कुल पेज दृश्य

22 मार्च 2023

मध्य प्रदेश के करीब 20 जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान

नई दिल्ली। बेमौसम बरसात एवं ओलावृष्टि से मध्य प्रदेश के किसानों की फसलों के नुकसान का जायजा लेने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को खेतों का जायजा लिया। उन्होंने सागर जिले में प्रभावित गांवों का दौरा करते हुए खराब हुई फसलों को देखने के बाद कहा कि 50 फीसदी से अधिक नुकसान होने पर प्रति हेक्टेयर 32 हजार रुपये की राहत राशि किसानों को दी जाएगी।


मध्य प्रदेश के करीब 20 जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। मुख्यमंत्री ने विदिशा जिले की गुलाबगंज तहसील के ग्राम मूडरा गणेशपुर में ओलावृष्टि एवं अतिवर्षा से प्रभावित फसलों का अवलोकन लिया और संकटग्रस्त किसानों को सहायता का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि किसान खेत में सिर्फ पानी नहीं अपने खून-पसीने की बूंदे भी टपकाते हैं, तब जाकर घर में अन्न के दाने आते हैं। लेकिन फसल आने से पहले अगर प्राकृतिक आपदा आ जाए तो किसान बुरी तरह टूट जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि 50 फीसदी से अधिक नुकसान होने पर प्रति हेक्टेयर 32 हजार रुपये की राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ फसल ही नहीं अन्य नुकसान की भी पूर्ति सरकार द्वारा की जाएगी।

सागर जिले में खेतों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल बीमा योजना की कार्रवाई भी तत्काल प्रारंभ कर दी गई है। राहत राशि और फसल बीमा योजना दोनों को मिलाकर किसानों के नुकसान की भरपाई की जाएगी। जिन किसानों की फसलों को व्यापक नुकसान होगा, उनकी कर्ज वसूली स्थगित कर दी जाएगी और ब्याज सरकार भरवाएगी। साथ ही अगली फसल पर किसानों को 0 फीसदी ब्याज पर ही कर्ज मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहले ही फसल सर्वे के आदेश दे दिए गए हैं। हर किसान के खेत का ईमानदारी से सर्वे होगा। गेहूं, चना, मसूर, सरसों और हॉर्टिकल्चर सहित सभी फसलों का सर्वे किया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को राहत देने के लिए उदारतापूर्वक सर्वे हो और कोई कोताही न बरती जाए।

कोई टिप्पणी नहीं: