नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में कॉटन कारपोरेशन आफ इंडिया, सीसीआई न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर 63 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो की खरीद कर चुकी है। अभी तक हुई कुल खरीद में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी तेलंगाना एवं महाराष्ट्र की है।
सूत्रों के अनुसार सीसीआई ने चालू फसल सीजन में एमएसपी तेलंगाना से 32 लाख गांठ एवं महाराष्ट्र से 16 लाख गांठ कॉटन की खरीद की है। इसके अलावा गुजरात से निगम ने 5 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश एवं कर्नाटक से क्रमश: 3-3 लाख गांठ तथा मध्य प्रदेश से 1.25 लाख गांठ कॉटन की खरीद समर्थन मूल्य पर की है।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन 2024-25 में 8 जनवरी तक देशभर की मंडियों में 137.85 लाख गांठ कॉटन की आवक हो चुकी है। इस दौरान तेलंगाना की मंडियों में 34.85 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 27.58 लाख गांठ तथा गुजरात की मंडियों में 23.94 लाख गांठ के अलावा कर्नाटक की मंडियों में 16.41 लाख गांठ कॉटन की आवक हुई है।
उत्तर भारत के राज्यों की मंडियों में चालू सीजन में 15.13 लाख गांठ तथा ओडिशा की मंडियों में 1.13 लाख गांठ के अलावा तमिलनाडु में 58,500 गांठ तथा अन्य राज्यों में 30 हजार गांठ कॉटन की आवक हुई है।
व्यापारियों के अनुसार देशभर की राज्यों की मंडियों में इस समय करीब दो लाख गांठ कॉटन की दैनिक आवक हो रही है।
स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने के कारण बुधवार को दोपहर बाद गुजरात के साथ ही उत्तर भारत में कॉटन की कीमतों में सुधार आया। गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव में बुधवार को 50 रुपये तेज होकर दाम 54,100 से 54,500 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो हो गए।
पंजाब में रुई के हाजिर डिलीवरी के भाव 5570 से 5580 रुपये प्रति मन बोले गए। हरियाणा में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव 10 रुपये तेज होकर 5550 से 5580 रुपये प्रति मन बोले गए। ऊपरी राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव 10 रुपये तेज होकर 5570 से 5640 रुपये प्रति मन बोले गए। खैरथल लाइन में कॉटन के भाव 53,900 से 54,200 रुपये कैंडी, एक कैंडी-356 किलो बोले गए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें