नई दिल्ली। चालू रबी विपणन सीजन 2026-27 में 31 मई तक गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद बढ़कर 349.92 लाख टन की हो गई है जोकि रबी विपणन सीजन 2025-26 की समान अवधि के 298.20 लाख टन की तुलना में ज्यादा है।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार पंजाब एवं हरियाणा से जहां गेहूं की सरकारी खरीद बंद हो चुकी है। पंजाब से चालू रबी सीजन में 31 मई तक 121.63 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 119.24 लाख टन से ज्यादा है।
हरियाणा से चालू रबी सीजन में गेहूं की सरकारी खरीद बढ़कर 81.21 लाख टन की हो चुकी है, जोकि तय लक्ष्य 72 लाख टन से ज्यादा है। पिछले साल की समान अवधि में राज्य से 70.83 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी।
मध्य प्रदेश से चालू रबी सीजन में 31 मई तक 104.37 लाख टन गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 77.75 लाख टन की तुलना में ज्यादा है। केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद के तय लक्ष्य को 78 लाख टन से बढ़ाकर 100 लाख टन कर दिया था।
भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई के अनुसार उत्तर प्रदेश से चालू रबी में गेहूं की खरीद 17.21 लाख टन और राजस्थान से 24.32 लाख टन की हुई है जबकि पिछले रबी विपणन सीजन की समान अवधि में इन राज्यों से क्रमश: 10.25 लाख टन और 19.80 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी।
गुजरात से चालू रबी सीजन में 59 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 4 लाख टन की तुलना में बढ़ी है। केंद्र सरकार ने गुजरात से गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य 100,000 टन तय किया हुआ है।
बिहार से चालू रबी में 36 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 18 हजार टन की तुलना में दोगुनी है। अन्य राज्यों में उत्तराखंड से 9 हजार टन, चंडीगढ़ से 10 हजार टन तथा हिमाचल प्रदेश से 4 हजार टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को चालू रबी सीजन में नुकसान हुआ है। अत: किसानों को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने हरियाणा और राजस्थान तथा पंजाब में गेहूं की चमक में कमी, लस्टर लॉस की सीमा को बढ़ाकर 70 फीसदी और टूटे दानों की सीमा को बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया था। केंद्र सरकार ने राज्य की खरीद एजेंसियों से कहा है कि वे रिलैक्स स्पेसिफिकेशन (यूआरएस) कैटेगरी के तहत खरीदे गए गेहूं को अलग से स्टोर करें और उसका हिसाब रखें।
सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 (अप्रैल-मार्च) के दौरान गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 345.99 लाख टन कर दिया था, जबकि पहले 303 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय किया गया था।
कृषि मंत्रालय के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2025-26 के दौरान गेहूं का उत्पादन 1,206.57 लाख टन अनुमान है जो पिछले वर्ष के 1,179.45 लाख टन की तुलना में 27.12 लाख टन अधिक है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें