कुल पेज दृश्य

08 फ़रवरी 2024

उत्तर भारत के राज्यों में जनवरी अंत तक 39.40 लाख गांठ कॉटन की आवक हुई - उद्योग

नई दिल्ली। उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा एवं अपर राजस्थान के साथ ही लोअर राजस्थान की मंडियों में चालू फसल सीजन 2023-24 में जनवरी अंत तक 39.40 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन की आवक हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 26.76 लाख गांठ से ज्यादा है।

इंडियन कॉटन एसोसिएशन लिमिटेड, आईसीएएल के अनुसार चालू फसल सीजन 2023-24 में पहली सितंबर 2023 से जनवरी 2024 के दौरान पंजाब की मंडियों में 2,97,453 गांठ कॉटन की आवक हुई है, जबकि इस दौरान हरियाणा की मंडियों में 11,30,360 गांठ कॉटन की आवक हुई। अपर राजस्थान की मंडियों में इस दौरान 12,85,700 गांठ और लोअर राजस्थान की मंडियों में 12,27,410 गांठ कॉटन की आवक हो चुकी है।

आईसीएएल के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों में फसल सीजन 2023-24 में 48.32 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि इसके पिछले फसल सीजन 2022-23 के 42.22 लाख गांठ से ज्यादा है। अत: जनवरी अंत तक कॉटन की आवक 39.40 लाख गांठ की इन राज्यों की मंडियों में हो चुकी है तथा इन राज्यों में अब केवल 8.92 लाख गांठ कॉटन का ही बकाया स्टॉक बचा हुआ है।

आईसीएएल के अनुसार इन राज्यों से कॉटन कारपोरेशन आफ इंडिया, सीसीआई ने चालू फसल सीजन में 1,14,965 गांठ कॉटन की खरीद की है। पंजाब से 38,240 गांठ, हरियाणा से 40,100 गांठ एवं अपर राजस्थान से 16,625 गांठ के अलावा लोअर राजस्थान की मंडियों से 20 हजार गांठ का खरीद हुई है।


कोई टिप्पणी नहीं: