कुल पेज दृश्य

25 नवंबर 2023

चालू रबी में राजस्थान में सरसों की बुआई घटी, तेल मिलों की खरीद बढ़ने से दाम तेज

नई दिल्ली। तेल मिलों की खरीद बढ़ने से घरेलू बाजार में शनिवार को सरसों की कीमतें तेज हुई।  जयपुर में कंडीशन की सरसों के भाव 25 रुपये तेज होकर दाम 5,875 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान सरसों की दैनिक आवक घटकर 1.50 लाख बोरियों की हुई।


कृषि मंत्रालय के अनुसार सरसों की बुआई चालू रबी में थोड़ी बढ़कर 57.16 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले इस समय तक इसकी बुआई केवल 56.87 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
हालांकि चालू प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान में जहां सरसों की बुआई में कमी आई है, वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बुआई बढ़ी है।

मंत्रालय के अनुसार 10 अक्टूबर तक राजस्थान में सरसों की बुआई केवल 29.20 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 32.06 लाख हेक्टेयर से कम है। हालांकि उत्तर प्रदेश में इसकी बुआई बढ़कर 14.32 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 10.10 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। मध्य प्रदेश में भी सरसों की बुआई बढ़कर 10.23 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 9.98 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

पश्चिम बंगाल में सरसों की बुआई 1.77 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 2.13 लाख हेक्टेयर से कम है।  

व्यापारियों के अनुसार दीपावली के त्योहार की छुट्टियों के कारण देशभर के कई मंडियां बंद होने के कारण सरसों की दैनिक आवकों में तो कमी आई ही, साथ ही कारोबार भी सीमित मात्रा में ही हुआ। विदेशी बाजार में सप्ताहांत में खाद्वय तेलों के दाम तेज हुए थे। इसलिए घरेलू बाजार में आज सरसों तेल की कीमतें तेज, हुई जबकि सरसों खल की कीमतें स्थिर बनी रही।

जानकारों के अनुसार उत्पादक राज्यों में सरसों का बकाया स्टॉक पिछले साल की तुलना में ज्यादा है। इसलिए मंडियों में दैनिक दीपावली के बाद दैनिक आवकों में फिर बढ़ोतरी होने का अनुमान है। सरसों तेल में त्योहारी मांग लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन खपत का सीजन है इसलिए सरसों तेल में मांग आगामी दिनों में भी बनी रहेगी। हालांकि इसकी कीमतों में तेजी, मंदी काफी हद तक आयातित खाद्वय तेलों के दाम पर ही निर्भर करेगी।

जयपुर में सरसों तेल कच्ची घानी और एक्सपेलर की कीमतों में शनिवार को तेज हुई। कच्ची घानी तेल के भाव 20 रुपये तेज होकर दाम 1,091 रुपये प्रति 10 किलो हो गए, जबकि एक्सपेलर तेल के दाम भी 20 रुपये बढ़कर भाव 1,081 रुपये प्रति 10 किलो बोले गए। जयपुर में शनिवार को सरसों खल के दाम 2,975 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।

देशभर की मंडियों में सरसों की दैनिक आवक घटकर 1.50 लाख बोरियों की ही हुई, जबकि इसके पिछले कारोबारी दिवस में आवक 2.50 लाख बोरियों की हुई थी।

राजस्थान एवं कर्नाटक में चना की बुआई पिछड़ी, मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र में आगे

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन में जहां प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान के साथ ही कर्नाटक में चना की बुआई में कमी आई है, वहीं मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र इसकी बुआई में बढ़ोतरी हुई है।


राजस्थान में चना की बुआई चालू रबी में चना की बुआई 12.53 लाख हेक्टेयर में ही हो पाई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 13.80 लाख हेक्टेयर है। राज्य में सामान्यत: चना की बुआई 20.82 लाख हेक्टेयर में होती है।

इस दौरान कर्नाटक में 6.24 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जोकि पिछले साल इस समय तक हुई 8.32 लाख हेक्टेयर से कम है। राज्य में चना की बुआई सामान्यत: 8.48 लाख हेक्टेयर में होती है। आंध्र प्रदेश में चालू रबी में चना की बुआई केवल 65 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल के 1.29 लाख हेक्टेयर से कम है। राज्य में चना की बुआई औसतन 4.36 लाख हेक्टेयर में होती है।

मध्य प्रदेश में चालू रबी सीजन में चना की बुआई बढ़कर 12.04 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले इस समय तक केवल 11.77 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। राज्य में चना की बुआई 22.47 लाख हेक्टेयर में होती है। इसी तरह से महाराष्ट्र में इसकी बुआई बढ़कर 5.23 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 1.54 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। राज्य में चना की बुआई 23.27 लाख हेक्टेयर में होती है।

उत्तर प्रदेश में चालू रबी चना की बुआई 3.82 लाख हेक्टेयर ही हो पाई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 3.84 लाख हेक्टेयर से थोड़ी कम है। राज्य में चना की बुआई 6.18 लाख हेक्टेयर में होती है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू सीजन रबी में 10 नवंबर तक चना की बुआई 41.44 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 41.97 लाख हेक्टेयर से कम है। औसतन चना की बुआई देशभर में 100.92 लाख हेक्टेयर में होती है।

चालू रबी में दलहन के साथ ही मोटे अनाजों की बुआई आगे, तिलहन की पीछे

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन में दलहन के साथ ही मोटे अनाजों की बुवाई पिछले साल की तुलना में आगे चल रही है, लेकिन इस दौरान तिलहन के साथ ही धान की रोपाई पीछे चल रही है। जानकारों के अनुसार चालू महीने में रबी फसलों की बुआई में तेजी जाने का अनुमान है।


कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू सीजन रबी में 10 नवंबर तक दलहन की बुआई बढ़कर 58.50 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 57.71 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

रबी दलहन की प्रमुख फसल चना की बुआई चालू सीजन में 41.44 लाख हेक्टेयर में हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 41.97 लाख हेक्टेयर से कम है। हालांकि इस दौरान मसूर की बुआई चालू रबी में बढ़कर 7.74 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 6.61 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मटर की बुआई चालू रबी में 4.73 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 2.29 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। उड़द की बुआई 99 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 1.33 लाख हेक्टेयर से कम है।

मोटे अनाजों की बुवाई चालू रबी सीजन में बढ़कर 15.65 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 13.39 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। मोटे अनाजों में ज्वार की बुआई 11.60 लाख हेक्टेयर में, मक्का की 2.50 लाख हेक्टेयर में तथा जौ की 1.26 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.31 लाख हेक्टेयर में तथा 2.73 लाख हेक्टेयर एवं 2.08 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

तिलहनी फसलों की बुआई चालू रबी सीजन में थोड़ी घटकर 59.67 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 60.39 लाख हेक्टेयर से कम है।

रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों की बुआई चालू रबी में बढ़कर 57.16 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले इस समय तक इसकी बुआई केवल 56.87 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। अन्य रबी तिलहन में मूंगफली की बुआई 1.15 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 1.71 लाख हेक्टेयर से कम है।

धान की रोपाई चालू रबी में 6.94 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 7.06 लाख हेक्टेयर से कम है। 

09 नवंबर 2023

चालू महीने में गुजरात में कॉटन 1,200 रुपये मंदी हुई, सीसीआई करेगी एमएसपी पर खरीद

नई दिल्ली। कॉटन के साथ ही धागे में स्थानीय एवं निर्यात मांग कमजोर होने से चालू महीने में ही गुजरात की मंडियों में कॉटन की कीमतों में 1,200 प्रति कैंडी, एक कैंडी 356 किलो का मंदा आ चुका है। राज्य की मंडियों से कॉटन कारपोरेशन ऑफ इंडिया, सीसीआई जल्द ही कपास की एमएसपी पर खरीद शुरू करेगी।

अहमदाबाद में 31 अक्टूबर 2023 को शंकर 6 किस्म की 29 एमएम कॉटन के दाम 57,400 से 57,700 रुपये प्रति कैंडी थे, जोकि 8 नवंबर को घटकर 56,200 से 56,500 रुपये प्रति कैंडी रह गए।

जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में सूती धागे में स्थानीय एवं निर्यात मांग सामान्य की तुलना में कमजोर बनी हुई है, जबकि उत्पादक मंडियों में नई कपास की आवक लगातार बढ़ रही है। घरेलू बाजार से कॉटन एवं यार्न के निर्यात में पड़ते नहीं लग रहे, इसलिए कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार सीसीआई ने अहमदाबाद एवं राजकोट में कपास की एमएसपी पर खरीद के लिए 72 खरीद केंद्र खोले हैं। किसानों ने कपास की खरीद तय मानकों के अनुसार की जायेगी। किसान खरीद केंद्र आदि के बारे में अधिक जानकारी के लिए सीसीआई की वेबसाइट पर विजिट करके मोबाइल एप्लिकेशन कॉट-एली डाउनलोड कर सकते हैं।

व्यापारियों के अनुसार अच्छी गुणवत्ता की कपास उत्पादक मंडियों में अभी एमएसपी से ऊपर ही बिक रही है। सीसीआई के अनुसार राज्य में किसानों से एमएसपी पर कपास खरीदने के लिए सभी खरीद केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सीसीआई के मुताबिक जब भी उचित औसत गुणवत्ता (एफएक्यू) कपास की कीमतें समर्थन मूल्य से नीचे आएगी, वह किसानों से खरीद शुरू करेगी।

केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन सीजन 2023-24 के लिए मीडियम स्टेपल कपास का एमएसपी 6,620 रुपये और लोंग स्टेपल कपास का एमएसपी 7,020 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।

विश्व स्तर पर कॉटन के उत्पादन में 4.7 फीसदी की कमी आने की आशंका

नई दिल्ली। चालू फसल सीजन 2023-24 में विश्व स्तर पर कॉटन के उत्पादन में 4.7 फीसदी की कमी आने की आशंका है। प्रमुख उत्पादक देशों अमेरिका, चीन एवं ऑस्ट्रेलिया के साथ ही भारत में भी कॉटन का उत्पादन घटने का अनुमान है।

फिच सॉल्यूशंस की इकाई अनुसंधान एजेंसी बीएमआई के अनुसार फसल सीजन 2023-24 में विश्व में कॉटन का उत्पादन घटकर 112.1 मिलियन गांठ ही होने का अनुमान है, जबकि इसके पिछले फसल सीजन 2022-23 में विश्व स्तर पर इसका उत्पादन 117.6 मिलियन गांठ का हुआ था। अत: सालाना आधार पर इसके उत्पादन में 4.7 फीसदी की कमी आने की आशंका है।

जानकारों के अनुसार वर्तमान में विश्व बाजार के साथ ही भारत में कॉटन की कीमतों में मंदा आया है, तथा मौजूदा तिमाही में इसकी कीमतों में गिरावट जारी रहने का अनुमान है। हालांकि 2024 की दूसरी तिमाही में इसके भाव बढ़ने का अनुमान है।

विश्व स्तर पर कॉटन के उत्पादन में कमी का प्रमुख कारण चीन और अमेरिका के साथ ही भारत में इसके बुआई क्षेत्रफल में कमी आने के साथ ही कई देशों में प्रतिकूल मौसम को माना जा रहा है। चीन और अमेरिका में सालाना आधार पर कॉटन के बुआई क्षेत्रफल में करीब 12.1 फीसदी की कमी आई है।

जानकारों के अनुसार कॉटन के उत्पादन अनुमान में कमी आने का असर टेक्सटाइल उद्योग पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ेगा, क्योंकि यह सिंथेटिक और मिश्रित फाइबर जैसे विकल्पों की ओर बढ़ रहा है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार खरीफ सीजन में देश में कपास की बुआई 123.87 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी, जोकि इसके पिछले साल के 127.73 लाख हेक्टेयर में कम थी।

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2023 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2023-24 में भारत में 295.10 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि इसके पिछले फसल सीजन 2022-23 के 318.90 लाख गांठ से कम है। व्यापारियों के अनुसार कपास के नए सीजन के आरंभ में देश में करीब 25 से 30 गांठ का बकाया स्टॉक बचा हुआ था।

आईसीई कॉटन वायदा के भाव में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई थी। दिसंबर-23 वायदा अनुबंध में इसके दाम 1.62 सेंट कमजोर होकर 78.00 सेंट रह गए। इस दौरान मार्च-24 वायदा अनुबंध में इसके दाम 1.20 सेंट कमजोर होकर 80.92 सेंट रह गए। मई-24 वायदा अनुबंध में इसके दाम 3.18 सेंट घटकर 82.00 सेंट रह गए। मंगलवार को भी आईसीई के इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग में कॉटन की कीमतें कमजोर हुई। 


गुजरात में चालू रबी सीजन में गेहूं, मोटे अनाज एवं दलहन तथा तिलहन की बुआई पीछे

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन के शुरूआती चरण में गुजरात में गेहूं के साथ ही मोटे अनाज एवं दलहन तथा तिलहनी फसलों की बुआई पिछड़ रही है।

राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 6 नवंबर तक राज्य में गेहूं की बुआई केवल 7,348 हेक्टेयर में ही हो पाई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 27,378 हेक्टेयर की तुलना में कम है।

इसी तरह से चालू रबी सीजन में मोटे अनाजों की बुआई राज्य में अभी तक केवल 17,779 हेक्टेयर में ही हो पाई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 58,343 हेक्टेयर में इनकी बुआई हो चुकी थी। चालू रबी में मक्का की बुआई राज्य में 3,837 हेक्टेयर में और ज्वार की बुआई 6,454 हेक्टेयर में ही हो पाई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 27,136 हेक्टेयर में तथा 3,274 हेक्टेयर में हो चुकी थी।

दलहन की बुआई चालू रबी में राज्य में 51,469 हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 63,884 हेक्टेयर की तुलना में कम है। चना की बुआई चालू रबी में 28,659 हेक्टेयर एवं अन्य दालों की 22,810 हेक्टेयर में ही हो पाई है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 49,908 हेक्टेयर एवं 13,976 हेक्टेयर में हो चुकी थी

रबी तिलहन की बुआई चालू रबी में 52,988 हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 1,18,577 हेक्टेयर में इनकी बुआई हो चुकी थी। रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों की बुआई 52,921 हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 1,18,546 हेक्टेयर की तुलना में काफी कम है। 

चालू रबी में दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाजों की बुआई आगे, गेहूं की पिछड़ी

नई दिल्ली। चालू रबी सीजन के शुरूआती चरण में जहां गेहूं की बुआई आगे चल रही है, वहीं दलहन एवं तिलहन के साथ ही मोटे अनाजों की बुवाई पिछले साल की तुलना में बढ़ी है। जानकारों के अनुसार अक्टूबर में मौसम गर्म था, जबकि अब मौसम में हल्की ठंड शुरू होगी, ऐसे में रबी फसलों की बुआई में तेजी जाने का अनुमान है।


कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू सीजन रबी में 3 नवंबर तक गेहूं की बुआई 18.05 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई 20.65 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। मध्य प्रदेश में चालू रबी में गेहूं की बुआई 12.83 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 13.89 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। पंजाब में गेहूं की बुआई 2.11 लाख हेक्टेयर में, उत्तर प्रदेश में 2.02 लाख हेक्टेयर में तथा राजस्थान में 56 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है।

मोटे अनाजों की बुवाई चालू रबी सीजन में बढ़कर 11.21 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 7.78 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। मोटे अनाजों में ज्वार की बुआई 8.93 लाख हेक्टेयर में, मक्का की 1.80 लाख हेक्टेयर में तथा जौ की 27 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 4.90 लाख हेक्टेयर में तथा 1.69 लाख हेक्टेयर एवं 97 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी।

तिलहनी फसलों की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 47.50 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 43.61 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों की बुआई चालू रबी में बढ़कर 45.71 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले इस समय तक इसकी बुआई केवल 40.92 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। अन्य रबी तिलहन में मूंगफली की बुआई 89 हजार हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 1.55 लाख हेक्टेयर से कम है।

दलहन की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 38.15 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 37.65 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

रबी दलहन की प्रमुख फसल चना की बुआई चालू सीजन में 26.32 लाख हेक्टेयर में हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 27.86 लाख हेक्टेयर से कम है। हालांकि इस दौरान मसूर की बुआई चालू रबी में बढ़कर 5.56 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 4.17 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मटर की बुआई चालू रबी में 3.50 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुआई केवल 2.52 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।