कुल पेज दृश्य

27 दिसंबर 2019

ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान, अगले 24 घंटों में और बारिश का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से रबी फसलों गेहूं, चना, सरसों और जौ को नुकसान हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी तथा मैदानी भागों में बारिश होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में एक दो स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई जबकि उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखी गई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि की कुछ घटनाओं के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश देखी गई। गुजरात, बिहार, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जबकि ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय स्टेशनों और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानो में हल्की बारिश देखने को मिली।
राजस्थान में मुख्यमंत्री ने नुकसान की भरपाई का दिया आश्वासन
राजस्थान के नागौर, जोधपुर, सीकर, झुंझुनूं और चूरू के आस-पास के इलाकों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई है। सबसे अधिक ओले नागौर की जायल तहसील इलाके में गिरने के समाचार हैं। यहां जमीन ओलों से सफेद हो गई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में गुरुवार को ओलावृष्टि से फसल खराबे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में प्रदेश सरकार किसानों के साथ है, ओलावृष्टि से हुए खराबे की जांच कराकर उन्हें राहत प्रदान की जायेगी। राज्य के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी चिंताजनक है। इस विपदा के समय में राज्य सरकार किसानों के साथ है और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों की जांच करवाकर उन्हें जल्द राहत प्रदान की जाएगी|
मध्य प्रदेश के भोपाल, देवास और रायसेन में फसलों को नुकसान
मध्य प्रदेश के भोपाल, देवास और रायसेन के साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के साथ ओले गिरे। रायसेन में तेज हवाओं के साथ बारिश और जमकर ओलावृष्टि हुई, जिले के सेहतगंज और भोपाल रोड पर ओले की सफेद चादर सी बिछ गई। बारिश से राज्य में चना, गेहूं और सरसों के साथ ही सब्जियों की फसलों को नुकसान की आशंका हैं बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए राज्य के कृषि मंत्री सचिन यादव ने ट्वीट करके किसानों को चिंता न करने के लिए कहा है। उन्होंने ट्वीट किया कि आज प्रदेश के बहुत से जिलों से ओलावृष्टि की दुःखद खबरें प्राप्त हुई है, किसान भाइयों को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। कमलनाथ सरकार किसानों की सरकार है। हम किसानों के साथ हर संकट में साथ खड़े है और हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।
हरियाणा के कई जिलों में ओलावृष्टि से नुकसान
हरियाणा के नुहं, नगीना, फ़िरोज़पुर झिरका, पुन्हाना और पिनगवां आदि जिलों में भी ओलावृष्टि होने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। पुन्हाना की अनाज मंडी में रखा हजारों क्विंटल धान बारिश में भीग गया, जबकि ओलावृष्टि की वजह से सरसों, गेहूं के साथ ही टमाटर और बैंगन आदि की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है।
अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ अभी बना हुआ है जो पूर्व दिशा की ओर जा रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पंजाब पर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान, पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर मध्यम से भारी बारिश और हिमपात जारी रहने की उम्मीद है जबकि पंजाब, उत्तर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश और हिमपात की आशंका है। असम, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश देखी जा सकती है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आएगी। उत्तरी मैदानी इलाकों में मध्यम से घने कोहरे की आशंका है।...........  आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: