नई दिल्ली, 3 फरवरी। चालू रबी सीजन में फसलों की बुआई 2.40 फीसदी बढ़कर 676.84 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई केवल 660.96 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। गेहूं के साथ ही दलहन एवं तिलहनी फसलों की बुआई में बढ़ोतरी हुई है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार 30 जनवरी तक रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई बढ़कर 334.17 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक कुल 328.04 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
चालू रबी में दलहनी फसलों की बुआई बढ़कर 139.55 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 134.52 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। रबी दलहन की प्रमुख फसल चना की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 96.20 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इस समय तक 91.22 लाख हेक्टेयर में ही इसकी बुआई हुई थी।
अन्य रबी दलहन में मसूर की बुआई बढ़कर 18.12 लाख हेक्टेयर में तथा मटर की 7.92 लाख हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 17.66 लाख हेक्टेयर में और 8.27 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। उड़द की बुआई चालू रबी में बढ़कर 6.06 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 5.678 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
चालू रबी सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई देशभर में बढ़कर 97.19 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 93.67 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। तिलहनी फसलों में सरसों की बुआई बढ़कर 89.36 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 86.57 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। इसी तरह से मूंगफली की बुआई बढ़कर 3.52 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक 3.37 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। अलसी की बुआई भी चालू रबी में बढ़कर 1.99 लाख हेक्टेयर हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1.76 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू रबी में बढ़कर 60.93 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 59.99 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मोटे अनाजों में ज्वार की 23.13 लाख हेक्टेयर और मक्का की 29.16 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 25.17 और 27.80 लाख हेक्टेयर में हुई थी।
जौ की बुआई चालू रबी सीजन में बढ़कर 7.38 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 6.08 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।
चालू रबी सीजन में राज्य में धान की रोपाई बढ़कर 45 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 44.73 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें