कुल पेज दृश्य

21 अक्तूबर 2022

पेराई सीजन 2022-23 में 365 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान - इस्मा

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2022 से शुरू होने वाले पेराई सीजन 2022-23 (अक्टूबर से सितंबर) में चीनी का उत्पादन बढ़कर 365 लाख टन, (इसमें 45 लाख टन के बराबर सीधे एथेनॉल में जाने के बाद) होने का अनुमान है, जोकि पिछले पेराई सीजन 2021-22 के 358 लाख टन से ज्यादा है।


इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा सोमवार को जारी पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार चालू सीजन में गन्ने की बुआई बढ़कर 59 लाख हेक्टेयर में हुई है, जोकि पिछले साल के 55.9 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।

इस्मा के अनुसार पहली अक्टूबर 2022 को चीनी का बकाया स्टॉक घरेलू बाजार में 55 लाख टन का बचा हुआ है, जबकि 365 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान हैं। देश में चीनी की सालाना खपत 275 लाख टन की होती है। अत: 90 लाख टन चीनी का स्टॉक सरप्लस है, जोकि निर्यात जरूरतों के साथ ही बकाया स्टॉक के लिए पर्याप्त है।

पेराई सीजन 2022-23 में देश से चीनी के निर्यात में कमी आने की आशंका है, क्योंकि ब्राजील में चीनी का उत्पादन पेराई सीजन 2023-24 में 36 मिलियन टन के सामान्य की तुलना में ज्यादा होने का अनुमान है। अप्रैल में ब्राजील में चीनी मिलों में पेराई आरंभ होगी, और मई तक ब्राजील की चीनी बाजार में आ जायेगी। अधिकांश चीनी मिलों ने चालू सीजन में निर्यात के लिए पहले ही चीनी निर्यात के अनुबंध कर लिए है। इसलिए, सरकार को जल्द ही चीनी निर्यात नीति की घोषणा कर देनी चाहिए।

दक्षिण भारत की मिलों ने पेराई सीजन 2022-23 के लिए गन्ने की पेराई शुरू कर दी है, साथ ही अन्य राज्यों में भी जल्द पेराई शुरू होने की उम्मीद है। इसलिए, अगले कुछ महीनों में चीनी के उत्पादन की सही तस्वीर साफ हो जायेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: