कुल पेज दृश्य

05 जनवरी 2012

जितना दाम, उतना शुद्ध गहना

भारतीय मानक ब्यूरो एक्ट, 1986 में संशोधन को कैबिनेट ने दी मंजूरी

सोने के गहनों पर हॉलमार्किंग की अनिवार्यता ग्राहकों के लिए काफी अच्छी है क्योंकि उन्हें शुद्ध सोने के आभूषण मिल सकेंगे। हालांकि, इसे लागू करने में अभी काफी समय लग सकता है क्योंकि इस कारोबार में सबसे अधिक हिस्सेदारी असंगठित क्षेत्र की ही है। -संजीव अग्रवाल, सीईओ, गीतांजलि ग्रुप

क्या है हॉलमार्किंग :- हॉलमार्किंग दरअसल कीमती धातुओं की शुद्धता का प्रमाणपत्र है।
क्या होगा इससे :- हॉलमार्किंग के अनिवार्य हो जाने से ग्राहकों द्वारा खरीदी जाने वाली ज्वैलरी में सोने की पूरी मात्रा उन्हें मिलेगी। अत: इससे सोने के गहने खरीदने वालों के हितों की रक्षा होगी क्योंकि ज्वैलर्स अब गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे।
कठोर दंड भी :- नियमों का पालन नहीं करने वाले ज्वैलर्स के खिलाफ जुर्माने की राशि न्यूनतम 2 लाख रुपये व अधिकतम 5 लाख रुपये होगी। इसके अलावा एक साल की कैद का भी प्रावधान होगा।
केंद्र सरकार ने सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग को अब अनिवार्य कर दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 1986 में संशोधन को मंजूरी दी गई। हॉलमार्किंग के अनिवार्य हो जाने से ग्राहकों द्वारा खरीदी जाने वाली ज्वैलरी में सोने की पूरी मात्रा उन्हें मिलेगी। इसका मतलब यही है कि इस मंजूरी से सोने के गहने खरीदने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा होगी क्योंकि ज्वैलर्स अब गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे।

उपभोक्ता मामला मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोने के गहनों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य हो जाने से अब ग्राहकों के हितों से खिलवाड़ नहीं हो पाएगा। दरअसल, ज्वैलर्स को अब केवल हॉलमार्क गहनों की ही बिक्री करनी होगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले ज्वैलर्स के खिलाफ जुर्माने की राशि न्यूनतम 2 लाख रुपये और अधिकतम 5 लाख रुपये होगी। इसके अलावा एक साल की कैद का भी प्रावधान होगा। हॉलमार्किंग दरअसल कीमती धातुओं की शुद्धता का प्रमाणपत्र है।

गीतांजलि ग्रुप के सीईओ संजीव अग्रवाल ने 'बिजनेस भास्कर' को बताया कि सोने के गहनों पर हॉलमार्किंग की अनिवार्यता ग्राहकों के लिए काफी अच्छी है क्योंकि उन्हें शुद्ध सोने के आभूषण मिल सकेंगे। हालांकि, इसको लागू करने में अभी काफी समय लग सकता है क्योंकि इस कारोबार में सबसे अधिक हिस्सेदारी असंगठित क्षेत्र की ही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले सरकार प्रत्येक जिले में एक हॉलमार्क सेंटर स्थापित करेगी।

फिलहाल देश में कुल 170 हॉलमार्क सेंटर हैं। उन्होंने बताया कि उद्योग पर भी इसका असर काफी अच्छा होगा। बॉम्बे बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी के अनुसार अभी यह देखना होगा कि सरकार ने इसे अभी केवल महानगरों और 'ए प्लस' शहरों में अनिवार्य किया है या सभी जगह। इसको लागू करने में अभी समय लग सकता है
क्योंकि छोटे और मझोले कारोबारियों की हिस्सेदारी बाजार में अधिक है। इसके अलावा हॉलमार्क सेंटरों की संख्या को भी बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। ग्राहक भी अभी हॉलमार्क गहनों के बारे में जागरूक हो रहे हैं। मालूम हो कि इस समय सीमेंट, मिनरल वाटर और दुग्ध उत्पाद सहित तकरीबन 77 उत्पाद भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) कानून के तहत अनिवार्य हॉलमार्किंग के जरिए प्रमाणीकृत किए जाते हैं।

आभूषणों की स्वैच्छिक हॉलमार्किंग स्कीम वर्ष 2001 में शुरू की गई थी और बीआईएस को सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग के लिए देश में एकमात्र एजेंसी के रूप में नामित किया गया। (Business Bhaskar....R S Rana)

घरेलू और निर्यात मांग से मक्का के मूल्य में तेजी

विश्व बाजार में भारतीय मक्का सबसे सस्ती होने से निर्यात जोरों पर
डॉलर का असर
डॉलर की मजबूती से निर्यातकों को अच्छा मार्जिन मिल रहा है। कंटेनर से निर्यात के लिए भारतीय मक्का का भाव 245-250 डॉलर प्रति टन (सीएंडएफ) है जबकि अमेरिकी मक्का का भाव 313 डॉलर प्रति टन है।
घरेलू बाजार में तेजी
दिल्ली में मक्का की कीमतें 15 दिनों में 200 रुपये बढ़कर 1,375-1,380 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। मक्का का भाव आंध्र प्रदेश में 1,180 रुपये, कर्नाटक में 1,200 रुपये और महाराष्ट्र की मंडियों में 1,190-1,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। काकीनाडा बंदरगाह पर पहुंच मक्का के सौदे 1,325 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रहे हैं।

स्टार्च निर्माताओं और निर्यातकों की ओर से मक्का की मजबूत मांग बनी हुई है। दिल्ली में पिछले पंद्रह दिनों में मक्का की कीमतों में 200 रुपये की तेजी आकर बुधवार को भाव 1,375-1,380 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

चालू फसल सीजन में अक्टूबर से दिसंबर तक करीब 10 लाख टन मक्का का निर्यात हो चुका है। डॉलर की मजबूती से निर्यातकों को मार्जिन भी अच्छा मिल रहा है, इस वजह से उनकी खरीद काफी अच्छी चल रही है। ऐसे में मक्का की मौजूदा कीमतों में और भी तेजी की संभावना है।

अमेरिकी कृषि विभाग में भारत के प्रतिनिधि अमित सचदेव ने बताया कि अक्टूबर से दिसंबर के दौरान 10 लाख टन मक्का का निर्यात हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय मक्का सबसे सस्ती है। कंटेनर से निर्यात के लिए भारतीय मक्का का भाव 245-250 डॉलर प्रति टन (सीएंडएफ) है जबकि अमेरिकी मक्का का भाव 313 डॉलर प्रति टन है।

उधर, ब्राजील और अर्जेंटीना में नई फसल की आवक फरवरी-मार्च में बनेगी जबकि प्रतिकूल मौसम से इन देशों में मक्का का उत्पादन भी घटने की आशंका है। इसीलिए भारत से निर्यात मांग लगातार बढ़ रही है। रुपये के मुकाबले डॉलर मजबूत होने से निर्यातकों के मार्जिन में भी बढ़ोतरी हुई है।

बीएम इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर एम. एल. अग्रवाल ने बताया कि आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों में मक्का की आवक पहले की तुलना में कम हो गई है जबकि निर्यातकों के साथ स्टॉर्च मिलों की अच्छी मांग बनी हुई है।

आंध्र प्रदेश की मंडियों में मक्का का बिल्टी भाव बढ़कर 1,180 रुपये, कर्नाटक की मंडियों में 1,200 रुपये और महाराष्ट्र की मंडियों में 1,190-1,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। काकीनाडा बंदरगाह पर पहुंच मक्का के सौदे 1,325 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रहे हैं। इन राज्यों में मक्का की दैनिक आवक घटकर 30 से 40 हजार बोरियों की रह गई है।

गोपाल ट्रेडिंग कंपनी के पार्टनर राजेश अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली में मक्का की कीमतें बढ़कर 1,375-1,380 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। पिछले पंद्रह दिनों में इसकी कीमतों में करीब 200 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आ चुकी है। दिल्ली में आवक मध्य प्रदेश और राजस्थान से हो रही है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू रबी में मक्का की बुवाई बढ़कर 10.35 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 9.71 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई थी। रबी की नई फसल की आवक मार्च-अप्रैल में बनेगी। (Business Bhaskar.....R S Rana)

04 जनवरी 2012

इस सप्ताह सामान्य होगी इलायची की नीलामी

कोच्चि January 03, 2012




इस सप्ताह से इलायची की नीलामी सभी आठ केंद्रों पर सामान्य हो जाएगी, क्योंकि केरल और तमिलनाडु के बीच सीमा मार्ग से माल की आवाजाही बहाल हो गई है।
स्पाइसेज ट्रेङ्क्षडग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एसटीसीएल) को छोड़कर इस सप्ताह बोडीनायाकानुर और कार्डमम प्रोसेसिंग ऐंड मार्केटिंग कंपनी (सीपीएमसी) कुमिली में होने वाली सभी नीलामियां अपने निर्धारित समय पर ही होंगी। सीपीएमसी ने पहले बेचे गए स्टॉक का निपटान करने और गोदामों की सफाई करने के लिए बुधवार को होने वाली नीलामी रद्द कर दी थी। केरल और तमिलनाडु के बीच मुल्लापेरियार बांध को लेकर चल रहे विवाद के कारण पिछले महीने की 5 तारीख से दोनों राज्यों में इलायची की नीलामी लगभग बंद थी। सीमांत इलाकों में तनाव की स्थिति के कारण दोनों राज्यों के बीच सड़क परिवहन पिछले दो सप्ताह से बंद है। नालामी बंद होने के कारण 100 करोड़ रुपये कीमत का स्टॉक जमा हो गया है। स्पाइसेज बोर्ड द्वारा सभी हितधारकों की बुलाई गई बैठक के बाद 28 दिसंबर से नीलामी आंशिक रूप से शुरू हुई थी।
सीपीएमसी के पी सी पुन्नूज के मुताबिक नीलामी लगभग सामान्य हो चुकी है और सीमा मार्गों से आवाजाही बढ़ी है। नीलामियों को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और विभिन्न नीलामी केंद्रों पर भारी आवक हो रही है। भारी आवक की वजह पिछले चार सप्ताह से नीलामी के बंद रहने के चलते भारी स्टॉक जमा होना है। प्रमुख नीलामी केंद्रों जैसे केरल कार्डमम प्रोसेसिंग ऐंड मार्केटिंग कंपनी (केसीपीएमसी) में औसतन 100 टन इलायची बिक्री के लिए आ रही है, जबकि छोटे केंद्रों पर औसतन 40 टन की आवक हो रही है। इस महीने की पहली तारीख को केसीपीएमसी ने 122 टन की नीलामी की, क्योंकि उत्तर भारतीय बाजारों में इसकी अच्छी मांग बनी हुई है।
इसके चलते कीमतों में भी उछाल आई है और औसत कीमत बढ़कर 500-520 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। बांध विवाद के बढऩे और नीलामी रुकने के कारण इसकी कीमत गिरकर 400 रुपये के स्तर पर आ गई थी। अच्छी गुणवत्ता की इलायची का भाव इस समय 800-850 रुपये प्रति किलोग्राम चल रहा है। पुन्नूज ने कहा कि तमिलनाडु में पोंगल त्योहार के कारण इलायची का कारोबार इस महीने की 15 तारीख के बाद बढ़ेगा। ज्यादातर कारोबारी तमिलनाडु के हैं, इसलिए पोंगल के बाद इलायची की बिक्री बढऩे की संभावना है। (BS Hindi)

इस साल बंपर नारियल उत्पादन की संभावना

कोच्चि January 03, 2012




देशभर में कच्चे नारियल और नारियल तेल की अच्छी मांग के चलते इस साल बंपर नारियल उत्पादन की संभावना है। केरल में नारियल का मुख्य उत्पादन सीजन इस महीने से शुरू होकर मार्च में खत्म होता है। विभिन्न जगहों के उत्पादकों के अनुमान के मुताबिक केरल में सामान्य वार्षिक उत्पादन करीब 600 करोड़ नारियल (नट) है और यह इस साल इसके करीब 10 फीसदी बढऩे की संभावना है।
कच्चे नारियल की कीमत बढ़कर 20 रुपये प्रति इकाई हो गई है। इसके कारण ज्यादातर किसान, विशेष रूप से कर्नाटक और तमिलनाडु के किसान कच्चे नारियल के उत्पादन में रुचि ले रहे हैं। नारियल तेल कारोबारियों ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि तमिलनाडु में इस साल उत्पादन बढ़ेगा, क्योंकि वहां इसकी खेती का रकबा बढ़ रहा है। तमिलनाडु में नारियल का रकबा बढ़कर 3,90,000 हेक्टेयर हो गया है और इस बार यहां उत्पादन 600 करोड़ नारियल रहने की संभावना है। इसी तरह आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी पिछले 3-4 वर्षों में नारियल की खेती का रकबा बढ़ा है।
केरल के मुकाबले तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में प्रति हेक्टेयर उत्पादकता अधिक है। तमिलनाडु में इसकी उत्पादकता 13,771 नारियल, आंध्र प्रदेश में 9,327 और केरल में 7,365 नारियल है। हालांकि केरल में नारियल का रकबा सबसे अधिक 7,90,000 हेक्टेयर होता है। प्रमुख उत्पादकों के अनुमान के मुताबिक इस साल कुल उत्पादन 10 फीसदी बढ़ेगा। नारियल विकास बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक 2008-09 में उत्पादन 1,570 करोड़ रहा था। उत्पादकों के मुताबिक उत्पादन को प्रभावित करने वाली प्रमुख समस्या तुड़वाई और प्रसंस्करण आदि के लिए श्रमिकों की कम उपलब्धता है।
नारियल का उत्पादन बढ़ रहा है, इसके कारण नारियल तेल की कीमत में फिलहाल गिरावट आ रही है। इसकी थोक कीमत पिछले कुछ दिनों से 7,650 रुपये प्रति क्विटंल पर स्थिर बनी हुई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी कीमत में उछाल नहीं आएगी, बल्कि उन्होंने उत्पादन में मौसमी वृद्धि के कारण कीमतें गिरने की संभावना जताई है।
केरल में खोपरे और नारियल के उत्पादन का सीजन इस महीने के अंत से शुरू होगा और मार्च में अपने चरम पर होगा। इसलिए अगले महीने से केरल में आपूर्ति बढऩे की संभावना है। ऐसी ही स्थिति आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में है। तमिलनाडु के कांकायम में वर्तमान कीमत 7,400-7,500 रुपये है। (BS Hindi)

आभूषण निर्माताओं की होगी नए अमीर ग्राहकों पर नजर

मंदी की आशंका के चलते आभूषण क्षेत्र ने 2012 के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन राजीव जैन ने दिलीप कुमार झा से बातचीत में घरेलू बाजार में बिक्री पर चिंता जताई।पेश हैं बातचीत के अंश : / January 03, 2012




भारत और विदेशों में आभूषण क्षेत्र का प्रदर्शन कैसा है?
हम इस बात से सहमत हैं कि पहले अमेरिका और अब यूरोप में मंदी की मार से इस समय कारोबारी माहौल अनुकूल नहीं है। दुबई के ऋण संकट और पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में अशांति के बाद इस क्षेत्र के बाजारों में स्थिति नहीं सुधरी है। इसके कारण भारतीय विनिर्माता प्रतिस्पर्धी बनने के साथ ही विभिन्न बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रहे हैं। हाल ही में हमने चीन और रूस में आक्रामक प्रचार शुरू किया है और भविष्य में अफ्रीका और लैटिन अमेरिका बाजार में प्रवेश करने की भी योजना है।
गिरता रुपया भारत के आभूषण क्षेत्र को कैसे प्रभावित करेगा?
रुपये में गिरावट से घरेलू बाजार में आभूषणों की मांग प्रभावित होगी। हालांकि इसके आयात और निर्यात के सौदे अमेरिकी डॉलर में होने के कारण जब तक कच्चे माल के आयात के लिए इस क्षेत्र को बैंकों से डॉलर में ऋण मिलता रहेगा तब तक हमें दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस समय ऊंची मुद्रास्फीति ग्राहकों की जेब में सेंध लगा रही है और उनकी व्यय योग्य आय कम हुई है। इसलिए आभूषण क्षेत्र की वृद्धि दर में बढो़तरी कैसे संभव हो सकेगी?
आभूषण क्षेत्र बहुत ही कठिन दौर से गुजर रहा है, क्योंकि पिछले कुछ समय में सोने-चांदी की कीमतों में 15-20 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। हीरे की कीमतें भी बढ़ी हैं। जबकि ग्राहकों की आय नहीं बढ़ रही है। इसलिए भविष्य में आभूषण क्षेत्र की वृद्धि दर इस बात पर निर्भर करेगी की हम पूरे सेगमेंट को किस तरह लक्षित कर पाते हैं और भारत व चीन के नए अमीर ग्राहकों को अपने उत्पादों की बिक्री कर पाते हैं।

वर्तमान खरीद सीजन के बारे में आपके क्या अनुमान हैं?
अमेरिका में क्रिसमस, नववर्ष और मदर्स डे ज्यादा खराब नहीं रहेगा, क्योंकि वहां हालिया आर्थिक संकट के कारण ग्राहकों का रुझान आभूषणों की तरफ बढ़ा है। वहीं, यूरोपीय बाजार पूरी तरह सुस्त हैं। हालांकि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर सुस्त पडऩे के कारण यहां आभूषण बाजार में उदासी छाई हुई है।

क्या आप यह मानते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में सोने-चांदी की उपलब्धता सुधारने को आयात के लिए ज्यादा मनोनीत एजेंसियों की जरूरत है?
ज्यादा मनोनीत एजेंसियां तब तक इस समस्या का हल नहीं निकाल सकेंगी तब तक इस तरह की मनोनीत एजेंसियां निर्यातकों को सोने-चांदी की आपूर्ति की इच्छा नहीं दिखाती हैं। (BS Hindi)

सटोरियों की चाल से सोयाबीन में उछाल

नई दिल्ली January 03, 2012




उत्पादन बेहतर होने पर भाव गिरते हैं, लेकिन वायदा बाजार में सोयाबीन के भाव अच्छी फसल के बावजूद महज 4 कारोबारी सत्रों में 160 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा का इजाफा हो चुका है। पिछले 1 महीने में भाव 17 फीसदी से भी अधिक उछल गए हैं।
कारोबारी इसके लिए वायदा बाजार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि बड़े स्टॉकिस्टों के पास सस्ते भाव पर खरीदे सोयाबीन का बड़ा भंडार है। 3 बड़ी कंपनियों के पास ही 25 लाख टन सोयाबीन है। सूत्रों के मुताबिक ये स्टॉकिस्ट ही आवक घटा रहे हैं ताकि बाजार में उसकी कमी हो जाए। इससे दाम बढ़ रहे हैं। अर्जेंटीना और ब्राजील में पानी की कमी के कारण सोयाबीन की फसल प्रभावित होने की खबर है। मजबूत डॉलर की वजह से सोया तेल महंगा हुआ है। इन कारणों से भी सोयाबीन के भाव चढ़ रहे हैं।
सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के संयोजक राजेश अग्रवाल ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि वायदा बाजार में सट्टेबाजी से इंदौर में सोयाबीन के भाव 2,530 रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं। नैशनल कमोडिटी ऐंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज(एनसीडीईएक्स) पर सोयाबीन इंदौर जनवरी अनुबंध 4 सत्रों में ही 2,470 से बढ़कर 2,638 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 3 दिसंबर को अनुबंध 2,246 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ था। बकौल अग्रवाल मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की मंडियों में 2-2.5 लाख बोरी (1 बोरी में 100 किलोग्राम ) सोयाबीन आ रहा है।
कमोडिटी इनसाइटडॉटकॉम के जिंस विश्लेषक प्रशांत कपूर के मुताबिक अर्जेंटीना और ब्राजील में पानी की कमी से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। इस कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोयाबीन के भाव महीने भर में ही 11.11 से बढ़कर 12.07 डॉलर प्रति बुशल हो गए हैं। देसी बाजार में भी इसका असर हो रहा है।
सट्टेबाजी रोकने के लिए विशेष मार्जिन लगाए जाने की संभावना पर एनसीडीईएक्स के परिचालन विभाग के कार्यकारी उपाध्यख जयंत मलावडे ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। ग्वार, ग्वार गम की तेजी से बढ़ रही कीमतों को रोकने लिए एनसीडीईएक्स 2 बार विशेष मार्जिन लगा चुका है।
सरकार के पहले अग्रिम खरीफ अनुमान के मुताबिक 125.72 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन हो सकता है, यह पिछले साल के उत्पादन 126.58 लाख टन से मामूली कम है। सोपा के मुताबिक खरीफ सत्र में सोयाबीन का उत्पादन 119 लाख टन होने का अनुमान है। (BS Hindi)

खाद्य सुरक्षा बिल का अधूरा मकसद

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा बिल (एनएफएसबी) 2011 के तहत देश के 75 फीसदी ग्रामीण और 50 फीसदी शहरी आबादी को खाद्य सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (टीपीडीएस)के तहत इस लाभ को हासिल करने वालों को प्राथमिकता वाले और आम परिवारों के तहत वर्गीकृत किया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा बिल के तहत ग्रामीण इलाके की 46 और शहरी आबादी की 28 फीसदी आबादी कवर हो जाएगी। प्राथमिकता के तहत आने वाली आबादी के तहत हर परिवार में प्रत्येक व्यक्ति को हर महीने सात किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा।

जबकि आम परिवार के दायरे में आने वालों को हर महीने तीन किलोग्राम अनाज दिया जाएगा। चावल तीन रुपये, गेहूं दो और एक रुपये प्रति किलो के हिसाब से खाद्यान्न दिया जाएगा। आम परिवार के दायरे में आने वालों को गेहूं और मोटे अनाज के न्यूनतम समर्थन मूल्य के पचास फीसदी से ज्यादा का भुगतान नहीं करना होगा।

ऊपर बताई गई श्रेणियों के अलावा एनएफएसबी के तहत महिलाओं और बच्चों के लिए चलाए जाने वाले सामाजिक कार्यक्रमों को समाहित करके इन्हें वैधानिक दर्जा दे दिया गया है। इनमें मिड डे मिल स्कीम और समेकित बाल विकास योजना (आईसीडीएस) शामिल हैं। स्थानीय आंगनबाड़ी के तहत छह महीने से लेकर छह साल तक के बच्चों को पोषण मुहैया कराने का प्रावधान पहले से है।

इसी तरह छुट्टियों के दिनों को छोड़कर स्थानीय निकायों, सरकारों के और सरकार समर्थित स्कूलों के छह से चौदह साल के बच्चों को मिड डे मिल के तहत भी पोषण मुहैया कराया जाता है। तीसरी श्रेणी वंचितों, बेघर, आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से ग्रस्त इलाकों और भुखमरी से ग्रसित लोगों की है। इन लोगों को भी मुफ्त या वाजिब दाम पर भोजन मुहैया कराने का भी प्रावधान है।

एनएफएसबी में पीडीएस, वर्गीकरण और अर्हता पर काफी जोर दिया गया है और मेरे ख्याल से इनका विश्लेषण जरूरी है। इस बिल का सबसे अहम पक्ष यह है कि यह भोजन के सार्वभौम अधिकार को नकारने पर कानूनी मुहर लगा देता है।

अब तक भारत सरकार की ओर से बीपीएल श्रेणी के लोगों को स्कीमों के तहत भोजन मुहैया कराने के कदम को कानूनी अधिकार नहीं था। एनएफएसबी इन स्कीमों को इसके कवरेज पर लगे प्रतिबंधों को हटाए बिना इसे एक कानूनी दर्जा मुहैया करा देता है। लेकिन भोजन एक ऐसी चीज है, जिसे लक्षित नहीं किया जा सकता है।

बुजुर्ग हों या युवा या फिर श्रमिक और गैर-श्रमिक, स्वस्थ और बीमार, धनी और गरीब सभी को जीवित रहने के लिए भोजन चाहिए। सार्वभौमिकता के सिद्धांत के तहत हर किसी को भोजन मुहैया कराया जाना चाहिए। लेकिन एनएफएसबी के तहत सार्वभौमिकता के इस सिद्धांत को शामिल नहीं किया गया है। यहां यह जानना जरूरी है कि सार्वभौमिक अधिकार के तहत भोजन का अधिकार की अवधारणा भारत में नहीं है।

तमिलनाडु सरकार सार्वभौैम पीडीएस का इस्तेमाल करती है। यहां एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर) और बीपीएल जैसी श्रेणियां नहीं हैं। पीडीएस पर वाधवा कमेटी की सुप्रीम कोर्ट को सौंपी रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य के पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में कोई निजी कारोबारी शामिल नहीं है। केरल के पीडीएस पर भी जस्टिस वाधवा की रिपोर्ट में माना गया है कि यूनिवर्सल पीडीएस लागू किए जाने की वजह से यह अच्छे तरीके से काम कर रहा है।

एनएफएसबी भारतीय आबादी में मौजूद गरीबों और कमजोर तक पहुंचने के सिद्धांत पर जोर देता है। खाद्य सुरक्षा की डिलीवरी प्राथमिकता और आम श्रेणी के सफल वर्गीकरण पर निर्भर करती है। साथ ही यह इस पर भी जोर देती है कि लोग इस वर्ग के तहत लाभ पाने की अपनी योग्यता साबित करें। कई लोगों का कहना है कि बिल लोगों की ओर से इस लाभ को हासिल करने के लिए योग्यता साबित करने के तरीकों पर जोर नहीं देता।

बिल यह नहीं बताता कि लोग किस तरीके से अपनी योग्यता साबित करें। हालांकि इस तर्क से इस बात पर जोर पड़ता है कि अगर प्राथमिकता वालों और आम वर्ग के लोगों का सही वर्गीकरण हो जाए तो बिल सफल हो सकता है। यह राज्य की ओर से सामाजिक कल्याण या खाद्य सुरक्षा के लिए अपने लोगों को लक्षित करने के सिद्धांत पर सवाल नहीं उठाता है।

दरअसल लोगों को किसी कल्याण या सामाजिक योजना के लिए लक्षित करना राज्य की विकास नीति या नजरिये से निकले रेजिजुअल सामाजिक पॉलिसी का उदाहरण है। इस पॉलिसी के तहत कमजोर आर्थिक वर्ग के लोगों या वंचितों की सामाजिक जरूरतें पूरी करने के लिए राज्य के हस्तक्षेप को सीमित कर दिया जाता है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए बाजार के सिस्टम को प्राथमिकता दी जाती है। जबकि सामाजिक नीतियों के बारे में सांस्थानिक नजरिये से देखें तो राज्य के सभी नागिरकों को सार्वभौम अधिकार के तहत सामाजिक सेवाएं मिलनी चाहिए।

बहरहाल, सामाजिक और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हासिल करने वालों को लक्षित करने के असर पर गंभीर अध्ययन नहीं हुआ है लेकिन यह लोगों का एक ऐसा वर्ग बना देता है, जिसे कुछ सहानुभूति और कुछ निंदा के नजरिये से देखा जाता है। इस तरह यह दो लोगों का समूह बना देता था। एक जो इन सामाजिक और कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ लेते हैं और दूसरे वो जो इसमें योगदान देते हैं।

उन्हें आप कथित कर देने वाले कह सकते हैं जो सरकार पर इस तरह का लाभ लेने वालों की तादाद में कटौती करने या फिर लाभ का आकार कम करने का दबाव डालते हैं। चूंकि यह लॉबी देश के अमीर वर्ग के लोगों की होती है और मीडिया से उनका अच्छा कनेक्शन होता है।

इसलिए लाभ लेने वालों के खिलाफ अभियान चलाना आसान होता है। एनएफएसबी को लक्षित कार्यक्रम बनाने की वजह से एक अहम हिस्सा इसके दायरे से बाहर हो गया है। ये पोषण कार्यक्रमों का लाभ लेने वाले बच्चों का वर्ग है। इसने बाल श्रम (नियमन और प्रतिबंध) 1986 और शिक्षा के अधिकार कानून, 2008 के तहत बच्चों की उम्र निर्धारित करने वाली गलती ही दोहराई है। दोनों कानूनों में सिर्फ 14 साल के कम उम्र के बच्चों पर विचार किया गया है।

इस तर्क में कोई दम नहीं है कि नौवीं और दसवीं क्लास में पढऩे वाले बच्चों को पोषण की जरूरत नहीं है। इन दोनों कानूनों में यह माना गया कि आठवीं के बाद बच्चे अपने भोजन की व्यवस्था खुद कर लेंगे। इस तरह के कानूनों की वजह से आठवीं के बाद ड्रॉपआउट की तादाद बढऩे की आशंका बड़ी हो जाती है।

और आखिर में यही कहा जा सकता है कि यूपीए सरकार गरीबी और सामाजिक विकास के लिए एक ऐसा बिल ला रही है जो लक्षित समूह तैयार करने में विश्वास करती है। यूपीए सरकार ने सार्वभौमिक अधिकार के तौर पर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर किसी तक पहुंचाने का एक सुनहरा मौका खो चुकी है। इस तरह के कदमों से भारतीय संविधान में हर किसी तक सामाजिक न्याय पहुंचाने के लक्ष्य से हम और दूर हो जाएंगे।

जे जॉन
लेखक लेबर फाइल के संपादक हैं। खाद्य सुरक्षा बिल की कमी बताता उनका लेख। (Business Bhaskar)