नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को जुलाई 2026 के लिए घरेलू बाजार में बिक्री हेतु 22 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया है जोकि जुलाई 2025 में जारी किए गए कोटे के बराबर है।
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्रालय ने जून 2026 के लिए घरेलू बाजार में बिक्री हेतु 22.50 लाख टन का कोटा जारी किया था।
व्यापारियों के अनुसार गर्मी का सीजन होने के कारण चीनी की मांग अभी बनी रहने की उम्मीद है तथा केंद्र सरकार ने 22 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया है। ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में हल्का सुधार तो बन सकता है, लेकिन एकतरफा बड़ी तेजी के आसार नहीं है।
भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के दक्षिण पश्चिमी मानसून 24 जून, 2026 को गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों और छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं।
जानकारों के अनुसार देशभर में मानसून सक्रिय होने के बाद चीनी की मांग कम होने का अनुमान है। पिछले साल जून में देश में चीनी की खपत 23 लाख टन की हुई थी।
दिल्ली में बुधवार चीनी के थोक भाव 4,450 रुपये तथा कानपुर में 4,460 रुपये और मुंबई में 4,280 रुपये के साथ ही कोलकाता में 4,480 रुपये प्रति क्विंटल रहे। इस दौरान दिल्ली चीनी के खुदरा भाव 47 रुपये, कानपुर में 47 रुपये और मुंबई में 44 रुपये के साथ ही कोलकाता में 47 रुपये किलो रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें