नई दिल्ली। चालू रबी सीजन 2026-27 में फसलों की बुआई धीरे, धीरे बढ़ने लगी है। 13 नवंबर तक देशभर में 163.52 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई है, जोकि पिछले साल इस समय तक 193.95 लाख हेक्टेयर की तुलना में 15.69 फीसदी कम है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार 13 नवंबर तक देशभर के उत्पादक राज्यों में सरसों की बुआई 53.07 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 63.74 लाख हेक्टेयर की तुलना में 16.74 फीसदी कम है।
मूंगफली की बुआई पिछले साल के 60,000 हेक्टेयर के मुकाबले बढ़कर 86,000 हेक्टेयर में हो चुकी है। हालांकि, कुल तिलहन का रकबा पिछले साल के 65.51 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 15 फीसदी से ज्यादा घटकर 55.39 हेक्टेयर में ही हुई है।
13 नवंबर तक देशभर के राज्यों में धान की रोपाई घटकर 7.91 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो एक साल पहले के 8.26 लाख हेक्टेयर से 4 फीसदी से ज्यादा पीछे चल रही है।
चालू रबी सीजन में दलहन का कुल रकबा पिछले साल के मुकाबले 16.15 फीसदी घटकर 44.25 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई है, जबकि पिछले साल इस समय इनकी बुआई 52.77 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
इस दौरान चना की बुआई 28.47 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 37.62 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। मसूर की बुआई चालू रबी में बढ़कर 7.66 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 6.73 लाख हेक्टेयर की तुलना में बढ़ी है। मटर की बुआई चालू रबी में 4.20 लाख हेक्टेयर में और उड़द की 91,000 हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 4.64 लाख हेक्टेयर और 80 हजार हेक्टेयर में हुई थी।
रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई चालू रबी सीजन में 18.97 फीसदी घटकर केवल 45.02 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 55.56 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू सीजन में घटकर 10.94 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले इस समय तक इनकी बुआई 11.84 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। ज्वार और मक्का दोनों की बुआई क्रमशः 6.24 लाख हेक्टेयर और 3.41 लाख हेक्टेयर हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 6.41 लाख हेक्टेयर और 3.20 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
जौ की बुआई चालू रबी सीजन में 52,000 हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक जौ की बुआई 1.65 लाख हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी।
