कुल पेज दृश्य

16 मई 2024

चालू सीजन में अप्रैल अंत तक कॉटन का निर्यात 79.16 फीसदी बढ़ा - सीएआई

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2023-24 में 30 अप्रैल 2024 तक कॉटन के निर्यात में 79.16 फीसदी की  भारी बढ़ोतरी होकर कुल शिपमेंट 20.50 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलोग्राम की हो चुकी है।


जानकारों के अनुसार विश्व बाजार में भारतीय रुई सस्ती होने के कारण मार्च तक निर्यात सौदों में बढ़ोतरी हुई थी, हालांकि महीने भर से आईसीई कॉटन वायदा की कीमतों में गिरावट आई है, जिस कारण निर्यात सौदों में पहले की तुलना में कमी आई है।

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन में 22 लाख गांठ कॉटन के निर्यात का अनुमान है, जोकि पिछले साल के 15.50 लाख गांठ से 6.50 लाख गांठ ज्यादा है।

सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन में कॉटन का आयात 20.40 लाख गांठ होने का अनुमान है, जोकि पिछले फसल सीजन की तुलना में 7.90 लाख गांठ ज्यादा है। पिछले साल कॉटन का आयात 12.50 लाख गांठ का ही हुआ था। 30 अप्रैल 2024 तक पांच लाख गांठ कॉटन भारतीय बंदरगाह पर पहुंच चुकी है, जबकि पिछले फसल सीजन की समान अवधि में सात लाख गांठ कॉटन का आयात हो चुका था।

उद्योग के अनुसार चालू फसल सीजन में 30 अप्रैल 2024 तक देशभर की मंडियों में कॉटन  की आवक 281.96 लाख गांठ की हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी आवक 224.17 लाख गांठ की ही हुई थी। हालांकि सीएआई ने चालू सीजन में कॉटन के उत्पादन का अनुमान 309.07 लाख गांठ के पूर्व स्तर पर ही रखा है, जबकि इसके पिछले साल उत्पादन 318.90 लाख गांठ का हुआ था। अत: चालू सीजन में कॉटन का उत्पादन अनुमान कम होने के बावजूद भी 30 अप्रैल 2024 तक कॉटन की आवकों में 25.77 फीसदी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई हैं।  

30 अप्रैल 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 101.86 लाख गांठ का बचा हुआ है, जिसमें से 40.50 लाख गांठ स्पिनिंग मिलों के पास है जोकि करीब 45 दिनों की खपत के अनुरूप है। इसके अलावा 61.36 लाख गांठ कॉटन का स्टॉक सीसीआई, महाराष्ट्र फेडरेशन और एमएनसी के अलावा एमसीएक्स, व्यापारियों तथा जिनर्स के पास है।  

उद्योग ने पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2023-24 में कॉटन के उत्पादन अनुमान को 309.70 लाख गांठ के पूर्व अनुमान पर बरकरार रखा है जबकि फसल सीजन 2022-23 में देशभर में 318.90 लाख गांठ कॉटन का उत्पादन हुआ था।

सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2023 को कॉटन का बकाया स्टॉक 28.90 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 309.70 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है। चालू सीजन में करीब 20.40 लाख गांठ कॉटन का आयात होने की उम्मीद है। ऐसे में कुल उपलब्धता 359 लाख गांठ की बैठेगी। चालू फसल सीजन में कॉटन की कुल घरेलू खपत 317 लाख गांठ होने का अनुमान है।

चालू फसल सीजन के अंत में 30 सितंबर 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 20 लाख गांठ बचने का अनुमान है, जोकि इसके पिछले साल की समान अवधि के 28.90 लाख गांठ की तुलना में कम है।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार फसल सीजन 2023-24 के दौरान देश में कपास का उत्पादन 323.11 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो होने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं: