने और कपास जैसी अन्य नकदी फसलों समेत गैर एफसीवी तंबाकू का सुझाव देना शुरू कर दिया है। एफसीवी सिगरेट के उत्पादन में प्रयुक्त होने वाली तंबाकू की किस्म है। रोजगार के संबंध में वाणिज्य मंत्रालय अन्य सरकारी रोजगार गारंटी योजनाओं के तहत प्रसंस्करण उद्योग में तंबाकू रोजगार योजना चलाने के लिए ग्रामीण विकास के साथ समन्वय कर रहा है। भारत में तंबाकू उद्योग का देश की अर्थव्यवस्था में करीब 20,000 करोड़ रुपये का वार्षिक योगदान होता है। (BS Hindi)