कुल पेज दृश्य

22 मार्च 2022

चालू पेराई सीजन में 15 मार्च तक चीनी का उत्पादन 9.21 फीसदी बढ़ा

नई दिल्ली। चालू पेराई सीजन 2021-22 के पहले साढ़े पांच महीनों पहली अक्टूबर 2021 से 15 मार्च 2022 तक चीनी का उत्पादन 9.21 फीसदी बढ़कर 283.26 लाख टन का हो चुका है जबकि पिछले पेराई सीजन में इस दौरान केवल 259.37 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ था।

इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) के अनुसार चालू पेराई सीजन में महाराष्ट्र में 15 मार्च 2022 तक 108.95 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 94.05 लाख टन का ही उत्पादन हुआ था।

उत्तर प्रदेश में चालू पेराई सीजन में मिलों में देर सेे गन्ने की पेराई आरंभ हुई थी। 15 मार्च 22 तक राज्य की 120 चीनी मिलों में से 16 में पेराई बंद हो गई। राज्य में 15 मार्च 22 तक 78.33 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है जोकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि के 84.25 लाख टन से कम है।

कर्नाटक में 15 मार्च 22 तक 54.65 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में केवल 41.95 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ था। राज्य में चालू पेराई सीजन में 72 मिलों में गन्ने की पेराई चल रही थी, जिनमें से 24 मिलों में पेराई बंद हो गई है।

गुजरात में चालू पेराई सीजन में 15 मार्च 22 तक 15 चीनी मिलों ने 9.15 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है, जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में राज्य की मिलों ने 8.49 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था।

तमिलनाडु में चालू पेराई सीजन में 15 मार्च 22 तक राज्य की मिलों ने 5.75 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है, जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में राज्य में 4.16 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ था।

देश के अन्य राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा की चीनी मिलों ने 15 मार्च 22 तक 26.43 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है।

इस्मा के अनुसार चालू पेरारई सीजन में 64-65 लाख टन चीनी के निर्यात सौदे हो चुके है, जबकि फरवरी अंत तक 47 लाख टन चीनी की शिपमेंट भी हो चुकी है। अत: चालू सीजन में करीब 75 लाख टन चीनी का निर्यात होने का अनुमान है। चालू पेराई सीजन में देश में चीनी का उत्पादन 333 लाख टन होने का अनुमान है।

पहली अक्टूबर 2021 को चीनी का बकाया स्टॉक 82 लाख टन का बचा हुआ था, जबकि चालू पेराई सीजन में देश में चीनी की घरेलू खपत 272 लाख टन होने का अनुमान है। चालू पेराई सीजन में चीनी का कुल निर्यात बढ़कर 75 लाख टन होेने की उम्मीद है, ऐसे में 30 सितंबर 2022 को चीनी का बकाया स्टॉक 68 लाख टन ही बचने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं: