कुल पेज दृश्य

02 अगस्त 2025

पिछले तीन वर्षों में देश के पांच प्रमुख राज्यों में 17 नई चीनी मिलें चालू हुई

नई दिल्ली। देश के पांच प्रमुख राज्यों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 17 नई चीनी मिलों की स्थापना हुई, जिसका सीधा फायदा इन राज्यों के गन्ना किसानों को हुआ है।


केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री, निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने चीनी क्षेत्र से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए लोकसभा में यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि चीनी उद्योग को अनिवार्य लाइसेंसिंग की आवश्यकता वाले उद्योगों की सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद, कोई भी उद्यमी समय-समय पर संशोधित गन्ना (नियंत्रण), आदेश 1966 के खंड 6ए से 6ई में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार देश के किसी भी हिस्से में चीनी मिल स्थापित करने के लिए स्वतंत्र है।

पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन (अक्टूबर-24 से सितंबर-25) में देश भर में कुल 534 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई की है तथा पिछले तीन वर्षों के दौरान देश में कुल 17 नई चीनी मिलें स्थापित की गई हैं।

कर्नाटक ने पिछले तीन वर्षों में गन्ना पेराई के लिए छह नई चीनी मिलें जोड़कर अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है। इन आधुनिक मिलों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्थाओं को समर्थन मिलने की उम्मीद है, जिससे भारत के चीनी क्षेत्र में कर्नाटक की भूमिका और मजबूत होगी।

इसी तरह से पिछले तीन वर्षों के दौरान चीनी उत्पादन में देश के दूसरे प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में पांच नई चीनी मिलें स्थापित की गई हैं, जबकि मध्य प्रदेश में चार नई मिलें स्थापित हुई हैं। भारत के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश ने अपने पहले से ही व्यापक नेटवर्क में एक नई मिल इस दौरान जोड़ी है।

तेलंगाना जो कि अपने चीनी क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के लिए जाना जाता है, में भी एक नई चीनी मिल की स्थापना हुई है।

यह पहल कृषि-आधारित उद्योगों को पुनर्जीवित करने और किसान कल्याण नीतियों का समर्थन करने के व्यापक स्थानीय प्रयासों के अनुरूप है।

उद्योग के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन (अक्टूबर-24 से सितंबर-25) के पहले 10 महीनों पहली अक्टूबर 24 से जुलाई 25 के अंत तक चीनी के उत्पादन में 18.38 फीसदी की गिरावट आकर कुल उत्पादन 258.2 लाख टन का ही हुआ है। उद्योग के अनुसार चालू पेराई सीजन में कुल चीनी उत्पादन 261.1 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि 2023-24 सीजन के उत्पादन 319 लाख टन से कम है।

कोई टिप्पणी नहीं: