नई दिल्ली। अल नीनो की आशंकाओं के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत कमजोर होने का असर खरीफ फसलों की बुआई पर दिखने लगा है। चालू खरीफ सीजन 2026 के शुरुआती चरण में फसलों की बुआई 3.90 फीसदी पिछड़ कर 84.60 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 88.04 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। इस दौरान कपास की बुआई काफी पीछे चल रही है।
भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार 4 जून से 15 जून के दौरान देश में सामान्य से 53.7 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 19.2 मिमी बारिश हुई है। अत: इस अवधि के दौरान सामान्य की तुलना में 64 फीसदी कम बारिश हुई है, जोकि खरीफ फसलों की बुआई के लिए चिंताजनक है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में 12 जून तक कपास की बुआई घटकर केवल 9.53 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 13.19 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। अत: पिछले साल की तुलना में कपास की बुआई 27.74 फीसदी पीछे चल रही है।
धान की रोपाई चालू खरीफ में बढ़कर 4.98 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 3.88 लाख हेक्टेयर में ही रोपाई हो पाई थी।
चालू खरीफ सीजन में गन्ने की बुआई 54.08 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि के 54.29 लाख हेक्टेयर की तुलना में थोड़ी कम है।
चालू खरीफ सीजन में दालों की बुआई घटकर 1.55 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 2.73 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। चालू खरीफ में मूंग की बुआई 69 हजार हेक्टेयर में और उड़द की 27 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक मूंग की बुआई 1.54 लाख हेक्टेयर में और उड़द की 35 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी। अरहर की बुआई चालू खरीफ में 9 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 21 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू खरीफ सीजन में बढ़कर 4.77 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई 4.32 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। इस दौरान मक्का की बुआई 2.28 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 2.59 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है। बाजरा की बुआई बढ़कर 1.15 लाख हेक्टेयर में, ज्वार की बुआई 73 हजार हेक्टेयर में तथा रागी की बुआई 31 हजार हेक्टेयर में ही हुई है।
चालू खरीफ सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई थोड़ी घटकर 3.51 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 3.54 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी। मूंगफली की बुआई चालू खरीफ सीजन में बढ़कर 2.57 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 2.27 हजार हेक्टेयर में ही हुई थी। सोयाबीन की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 70 हजार हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 90 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी। इस दौरान सनफ्लावर की 16 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 22 हजार हेक्टेयर की तुलना में कम है।
जूट की बुआई चालू खरीफ सीजन में 6.18 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 6.09 लाख हेक्टेयर की तुलना में बढ़ी है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें