नई दिल्ली। चालू रबी विपणन सीजन 2026-27 में 11 जून तक गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद बढ़कर 354.80 लाख टन की हो गई है जोकि रबी विपणन सीजन 2025-26 की समान अवधि के 300.35 लाख टन की तुलना में 18.12 फीसदी ज्यादा है।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार पंजाब से चालू रबी सीजन में 11 जून तक 121.63 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 119.19 लाख टन से ज्यादा है।
हरियाणा से चालू रबी सीजन में गेहूं की सरकारी खरीद बढ़कर 81.21 लाख टन की हो चुकी है, जोकि तय लक्ष्य 72 लाख टन से ज्यादा है। पिछले साल की समान अवधि में राज्य से 71.43 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी।
मध्य प्रदेश से चालू रबी सीजन में 11 जून तक 104.37 लाख टन गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 77.74 लाख टन की तुलना में ज्यादा है।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार उत्तर प्रदेश से चालू रबी में गेहूं की खरीद 20.20 लाख टन और राजस्थान से 25.388 लाख टन की हुई है जबकि पिछले रबी विपणन सीजन की समान अवधि में इन राज्यों से क्रमश: 10.27 लाख टन और 21.37 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी।
गुजरात से चालू रबी सीजन में 88 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 4 टन की तुलना में बढ़ी है। केंद्र सरकार ने गुजरात से गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य 100,000 टन तय किया था।
बिहार से चालू रबी में 39 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 18 हजार टन की तुलना में दोगुनी है। अन्य राज्यों में उत्तराखंड से 10 हजार टन, चंडीगढ़ से 10 हजार टन तथा हिमाचल प्रदेश से 5 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई है।
सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 (अप्रैल-मार्च) के दौरान गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 345.99 लाख टन कर दिया था, जबकि पहले 303 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय किया गया था।
कृषि मंत्रालय के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2025-26 के दौरान गेहूं का उत्पादन 1,206.57 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 1,179.45 लाख टन की तुलना में 27.12 लाख टन अधिक है।
चालू सप्ताह में गेहूं की कीमतों में 40 से 50 रुपये तेजी आ चुकी है। शनिवार को दिल्ली में गेहूं के भाव 2,705 से 2,710 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। व्यापारियों के अनुसार गेहूं में फ्लोर मिलों की मांग सीमित बनी रहने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें