कुल पेज दृश्य

09 दिसंबर 2023

उत्तर भारत के राज्यों में नवंबर अंत तक 22.76 लाख गांठ कॉटन की हुई आवक

नई दिल्ली। पहली सितंबर 2023 से नवंबर 2023 तक उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा और राजस्थान की मंडियों में 22.76 लाख गांठ, एक गांठ-170 किलो कॉटन की आवक हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 16.21 लाख गांठ से ज्यादा है।


इंडियन कॉटन एसोसिएशन लिमिटेड के अनुसार पहली सितंबर 23 से 30 नवंबर 2023 तक पंजाब की मंडियों में कॉटन की आवक 1,27,675 गांठ की, हरियाणा की मंडियों में 7,33,235 गांठ तथा राजस्थान की गंगानगर लाइन में 6,38,570 गांठ तथा इस दौरान लोअर राजस्थान में 7,76,700 गांठ कॉटन की आवक हुई है।

चालू फसल सीजन 2023-24 में इन राज्यों में 44.37 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि पिछले फसल सीजन 41.18 लाख गांठ की तुलना में ज्यादा है। पंजाब में चालू फसल सीजन में 4.34 लाख गांठ, हरियाणा में 15.74 लाख गांठ तथा गंगानगर लाइन में 12.68 लाख गांठ के अलावा लोअर राजस्थान में भी 12.68 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।

कॉटन कारपोरेशन आफ इंडिया, सीसीआई ने इन राज्यों से न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर 35,907 गांठ कपास की खरीद की है। अभी तक हुई कुल खरीद में पंजाब की मंडियों से 17,258 गांठ, हरियाणा की मंडियों से 12,289 गांठ, गंगानगर लाइन की मंडियों से 4,225 गांठ के अलावा लोअर राजस्थान की मंडियों 3,000 गांठ कपास की खरीद हुई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: