नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में कॉटन का आयात 156.57 फीसदी बढ़कर 39 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो होने का अनुमान है जबकि इस दौरान निर्यात 17 लाख गांठ का ही होने का अनुमान है।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार मई 2025 अंत तक कॉटन का आयात बढ़कर 26.25 लाख गांठ का हो चुका है, वहीं इस दौरान निर्यात 15.25 लाख गांठ का हुआ है। फसल सीजन 2023-24 के दौरान 15.20 लाख गांठ कॉटन का आयात हुआ था। फसल सीजन 2024-25 के दौरान देश से कॉटन का निर्यात 17 लाख गांठ होने का अनुमान है।
सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में देश में 301.15 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि इससे पहले के अनुमान 291.35 लाख गांठ की तुलना में ज्यादा है।
सीएआई के अनुमान के अनुसार पंजाब में कॉटन का उत्पादन फसल सीजन 2024-25 में 1.50 लाख गांठ, हरियाणा में 7.80 लाख गांठ, अपर राजस्थान में 10.10 लाख गांठ एवं लोअर राजस्थान के 9.40 लाख गांठ को मिलाकर कुल 28.80 लाख गांठ होने का अनुमान है।
सीएआई के अनुसार मध्य भारत के राज्यों गुजरात में चालू फसल सीजन में 76 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 85 लाख गांठ तथा मध्य प्रदेश के 19 लाख गांठ को मिलाकर कुल 180 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
दक्षिण भारत के राज्यों में तेलंगाना में चालू फसल सीजन में 48 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 11.50 लाख गांठ एवं कर्नाटक में 23 लाख गांठ तथा तमिलनाडु के 4 लाख गांठ को मिलाकर कुल 86.50 लाख गांठ के कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।
ओडिशा में चालू खरीफ में 3.85 लाख गांठ एवं अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।
सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 30.19 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 301.15 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है। चालू सीजन में करीब 39 लाख गांठ कॉटन का आयात होने की उम्मीद है। ऐसे में कुल उपलब्धता 370.34 लाख गांठ की बैठेगी।
चालू फसल सीजन में कॉटन की कुल घरेलू खपत 305 लाख गांठ होने का अनुमान है, जबकि इस दौरान 17 लाख गांठ के निर्यात की उम्मीद है।
सीएआई के अनुसार उत्पादक मंडियों में मई अंत तक 285.09 लाख गांठ कॉटन की आवक हो चुकी है, जिसमें से 208 लाख गांठ की खपत हो चुकी है। अत: पहली जून को मिलों के पास 35 लाख गांठ एवं सीसीआई, महाराष्ट्र फेडरेशन, एमएनसी, जिनर्स एवं निर्यातकों के साथ ही व्यापारियों के पास 85.28 लाख गांठ कॉटन का बकाया स्टॉक है।
कृषि मंत्रालय के तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार कपास का उत्पादन 306.92 लाख गांठ (एक गांठ 170 किलोग्राम) होने का अनुमान है, जो कि इसके पिछले फसल सीजन 2023-24 के 325.22 लाख गांठ के मुकाबले कम है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें