कुल पेज दृश्य

05 जुलाई 2017

एफसीआई ने 4.83 लाख टन गेहूं बेचने के लिए निविदा मांगी

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत बेचने के लिए 4.83 लाख टन गेहूं की निविदा मांगी है। निविदा भरने का न्यूनतम भाव 1,790 रुपये प्रति क्विंटल है, इसमें परिवहन और अन्य खर्चें अलग है। एफसीआई के बिक्री भाव की तुलना में मंडियों में गेहूं नीचे भाव में बिक रहा है, इसलिए फ्लोर मिलें एफसीआई से गेहूं की खरीद नहीं कर रही हैं।
ओएमएसएस के तहत गेहूं बेचने के लिए सबसे ज्यादा मात्रा महाराष्ट्र के लिए 2.44 लाख टन, पश्चिमी बंगाल के लिए 50 हजार टन, मध्य प्रदेश के लिए 45 हजार टन, गुजरात के लिए 32 हजार टन, कर्नाटका के लिए 20,400 टन, राजस्थान के लिए 20,000 टन, दिल्ली के लिए 16,000 टन, केरल के लिए 15,200 टन, तमिलनाडु के लिए 13,500 टन, असम के लिए 15,000 टन, छत्तीसगढ़ के लिए 4,400 टन और 5,000 टन जम्मू-कश्मीर के लिए जारी किया है। ..............आर एस राणा

डॉलर के मुकाबले रुपये में हल्की मजबूती

डॉलर के मुकाबले रुपये में हल्की मजबूती है। एक डॉलर की कीमत 64.70 रुपये के पास है। अमेरिका में फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक का आज ब्यौरा जारी होगा और इससे पहले सोने और चांदी में तेजी आई है। कॉमैक्स पर सोने का दाम 1230 डॉलर के पास पहुंच गया है। चांदी में करीब 0.5 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। कच्चे तेल में आज फिर से ऊपरी स्तर से दबाव दिख रहा है। हालांकि इसके बावजूद ब्रेंट में 49 डॉलर के ऊपर कारोबार हो रहा है। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम 47 डॉलर के स्तर पर चला गया है। आज अमेरिका में फैक्ट्री ऑर्डर्स और यूरो जोन में रिटेल सेल्स के आंकड़े जारी होने वाले हैं जिस पर बाजार की नजर है।

04 जुलाई 2017

5 जुलाई 2017 के लिए मॉनसून पूर्वानुमान

सक्रिय मॉनसून की स्थिति गुजरात, कोंकण गोवा, केरल, विदर्भ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मिज़ोरम, मणिपुर और त्रिपुरा पर बनी रही। जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्व राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, गंगीय पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु मे मॉनसून कमजोर रहा। बाकी हिस्सों में मॉनसून सामान्य रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान होनावर में जोरदार 125 मिलीमीटर वर्षा रेकॉर्ड की गई। अहमदाबाद में 100 और अम्बिकापुर में 77 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 3 जुलाई तक देश भर में सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में 49 प्रतिशत और दक्षिण भारत सामान्य से 4 % ज्यादा वर्षा हुई है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 13 प्रतिशत की कमी देखी गई।
दक्षिण पश्चिम मॉनसून हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के और हिस्सो में कुछ और आगे बढ़ा है। मानसून की उत्तरी सीमा इस समय बाड़मेर, सीकर, सोनीपत, शिमला, ऊना और जम्मू से गुजर रही है।
अगले 24 घंटों के दौरान कोंकण गोवा, तटीय कर्नाटक, उत्तरी केरल, पूर्व उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय रहेगा।
केरल के शेष भागों, दक्षिण गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी ओड़ीशा और उत्तराखंड में सामान्य मॉनसूनी वर्षा देखने को मिल सकती है। विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा, रायलसीमा, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, सौराष्ट्र और कच्छ, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर पर मॉनसून कमजोर रहेगा।  .....skymet.com

