कुल पेज दृश्य

29 अक्टूबर 2024

स्पिनिंग मिलों की कमजोर मांग गुजरात एवं उत्तर भारत में चौथे दिन कॉटन मंदी

नई दिल्ली। स्पिनिंग मिलों की मांग कमजोर बनी रहने के कारण शुक्रवार गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में लगातार चौथे कॉटन की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।


गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव में शुक्रवार को 200 रुपये की गिरावट आकर दाम 55,300 से 55,700 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो रह गए। पिछले चार कार्यदिवस में कॉटन के दाम राज्य में कॉटन की कीमतों में 500 रुपये प्रति कैंडी का मंदा आ चुका है।

पंजाब में नई रुई के हाजिर डिलीवरी के भाव 5740 से 5750 रुपये प्रति मन बोले गए। हरियाणा में नई रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव 5720 से 5730 रुपये प्रति मन बोले गए।
ऊपरी राजस्थान में नई रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव 5720 से 5755 रुपये प्रति मन बोले गए। खैरथल लाइन में कॉटन के भाव 55,200 से 55,400 रुपये कैंडी, एक कैंडी-356 किलो बोले गए।

देशभर की मंडियों में कपास की आव 81,200 गांठ, एक गांठ-170 किलो की हुई।

घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स के साथ ही एनसीडीएक्स पर आज शाम को कॉटन की कीमतों में में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान आईसीई के इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग में भी कॉटन की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।

स्पिनिंग मिलों की मांग कमजोर होने के कारण लगातार चौथे दिन गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन की कीमतों में गिरावट आई है। व्यापारियों के अनुसार घरेलू बाजार में सूती धागे की मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है जबकि विश्व बाजार में हाल ही में कॉटन की कीमतों में मंदा आया। जिस कारण घरेलू बाजार से निर्यात में भी पड़ते नहीं लग रहे।

हालांकि चालू सीजन में बुआई में आई कमी के साथ ही कई राज्यों में प्रतिकूल मौसम का असर देश में कॉटन के उत्पादन और क्वालिटी पर पड़ने की आशंका है, लेकिन ग्राहकी भी कमजोर बनी हुई है। विदेश में दाम कमजोर होने के कारण आयात सौदे भी ज्यादा मात्रा में हुए हैं। इसलिए घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतों में अभी तेजी के आसार नहीं है। उत्पादक मंडियों में आगामी दिनों में नई फसल की आवकों में भी बढ़ोतरी होगी।

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के आरंभिक अनुसार के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में देश में 302.25 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि इसके पिछले फसल सीजन 2023-24 के 325.29 लाख गांठ से कम है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ सीजन में कपास की बुआई 10.96 फीसदी घटकर 112.76 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इसकी बुआई 123.71 लाख हेक्टेयर में हुई थी।

25 अक्टूबर 2024

धान खरीद नहीं होने के चलते पंजाब में किसान 26 अक्टूबर से करेंगे चक्का जाम

नई दिल्ली। धान की सरकारी खरीद धीमी गति से होने के चलते पंजाब के किसानों ने राज्य में चक्का जाम करने का फैसला किया है। किसान यूनियनों ने गुरुवार को कड़ा फैसला लेते हुए कहां कि 26 अक्टूबर, दोपहर 1 बजे से सारे पंजाब में चक्का जाम किया जाएगा।


किसान यूनियनों के अनुसार एक महीने से किसान सरकार ने प्रार्थना कर रहे हैं, कि धान की सरकारी खरीद एवं उठाव में तेजी लाई जाए। किसान के धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर की जाए, तथा खरीद के समय जो कटौती की जा रही है, उसे बंद किया जाए। किसानों के अनुसार राज्य की अधिकांश मंडियां धान से भरी हुई हैं, तथा मिल मालिक धान का उठाव नहीं कर रहे हैं। राज्य सरकार भी नींद में है। अत: धान की सरकारी खरीद में देरी के कारण किसानों को कटाई रोकनी पड़ी है। इससे जहां गेहूं की बुवाई में देरी होगी, वहीं किसान को पराली प्रबंधन के लिए समय नहीं मिल पायेगा।

सेंट्रल फूड ग्रेन प्रोक्योरमेंट पोर्टल के अनुसार 24 अक्टूबर तक पंजाब की मंडियों में 30,07,937.77 टन धान की खरीद एमएसपी पर की गई है। पंजाब के खाद्य मंत्री लाल चंद कटारूचक ने 23 अक्टूबर को कहा था कि चालू खरीफ विपणन सीजन में अब तक 10 लाख टन धान का उठाव किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में धान का उठाव सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने बताया कि 5,683 करोड़ रुपये की राशि पहले ही किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।

सूत्रों के अनुसार चालू खरीफ विपणन सीजन 2024-25 में अभी तक हरियाणा की मंडियों में 39,66,050 टन धान की आवक हुई है, जिसमें से 36,69,146 टन धान की खरीद एमएसपी पर की गई है। हरियाणा में अभी तक किसानों के खाते में 5,337 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं। हरियाणा की मंडियों से भी धान का उठाव धीमी गति से रहा है। सरकारी खरीद में देरी के साथ ही उठाव नहीं होने के कारण 23 अक्टूबर को राजौंद अनाज मंडी में किसानों ने गेट पर ताला जड़ कर असंध-कैथल रोड पर जाम लगाया था।

केंद्रीय पूल से चना एवं चना दाल के साथ ही मसूर तथा मूंग दाल की बिक्री शुरू

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने बुधवार को बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय पूल से ‘भारत’ ब्रांड के तहत साबुत चना एवं चना दाल के साथ ही मसूर तथा मूंग दाल की बिक्री शुरू कर दी।


केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि सहकारी नेटवर्क भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (एनसीसीएफ) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (नेफेड) के साथ ही केन्द्रीय भंडार के जरिये साबुत चना को 58 रुपये प्रति किलो और मसूर दाल को 89 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाएगा। इसके अलावा चना दाल 70 रुपये किलो, मूंग दाल 107 रुपये तथा साबुत मूंग 93 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जायेगी। मसूर दाल की बिक्री 89 रुपये प्रति किलो की दर की जायेगी।

जोशी ने इस पहल के दूसरे चरण को पेश करते हुए कहा कि हम मूल्य स्थिरीकरण कोष के अंतर्गत रखे गए अपने भंडार को सब्सिडी वाली कीमत पर बेच रहे हैं। केंद्र सरकार ने सहकारी समितियों को तीन लाख टन चना और 68,000 टन मूंग आवंटित की है।

इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री बी. एल. वर्मा और निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया भी उपस्थित रहे।

एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक अनीस जोसेफ चंद्रा ने कहा कि वितरण दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से शुरू होगा तथा 10 दिन के भीतर इसके देशव्यापी विस्तार की योजना है।

केंद्रीय पूल से गेहूं के आटे की बिक्री के लिए 30 रुपये प्रति किलो, चावल की बिक्री के लिए 34 रुपये प्रति किलो तथा चना दाल की बिक्री के लिए 70 रुपये प्रति किलो का भाव तय किया गया है। वहीं मूंग दाल तथा मूंग साबुत की बिक्री कीमत क्रमशः 107 रुपये प्रति किलो और 93 रुपये प्रति किलो तय की गई है।

केंद्र सरकार प्याज के लिए 35 रुपये प्रति किलोग्राम और टमाटर के लिए 65 रुपये प्रति किलोग्राम की दर बनाए रखने की भी कोशिश कर रही है।

केंद्रीय मंत्री ने इस वर्ष दालों के बेहतर उत्पादन की उम्मीद जताई है क्योंकि सरकार ने दालों के न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी में काफी वृद्धि की है।

चालू सीजन में 302.25 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान - उद्योग

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में देश में 302.25 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि इसके पिछले फसल सीजन 2023-24 के 325.29 लाख गांठ से कम है।


कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के आरंभिक अनुसार के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों पंजाब में कॉटन का उत्पादन फसल सीजन 2024-25 में 3 लाख गांठ, हरियाणा में 12 लाख गांठ, अपर राजस्थान में 11.50 लाख गांठ एवं लोअर राजस्थान के 9.50 लाख गांठ को मिलाकर कुल 36 लाख गांठ होने का अनुमान है।

सीएआई के अनुसार मध्य भारत के राज्यों गुजरात में चालू फसल सीजन में 80 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 90 लाख गांठ तथा मध्य प्रदेश के 19 लाख गांठ को मिलाकर कुल 189 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।

दक्षिण भारत के राज्यों में तेलंगाना में चालू फसल सीजन में 34 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 12 लाख गांठ एवं कर्नाटक में 22 लाख गांठ तथा तमिलनाडु के 4 लाख गांठ को मिलाकर कुल 72 लाख गांठ के कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।

ओडिशा में चालू खरीफ में 3.25 लाख गांठ एवं अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।

सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 30.29 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 302.25 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है। चालू सीजन में करीब 25 लाख गांठ कॉटन का आयात होने की उम्मीद है। ऐसे में कुल उपलब्धता 357.54 लाख गांठ की बैठेगी।

चालू फसल सीजन में कॉटन की कुल घरेलू खपत 313 लाख गांठ होने का अनुमान है, जबकि इस दौरान 18 लाख गांठ के निर्यात की उम्मीद है।

बुआई में कमी के साथ ही हाल ही में गुजरात के साथ ही अन्य कई राज्यों में हुई बेमौसम बारिश का असर चालू सीजन में कपास की फसल पर पड़ने का डर है, जिस कारण इसके उत्पादन अनुमान में कमी आने की आशंका है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में कपास की बुआई 14 लाख हेक्टेयर घटकर 112.90 लाख हेक्टेयर में ही हुई, जबकि पिछले साल इसकी बुआई 126.90 लाख हेक्टेयर में हुई थी।

गुजरात में मूंगफली का रिकॉर्ड 42.19 लाख टन उत्पादन अनुमान - एसईए

नई दिल्ली। चालू खरीफ सीजन में गुजरात में मूंगफली का रिकार्ड उत्पादन 42.19 लाख टन होने का अनुमान है, जोकि पिछले साल के 33.45 लाख टन की तुलना में 26 फीसदी ज्यादा है।


साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन आफ इंडिया, एसईए द्वारा जारी सर्वे रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में मूंगफली की प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादकता चालू खरीफ सीजन में 2210 किलोग्राम होने का अनुमान है।

राज्य सरकार के अनुसार चालू फसल सीजन 2024-25 के खरीफ सीजन में राज्य में मूंगफली की बुआई 19.09 लाख हेक्टेयर में हुई है, जोकि 2023-24 के 16.35 लाख हेक्टेयर की तुलना में 2.74 लाख हेक्टेयर अधिक है। देशभर में मूंगफली की बुआई चालू खरीफ सीजन में 47.8 लाख हेक्टेयर में हुई है।

एसईए के अनुसार पिछले दो सप्ताह में राज्य के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश के कारण अगेती फसल को नुकसान हुआ है, जिसे फसल अनुमान (वर्तमान) में कम करके आंका गया है। पिछले तीन दिनों में सौराष्ट्र के भी कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे खेतों में कटी और पड़ी फसल को और अधिक नुकसान हो सकता है और आवक में भी देरी होने की आशंका है। अत: दिवाली के बाद परिषद एक बार फिर से फसल की समीक्षा करेगी और अगर फसल को नुकसान हुआ पाया जाता है, तो फसल अनुमान को संशोधित कर सकती है।

केंद्र सरकार ने मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी 6,783 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है, जबकि अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) के भाव मंडियों में एमएसपी से नीचे 6,250 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं।

राज्य की गोंडल मंडी में सोमवार को मूंगफली की आवक 60 हजार बोरी (1 बोरी-35 किलो) से ज्यादा की हुई जबकि व्यापार केवल 32 से 34 हजार बोरियों के हुए। मंडी में एवरेज क्वालिटी के भाव 1090-1250 रुपये और बेस्ट क्वालिटी के भाव 1080-1220 रुपये प्रति 20 किलो रहे।राज्य की राजकोट मंडी में एवरेज क्वालिटी की मूंगफली के भाव 1040-1320 रुपये और बेस्ट क्वालिटी के भाव 1000-1200 रुपये प्रति 20 किलो रहे। गुजरात की मंडियों में सोमवार को मूंगफली की कुल आवक करीब पौने दो लाख बोरियों की हुई। 

21 अक्टूबर 2024

मांग बढ़ने से बिनौला के साथ ही कपास खली के भाव तेज, कॉटन वॉश स्थिर से कमजोर

नई दिल्ली। मांग बढ़ने से शुक्रवार को घरेलू बाजार में बिनौला के साथ ही कपास खली की कीमतों में तेजी आई, जबकि इस दौरान कॉटन वॉश के दाम स्थिर से कमजोर हुए। व्यापारियों के अनुसार आगामी दिनों में नई कपास की आवक बढ़ेगी, जिससे बिनौला के साथ ही कपास खली की उपलब्धता बढ़ेगी, इसलिए इनके भाव में हल्का सुधार तो और भी आ सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार कम है।


तेल मिलों की मांग बढ़ने से बिनौले की कीमत उत्तर भारत के राज्यों में तेज हुई। हरियाणा में बिनौले के भाव 150 रुपये बढ़कर 4500 से 4700 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान श्रीगंगानगर लाइन में नए बिनौला के भाव 150 रुपये तेज होकर 4600 से 4800 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। बिनौला के दाम पंजाब में 150 रुपये बढ़कर 4550 से 4700 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

पशु आहार वालों की मांग बढ़ने से कपास खली की कीमत तेज हुई। बीड में रेगुलर क्वालिटी की कपास खली की कीमत 50 रुपये तेज होकर 3,750 से 4,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। इस दौरान बालानगर में कपास खली के दाम 20 रुपये बढ़कर 3,890 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। पिंपलगांव में कपास खली के भाव 10 रुपये तेज होकर 3,860 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

विदेशी बाजार में आज खाद्वय तेलों की कीमतों में गिरावट का रुख रहा, जबकि घरेलू बाजार में भी कॉटन वॉश की कीमत स्थिर से कमजोर हुई। गुजरात डिलीवरी कॉटन वॉश के भाव 5 रुपये कमजोर होकर 1,180 रुपये प्रति 10 किलो रह गए। राजकोट में कॉटन वॉश की कीमत 5 रुपये घटकर 1,210 रुपये प्रति दस किलो रह गई। धुले में कॉटन वॉश के दाम 1,200 रुपये प्रति 10 किलो पर स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार कॉटन वॉश की कीमतों में तेजी, मंदी काफी हद तक आयातित खाद्वय तेलों के भाव पर ही निर्भर करेगी।

घटे दाम पर स्पिनिंग मिलों की खरीद से गुजरात एवं उत्तर भारत में कॉटन के भाव बढ़े

नई दिल्ली। घटे दाम पर स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने के कारण गुरुवार को दोपहर बाद गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन की कीमतों में हल्का सुधार आया।


गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव में गुरुवार को 100 रुपये की तेजी आकर भाव 55,700 से 56,000 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो हो गए। मालूम हो कि राज्य में पिछले दो कार्यदिवस में कॉटन की कीमतों में 350 रुपये प्रति कैंडी का मंदा आया था।

पंजाब में नई रुई के हाजिर डिलीवरी के भाव तेज होकर 5775 से 5780 रुपये प्रति मन बोले गए। हरियाणा में नई रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव बढ़कर 5745 से 5760 रुपये प्रति मन बोले गए। ऊपरी राजस्थान में नई रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव बढ़कर 5760 से 5780 रुपये प्रति मन बोले गए। खैरथल लाइन में कॉटन की कीमतें तेज होकर 55,000 से 55,200 रुपये कैंडी, एक कैंडी-356 किलो बोले गए।

देशभर की मंडियों में कपास की आव 53,500 गांठ, एक गांठ-170 किलो की हुई।

घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स के साथ ही एनसीडीएक्स पर आज शाम को कॉटन की कीमतों में में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान आईसीई के इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग में भी कॉटन की कीमतों में मंदा आया।

नीचे दाम पर स्पिनिंग मिलों की मांग सुधरने के कारण गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों की मंडियों में कॉटन की कीमतों में हल्का सुधार आया है। व्यापारियों के अनुसार कॉटन की कीमतों में हल्का सुधार तो आ सकता है लेकिन अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हाल ही में विश्व बाजार में हाल ही में कॉटन की कीमतों में मंदा आया है, जबकि घरेलू बाजार से सूती धागे के साथ ही कॉटन के निर्यात में पड़ते नहीं लग रहे। उत्पादक मंडियों में नई कपास की दैनिक आवक आगे और बढ़ेगी। हालांकि चालू सीजन में कपास की बुआई में कमी आई, जिस कारण उत्पादन अनुमान तो घटने की आशंका है, लेकिन प्रति हेक्टेयर उत्पादकता ज्यादा बैठ रही है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार 20 सितंबर तक कपास की बुआई 10.96 फीसदी घटकर 112.76 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 123.71 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।