कुल पेज दृश्य

19 नवंबर 2022

केंद्र ने चालू पेराई सीजन के लिए 60 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा जारी किया

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 22 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2022-23 के लिए केंद्र सरकार ने 60 लाख टन चीनी के निर्यात की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अनुसार चीनी मिलों ने पिछले 3 साल में औसतन जितनी चीनी का उत्पादन किया है उसका 18.23 फीसदी निर्यात करने का कोटा दिया गया है।


पहली अक्टूबर 2021 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2021-22 के दौरान केंद्र सरकार ने पहले 80 लाख टन चीनी के निर्यात का कोटा जारी किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 112 लाख टन कर दिया था।

उद्योग ने चालू पेराई सीजन 2022-23 के लिए केंद्र सरकार ने 80 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा जारी करने की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार निर्यातकों ने 2022-23 पेराई सीजन के लिए पहले ही 4 से 5 लाख टन रॉ शुगर के निर्यात के सौदे कर लिए है। हालांकि पिछले साल विश्व बाजार में चीनी के दाम तेज थे, लेकिन इस बार ब्राजील में चीनी का उत्पादन अनुमान ज्यादा है तथा मई में ब्राजील की चीनी बाजार में आ जायेगी। इसलिए चीनी का निर्यात पिछले साल की तुलना में कम होने की आशंका है।

भारत चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक होने के साथ इस साल दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक भी रहा है। इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन, इस्मा के अनुसार पहली अक्टूबर 2022 से शुरू होने वाले गन्ना पेराई सीजन अक्टूबर-22 से सितंबर-23 के दौरान देश में चीनी का उत्पादन 365 लाख टन (45 लाख टन एथेनॉल में उपयोग के बाद) होने का अनुमान है, जो एक साल पहले की अवधि की तुलना में दो फीसदी अधिक होगा। इथेनॉल के लिए अधिक डायवर्जन के बावजूद उत्पादन में अनुमानित वृद्धि के साथ इस्मा को इस सत्र में अच्छे निर्यात की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं: