कुल पेज दृश्य

02 मई 2020

गेहूं की सरकारी खरीद 143 लाख टन, सबसे बड़े उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी मात्र चार फीसदी

 आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू रबी विपणन सीजन 2020-21 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद 142.99 लाख टन की हो चुकी है, इसमें सबसे बड़े गेहूं उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी मात्र 4.14 फीसदी ही यानि 5.92 लाख टन की हुई है। अभी तक हुई कुल खरीद में पंजाब से 74.16 लाख टन, हरियाणा से 33.74 लाख टन और मध्य प्रदेश से 27.60 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका है।
पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों को मिलाकर गेहूं का उत्पादन 300 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि अकेले उत्तर प्रदेश में 363 लाख टन पैदावार की संभावना है, इसमें से खरीद का लक्ष्य केवल 55 लाख का ही तय किया गया है जोकि कुल उत्पादन का 15.28 फीसदी ही है। तय लक्ष्य तक खरीद का आंकडा पहुंच भी पायेगा, इसमें संदेह है, क्योंकि खरीद का लक्ष्य पिछले साल भी 55 लाख टन का ही था लेकिन खरीद हो पाई मात्र 37 लाख टन की। अत: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कम होने के कारण ही उत्तर प्रदेश के किसानों को अपना गेहूं व्यापारियों को एमएसपी से 200 से 250 रुपये प्रति क्विंटल तक नीचे भाव पर बेचना पड़ता है।
खरीद का लक्ष्य, पंजाब से कुल उत्पादन का 73 फीसदी और हरियाणा से 83 फीसदी
पंजाब में गेहूं के उत्पादन का अनुमान 185 लाख टन का है, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 135 लाख टन खरीद का लक्ष्य है जोकि कुल उत्पादन का करीब 73 फीसदी है, इसी तरह से हरियाणा में चालू रबी में गेहूं का उत्पादन का अनुमान 115 लाख टन का है, और खरीद का लक्ष्य 95 लाख टन यानि की 82.61 फीसदी। पंजाब और हरियाणा से पिछले रबी विपणन सीजन 2019-20 में समर्थन मूल्य पर क्रमश: 129.12 लाख टन और 93.20 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। मध्य प्रदेश में चालू रबी में 190 लाख टन गेहूं की पैदावार होने का अनुमान है, जबकि राज्य से खरीद का लक्ष्य 100 लाख टन का है जोकि कुल उत्पादन का 53 फीसदी के करीब है। मध्य प्रदेश से पिछले रबी में एमएसपी पर 67.25 लाख टन गेहूं खरीदा गया था।
चालू रबी में एमएसपी 407 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य, पिछले साल की तुलना में ज्यादा
राजस्थान में चालू रबी में गेहूं का उत्पादन 100 लाख टन होने का अनुमान है जबकि खरीद का लक्ष्य केवल 17 लाख टन यानि कुल उत्पादन का 17 फीसदी ही है। पिछले रबी में राज्य से मात्र 14.11 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी। केंद्र सरकार ने चालू रबी विपणन सीजन 2020-21 में एमएसपी 407 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य तय किया है जबकि पिछले रबी सीजन में 342.32 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। बुआई में हुई बढ़ोतरी से चालू रबी में गेहूं की रिकार्ड पैदावार 10.62 करोड़ टन होने का अनुमान है जबकि कृषि मंत्रालय के अनुसार पिछले रबी में 10.37 करोड़ टन का उत्पादन हुआ था। केंद्र सरकार ने चालू रबी विपणन सीजन 2020-21 के लिए गेहूं का एमएसपी 1,925 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जबकि पिछले रबी में 1,840 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद हुई थी।


राज्य    उत्पादन अनुमान   खरीद का लक्ष्य   अभी तक खरीदा गया   पिछले साल कुल खरीद

उत्तर प्रदेश   363               55           5.92              37

पंजाब       185              135          74.16             129.12

हरियाणा     115               95          33.74             93.20

मध्य प्रदेश   190              100          27.60             76

गेहूं उत्पादन और खरीद (लाख टन में) (एफसीआई : पहली मई 2020 तक के आंकड़े)   ..    आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: