कुल पेज दृश्य

19 जून 2024

कॉटन का उत्पादन अनुमान 2.81 फीसदी बढ़ने की उम्मीद, आयात में कमी की आशंका

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2023-24 में कॉटन का उत्पादन 317.77 लाख गांठ एक गांठ 170 किलोग्राम होने का अनुमान है, जोकि मई के अनुमान की तुलना में 2.81 फीसदी यानी 8.63 लाख गांठ ज्यादा है।


सीएआई ने मई में 309.07 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान जारी किया था। इसके पिछले साल देश में कॉटन का उत्पादन 318.90 लाख गांठ का हुआ था।

उद्योग ने चालू सीजन 2023-24 में कॉटन के निर्यात अनुमान में बढ़ोतरी की है, जबकि इसके आयात अनुमान में कटौती की है।

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन में 26 लाख गांठ कॉटन का निर्यात होने का अनुमान है, जोकि पहले के अनुमान 22 लाख गांठ से ज्यादा है। चालू फसल सीजन 2023-24 में मई अंत तक देश से 23 लाख गांठ की निर्यात शिपमेंट हो चुकी है। पिछले फसल सीजन के दौरान केवल 15.50 लाख गांठ कॉटन का ही निर्यात हुआ था।

व्यापारियों के अनुसार विश्व बाजार में भारतीय रुई सस्ती होने के कारण मार्च 24 तक निर्यात सौदों में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन पिछले दो महीनों से आईसीई कॉटन वायदा की कीमतों में गिरावट आई है, जिस कारण निर्यात सौदों में पहले की तुलना में कमी आई है।

चालू फसल सीजन में कॉटन का आयात 16.40 लाख गांठ ही होने का अनुमान है, जोकि इसके पहले के अनुमान 20.40 लाख गांठ से कम है। सीएआई के अनुसार 31-05-2024 तक 5.50 लाख गांठ कॉटन भारतीय बंदरगाह पर पहुंच चुकी है। पिछले फसल सीजन के दौरान 12.50 लाख गांठ कॉटन का आयात ही हुआ था।

उद्योग के अनुसार चालू फसल सीजन में 31 मई 2024 तक देशभर की मंडियों में कॉटन की आवक 296.53 लाख गांठ की हो चुकी है।

सीएआई के अनुसार 31 मई 2024 को 23.32 लाख गांठ कॉटन का स्टॉक एमएनसी और जिनर्स के पास है। इसके अलावा 25.21 लाख गांठ कॉटन का स्टॉक कॉटन कारपोरेशन ऑफ इंडिया, सीसीआई के पास है तथा 0.40 लाख गांठ का एमसीएक्स के पास है।

सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2023 को कॉटन का बकाया स्टॉक 28.90 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 317.70 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है। चालू सीजन में करीब 16.40 लाख गांठ कॉटन का आयात होने की उम्मीद है। ऐसे में कुल उपलब्धता 363 लाख गांठ की बैठेगी। चालू फसल सीजन में कॉटन की कुल घरेलू खपत 317 लाख गांठ होने का अनुमान है।

चालू फसल सीजन के अंत में 30 सितंबर 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 20 लाख गांठ बचने का अनुमान है, जोकि इसके पिछले साल की समान अवधि के 28.90 लाख गांठ की तुलना में कम है।

कोई टिप्पणी नहीं: