कुल पेज दृश्य

21 अक्टूबर 2024

रबी फसलों के एमएसपी को मंजूरी, गेहूं का एमएसपी 6.59 फीसदी बढ़ाया

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2025-26 की प्रमुख फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य, (एमएसपी) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। गेहूं का एमएसपी 6.59 फीसदी बढ़ाकर 2,425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति, (सीसीईए) बैठक में रबी विपणन सीजन 2025-26 के एमएसपी में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया। आगामी रबी विपणन सीजन के लिए जहां गेहूं के एमएसपी में 6.59 फीसदी की बढ़ोतरी की गई, वहीं सबसे ज्यादा 7.03 फीसदी की बढ़ोतरी जौ के एमएसपी की गई है। इस दौरान सबसे कम 2.41 फीसदी की बढ़ोतरी सफ्लॉवर के एमएसपी में की गई।  

कैबिनेट के फसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गेहूं का एमएसपी 150 रुपये बढ़ाकर 2,425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। रबी विपणन सीजन 2024-25 के गेहूं का एमएसपी 2,275 रुपये प्रति क्विंटल था।

जौ के एमएसपी को 130 रुपये बढ़ाकर 1,980 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया, जबकि पिछले रबी सीजन के लिए जौ का एमएसपी 1,850 रुपये प्रति क्विंटल था।

रबी दलहन की प्रमुख फसल चना का एमएसपी 210 रुपये बढ़ाकर 5,650 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि पिछले रबी सीजन के दौरान इसका एमएसपी 5,440 रुपये प्रति क्विंटल था। इसी तरह से मसूर का एमएसपी 275 रुपये बढ़ाकर 6,700 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि पिछले रबी सीजन के दौरान इसका एमएसपी 6,425 रुपये प्रति क्विंटल था।

रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों का एमएसपी 300 रुपये बढ़ाकर 5,950 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि पिछले रबी सीजन के दौरान इसका एमएसपी 5,650 रुपये प्रति क्विंटल था। इस दौरान सफ्लॉवर का एमएसपी 140 रुपये बढ़ाकर 5,940 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि पिछले रबी सीजन के दौरान इसका एमएसपी 5,800 रुपये प्रति क्विंटल था।

सितंबर में डीओसी का निर्यात 35 फीसदी घटा - एसईए

नई दिल्ली। सितंबर में देश से डीओसी के निर्यात में 35 फीसदी की कमी आकर कुल निर्यात 213,744 टन का ही हुआ है, जबकि पिछले साल सितंबर में इनका निर्यात 330,567 टन का हुआ था।


सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एसईए के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही अप्रैल से सितंबर के दौरान डीओसी के निर्यात में 9 फीसदी की गिरावट आकर कुल निर्यात 2,082,533 टन का ही हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 2,276,120 टन का ही हुआ था।

 एसईए के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर, 2024) के दौरान सोया डीओसी का निर्यात बढ़कर 9.08 लाख टन का हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के दौरान इसका निर्यात केवल 5.86 लाख टन का ही हुआ था। निर्यात में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण यूएई, ईरान और फ्रांस द्वारा ज्यादा मात्रा में आयात को जाता है। बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड सरसों डीओसी के प्रमुख आयातक हैं।

सोपा ने चालू खरीफ सीजन में सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान 125.18 लाख टन का लगाया है, जबकि पिछले वर्ष इसका उत्पादन 118.74 लाख टन का हुआ था। सोपा ने कृषि मंत्रालय के 127.13 लाख हेक्टेयर के बुआई के अनुमान से कम 118.3 लाख हेक्टेयर में ही बुवाई होने का अनुमान जारी किया है।

भारतीय बंदरगाह पर सितंबर में सोया डीओसी का भाव तेज होकर 490 डॉलर प्रति टन हो गया, जबकि अगस्त में इसका दाम 473 डॉलर प्रति टन था। इस दौरान सरसों डीओसी का मूल्य सितंबर में भारतीय बंदरगाह पर बढ़कर 283 डॉलर प्रति टन हो गया, जबकि अगस्त में इसका भाव 273 डॉलर प्रति टन था। इस दौरान कैस्टर डीओसी का दाम अगस्त के 86 डॉलर प्रति टन से बढ़कर सितंबर में 89 डॉलर प्रति टन हो गया।

फसल सीजन 2023-24 के दौरान 28.50 लाख गांठ कॉटन का निर्यात - सीएआई

नई दिल्ली। उद्योग के अनुसार फसल सीजन 2023-24 में देश से 28.50 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन का निर्यात हुआ है, जबकि इस दौरान 17.50 लाख गांठ का आयात हुआ है।


कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई ने पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए फसल सीजन 2023-24 में कॉटन के उत्पादन अनुमान में एक बार फिर बढ़ोतरी कर कुल उत्पादन 325.29 लाख गांठ होने का अनुमान जारी किया है, जबकि इससे पहले उत्पादन अनुमान 323.02 लाख गांठ का था। फसल सीजन 2022-23 के दौरान देश में 318.90 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था।

सीएआई  के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों पंजाब में 3.65 लाख गांठ, हरियाणा में 13.30 लाख गांठ तथा अपर राजस्थान में 15.47 लाख गांठ के अलावा लोअर राजस्थान में 13.20 लाख गांठ को मिलाकर कुल उत्पादन 45.62 लाख गांठ का उत्पादन हुआ।

मध्य भारत के गुजरात में कॉटन का उत्पादन 90.50 लाख गांठ तथा महाराष्ट्र में भी 90.55 लाख गांठ के अलावा मध्य प्रदेश में 19 लाख गांठ को मिलाकर कुल 205.05 लाख गांठ का उत्पादन हुआ है।

दक्षिण भारत के राज्यों में तेलंगाना में 35 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 13 लाख गांठ तथा कर्नाटक में 21.60 लाख गांठ के अलावा तमिलनाडु में 4.25 लाख गांठ को मिलाकर कुल 73.85 लाख गांठ का उत्पादन हुआ है। ओडिशा में 3.77 लाख गांठ के अलावा अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ के उत्पादन हुआ है।

सीएआई के अनुसार फसल सीजन 2023-24 में देश से 28.50 लाख गांठ कॉटन का निर्यात हुआ है, जोकि पहले के अनुमान से 50 हजार गांठ ज्यादा है। इसके पिछले फसल सीजन में देश से 15.50 लाख गांठ कॉटन का निर्यात हुआ था। कॉटन का आयात फसल सीजन 2023-24 के दौरान 17.50 लाख गांठ का हुआ है जोकि पिछले फसल सीजन के 12.50 लाख गांठ की तुलना में पांच लाख गांठ ज्यादा है।

पहली अक्टूबर 2023 को कॉटन का बकाया स्टॉक 28.90 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि फसल सीजन  2023-24 के दौरान 325.29 लाख गांठ कॉटन का उत्पादन हुआ। इसमें 17.50 लाख गांठ आयातित कॉटन जोड़ने के बाद कुल उपलब्धता 371.69 लाख गांठ की बैठेगी। अत: इस दौरान 331.50 लाख गांठ की खपत हुई है, जबकि 28.50 लाख गांठ का निर्यात हुआ है।

मिलों के पास फसल सीजन 2023-24 के अंत में 18 लाख गांठ का बकाया स्टॉक बचा है। इसके अलावा सीसीआई, महाराष्ट्र फेडरेशन, एमएनसी एवं जिनर्स तथा व्यापारी एवं निर्यातकों के पास 11.69 लाख गांठ कॉटन का स्टॉक है।

जनवरी से सितंबर के दौरान कैस्टर तेल का निर्यात 11.51 फीसदी बढ़ा - एसईए

नई दिल्ली। चालू वर्ष के जनवरी से सितंबर के दौरान कैस्टर तेल के निर्यात में 11.51 फीसदी की बढ़ोतरी होकर कुल निर्यात 5,49,428 टन का हुआ है, जबकि पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में इसका निर्यात केवल 4,92,686 टन का ही हुआ था।


साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एसईए के अनुसार सितंबर में कैस्टर तेल का निर्यात बढ़कर 53,625 टन का हुआ है, जबकि पिछले साल सितंबर में इसका निर्यात केवल 47,717 टन का ही हुआ था। मूल्य के हिसाब से सितंबर में कैस्टर तेल का निर्यात 668.96 करोड़ रुपये का हुआ है, जबकि पिछले साल सितंबर में इसका निर्यात 633.55 करोड़ रुपये का ही हुआ था। जानकारों के अनुसार सितंबर में हुए कुल निर्यात में सबसे ज्यादा आयात चीन ने करीब 26 हजार टन का आयात किया।

व्यापारियों के अनुसार चालू सीजन में बुआई में आई कमी से कैस्टर सीड का उत्पादन कम होने का अनुमान है, जिस कारण इसके भाव में हाल ही में तेजी आई है।

गुजरात की मंडियों में सोमवार को कैस्टर सीड के भाव 1,290 से 1,310 रुपये प्रति 20 किलो पर स्थिर हो गए। राजकोट में कमर्शियल तेल के भाव सोमवार को 1,335 रुपये और एफएसजी के 1,345 रुपये प्रति 10 किलो पर स्थिर हो गए।

देशभर की मंडियों में कैस्टर सीड की दैनिक आवक सोमवार को 29 से 30 हजार बोरी, एक बोरी 35 किलो की हुई, जिसमें से गुजरात की मंडियों में 22 से 24 हजार बोरी तथा राजस्थान की मंडियों में चार से पांच हजार बोरियों की हो रही है। इसके अलावा करीब 2,000 से 2,500 बोरी सीधे मिल पहुंच का व्यापार हो रहा है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ सीजन में 20 सितंबर तक प्रमुख उत्पादक राज्यों में कैस्टर सीड की बुआई घटकर केवल 8 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 9.50 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। 

14 अक्टूबर 2024

सितंबर में खाद्वय एवं अखाद्य तेलों का आयात 30 फीसदी घटा- एसईए

नई दिल्ली। सितंबर 2024 में खाद्वय एवं अखाद्य तेलों का आयात 30 फीसदी घटकर 1,087,489 टन का हुआ है, जबकि पिछले साल सितंबर में इनका आयात 1,552,026 टन का ही हुआ था। सितंबर 2024 के दौरान खाद्वय तेलों का आयात 1,064,499 टन का एवं अखाद्य तेलों का आयात 22,990 टन का हुआ है।


सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार चालू तेल वर्ष 2023-24 के पहले 11 महीनों नवंबर 23 से सितंबर 24 के दौरान देश में खाद्वय एवं अखाद्य तेलों का आयात 6 फीसदी घटकर 14,775,000 टन का ही हुआ है, जबकि पिछले तेल वर्ष की समान अवधि में इनका आयात 15,673,102 टन का हुआ था।

व्यापारियों का अनुमान है कि तेल वर्ष 2023-24 (नवंबर-अक्टूबर) के दौरान खाद्वय एवं अखाद्य तेलों का कुल आयात पिछले वर्ष के 165.0 लाख टन की तुलना में घटकर 160.0 लाख टन होने ही की संभावना है।

एसईए के अनुसार अगस्त एवं सितंबर में पाम तेल के आयात में कमी का प्रमुख कारण सोया तेल के साथ ही सनफ्लावर तेल की कीमत तेज होना रहा। आयातकों ने इस दौरान पाम तेल के बजाए सॉफ्ट ऑयल के आयात सौदे ज्यादा मात्रा में किए।

खाद्वय तेलों के आयात शुल्क में बढ़ोतरी के बाद कुछ आयात सौदे रद्द हुए, साथ ही सॉफ्ट तेलों की शिपमेंट में भी कुछ देरी हुई है, जिसके परिणामस्वरूप आयातित कार्गो कम आए।

तेल वर्ष 2023-24 के पहले 11 महीनों में, देश में 1,695,080 टन रिफाइंड तेल (आरबीडी पामोलिन) का आयात किया, जोकि पिछले तेल वर्ष की समान अवधि के दौरान आयात किए गए 2,053,148 टन की तुलना में 17 फीसदी कम है। इस दौरान 12,840,875 टन क्रूड तेल का आयात किया गया, जोकि नवंबर 2022 एवं सितंबर 2023 के दौरान किए गए 13,415,764 टन की तुलना में 4 फीसदी कम है। हालांकि इस दौरान रिफाइंड तेलों का अनुपात 13 फीसदी से मामूली रूप से घटकर 12 फीसदी रह गया, जबकि क्रूड तेल का अनुपात 87 फीसदी से बढ़कर 88 फीसदी हो गया।

अगस्त के मुकाबले सितंबर में आयातित खाद्वय तेलों की कीमतों में तेजी का रुख रहा। सितंबर में भारतीय बंदरगाह पर आरबीडी पामोलिन का भाव बढ़कर 1,038 डॉलर प्रति टन हो गया, जबकि अगस्त में इसका दाम 980 डॉलर प्रति टन था। इसी तरह से क्रूड पाम तेल का दाम सितंबर में बढ़कर 1,071 डॉलर प्रति टन का हो गया, जबकि अगस्त में इसका भाव 1,011 डॉलर प्रति टन था। क्रूड सोयाबीन तेल का भाव सितंबर में बढ़कर भारतीय बंदरगाह पर 1,045 डॉलर प्रति टन का हो गया, जबकि अगस्त में इसका भाव 1,015 डॉलर प्रति टन था। इसी तरह से क्रूड सनफ्लावर तेल का भाव भारतीय बंदरगाह पर अगस्त के 1,019 डॉलर से बढ़कर सितंबर में 1,070 डॉलर प्रति टन हो गया।

चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में ग्वार गम का निर्यात 7.18 फीसदी बढ़ा

नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले पांच महीनों अप्रैल से अगस्त के दौरान देश से ग्वार गम उत्पादों के निर्यात में 7.18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उत्पादक मंडियों में ग्वार सीड की आवक शुरू हो गई है तथा मौसम साफ है इसलिए आगामी दिनों में दैनिक आवकों में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2024-25 के अप्रैल से अगस्त के दौरान ग्वार गम उत्पादों का निर्यात बढ़कर 1.94 लाख टन का हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की समान अवधि में इसका निर्यात केवल 1.81 लाख टन का ही हुआ था।

मूल्य के हिसाब से चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले पांच महीनों के दौरान ग्वार गम उत्पादों का निर्यात 2,006.65 करोड़ रुपये का हुआ है।

देशभर की मंडियों में गुरुवार को ग्वार सीड की दैनिक आवक बढ़कर 25 से 26 हजार बोरियों की हुई। इसमें नए ग्वार सीड की हिस्सेदारी 19 से 20 हजार बोरियों की तथा पुरानी की पांच से छह हजार बोरियों की रही।

व्यापारियों के अनुसार मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव से क्रूड तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के डर से कीमतों में तेजी आई है, तथा दिसंबर का ब्रेंट क्रूड वायदा 1.55 फीसदी बढ़कर 77.77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसका असर घरेलू बाजार में ग्वार सीड और ग्वार गम की कीमतों पर पड़ रहा है।

चालू सीजन में ग्वार सीड की बुआई में आई कमी से उत्पादन अनुमान कम है, जिस कारण नए फसल की आवक के समय ही स्टॉकिस्ट सक्रिय हो गया है। इसलिए हाल ही में इसके दाम तेज हुए हैं।

हरियाणा की सिरसा मंडी में गुरुवार को ग्वार सीड के भाव 4,500 से 5,241 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। एनसीडीएक्स पर ग्वार सीड के नवंबर वायदा अनुबंध में 106 रुपये की तेजी आकर भाव 5,594 रुपये प्रति क्विंटल हो गए, जबकि ग्वार गम के नवंबर महीने के वायदा अनुबंध में 293 रुपये की तेजी आकर दाम 11,411 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

अप्रैल से अगस्त के दौरान बासमती चावल का निर्यात 15.52 फीसदी बढ़ा, गैर बासमती का 36.83 कम - एपिडा

नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले पांच महीनों अप्रैल से अगस्त के दौरान देश से बासमती चावल के निर्यात में 15.52 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, वहीं इस दौरान गैर बासमती चावल के निर्यात में 36.83 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई।


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2024-25 के अप्रैल से अगस्त के दौरान बासमती चावल का निर्यात 15.52 फीसदी बढ़कर 23.22 लाख टन का हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की समान अवधि में इसका निर्यात केवल 20.10 लाख टन का ही हुआ था।

गैर बासमती चावल के निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले पांच महीनों अप्रैल एवं अगस्त के दौरान 36.83 फीसदी की भारी गिरावट आकर कुल निर्यात 40.78 लाख टन का ही हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के दौरान इसका निर्यात 64.56 लाख टन का हुआ था।

मूल्य के हिसाब से चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले पांच महीनों के दौरान बासमती चावल का निर्यात 20,545.96 करोड़ रुपये का और गैर बासमती चावल का 16,428.70 करोड़ रुपये का हुआ है।

केंद्र सरकार ने पिछले दिनों बासमती चावल के न्यूनतम निर्यात मूल्य, एमईपी 950 डॉलर प्रति टन को समाप्त किया था।

हरियाणा लाइन से नए पूसा 1,509 किस्म के स्टीम चावल का व्यापार 6,100 रुपये आर इसके सेला चावल का 5,400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

पंजाब एवं हरियाणा के साथ ही राजस्थान की मंडियों में पूसा 1,509 किस्म के धान के साथ ही 1,847 किस्म एवं परमल धान की आवक हो रही है, जबकि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की मंडियों पूसा 1,509 के साथ एचआर 10 एवं शरबती के साथ ही परमल धान की आवक हो रही है।

पंजाब की अमृतसर मंडी में बुधवार को धान की आवक 1,70,000 बोरियों की हुई तथा पूसा 1,509 किस्म के धान के भाव 2,500 से 2,805 रुपये प्रति क्विंटल रहे। राज्य की संगरूर मंडी में धान की आवक 15,000 बोरियों की हुई तथा पूसा 1,509 किस्म के धान का भाव 2,955 रुपये और 1,847 किस्म के धान का भाव 2,850 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

हरियाणा की टोहाना मंडी में पूसा 1,509 किस्म के धान का भाव 2,925 रुपये और 1,847 किस्म के धान का भाव 2,790 रुपये प्रति क्विंटल रहा। राज्य की घरौंडा मंडी में 1,509 किस्म के धान का व्यापार 2,710 रुपये और 1,847 किस्म के धान का 2,550 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

उत्तर प्रदेश की बिलासपुर मंडी में धान की आवक 80 हजार बोरियों की हुई तथा पूसा 1,509 के भाव 2,100 से 2,525 रुपये और पीआर 26 किस्म के धान का भाव 1,900 से 2,030 रुपये तथा शरबती धान का व्यापार 2,050 से 2,125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।