गेहूं की सरकारी खरीद 308 लाख टन हुई

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की सरकारी खरीद 308 लाख टन की हो गई है जबकि साल की समान अवधि में इसकी की खरीद 229.61 लाख की हुई थी। पंजाब के साथ ही हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से जहां खरीद बंद हो चुकी है, वहीं केवल राजस्थान से कुछ खरीद अभी चल रही है।
अभी तक हुई खरीद में पंजाब से 117.04 लाख टन गेहूं की हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में पंजाब से केवल 106.48 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। हरियाणा से एमएसपी पर अभी तक 74.10 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक हरियाणा से 67.51 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी।
मध्य प्रदेश से चालू रबी विपणन सीजन में अभी तक 67.24 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में मध्य प्रदेश से 39.91 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। अन्य राज्यों में उत्तर प्रदेश से अभी तक 36.99 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य से 7.97 टन गेहूं ही खरीदा गया था। राजस्थान से एमएसपी पर चालू सीजने में अभी तक 12.44 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 7.61 टन गेहूं की खरीद ही हो पाई थी।
चालू रबी में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने खरीद का लक्ष्य 329.50 लाख टन का तय किया है जबकि पिछले साल कुल खरीद 229.61 लाख टन की हुई थी। ................   आर एस राणा

सोने में आज हल्की रिकवरी

कल 7 हफ्ते का निचला स्तर छूने के बाद सोने में आज हल्की रिकवरी आई है बेहद छोटे दायरे में कारोबार हो रहा है। कॉमैक्स पर कल सोना 1220 डॉलर के नीचे फिसल गया था, जो फिलहाल 1222 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा है। डॉलर में रिकवरी से सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ गया था। एसपीडीआर गोल्ड की होल्डिंग भी लगातार कम हो रही है। बाजार की नजर कल जारी होने वाले यूएस फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के ब्यौरे पर भी है। ग्लोबल मार्केट में चांदी पिछले करीब 2 महीने के निचले स्तर पर कारोबार कर रही है।
कच्चे तेल में लगातार 8 दिनों की तेजी के बाद आज करीब 0.5 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि गिरावट के बावजूद ब्रेंट 49 डॉलर के ऊपर है। पिछले 8 दिनों में कच्चे तेल का दाम करीब 12 फीसदी बढ़ चुका है। बेस मेटल में लंदन मेटल एक्सचेंज पर जिंक का दाम 3 महीने के ऊपरी स्तर पर चला गया है। सप्लाई घटने के अनुमान से एक महीने में इसका दाम करीब 10 फीसदी बढ़ गया है।
इस साल लंदन मेटल एक्सचेंज के गोदामों में जिंक का भंडार करीब 30 फीसदी गिर गया है। चीन से मांग बढ़ने से भंडार में कमी देखी गई है। मैक्वायरी ने कहा है कि इस साल मांग के मुकाबले जिंक की सप्लाई में करीब 6.5 लाख टन की कमी रह सकती है। ऐसे में चौथी तिमाही तक जिंक का दाम 3000 डॉलर के पार जा सकता है। फिलहाल ये 2800 डॉलर प्रति टन के आसपास है। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती आई है।

03 जुलाई 2017

आयातित अरहर और उड़द में और गिरावट

आर एस राणा
नई दिल्ली। घरेलू मंडियों में उपलब्धता ज्यादा होने के कारण आयातित अरहर और उड़द की कीमतों में और गिरावट आई है। लेमन अरहर का भाव मुंबई में घटकर सोमवार को 500 डॉलर प्रति टन रह गया जबकि पहली जुलाई को इसका भाव 520 डॉलर प्रति टन था। इसी तरह से उड़द एफएक्यू और एसक्यू के भाव में क्रमशः 25 और 15 डॉलर की गिरावट आकर मुंबई में भाव सोमवार को 675 और 835 डॉलर प्रति टन रह गए।
आस्ट्रेलिया से आयातित चना के भाव मुंबई में सोमवार को 5,450 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे, जबकि आयातित मसूर के भाव 3,400 से 3,700 रुपये और कनाडा से आयातित पीली मटर के भाव 2,281 से 2,291 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। मुंदडा बंदरगाह पर इसके भाव 2,281 रुपये प्रति क्विंटल तथा सितंबर-अक्टूबर डिलीवरी के 2,275 रुपये प्रति क्विंटल रहे।..................  आर एस राणा

चीनी पर बढ़ सकता है आयात शुल्क


आर एस राणा
नई दिल्ली। विश्व बाजार में चीनी की कीतमों में आई गिरावट को देखते हुए केंद्र सरकार इसके आयात शुल्क में 20 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार चीनी के आयात शुल्क को 40 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर सकती है।
इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) ने केंद्र सरकार से चीनी के आयात शुल्क को बढ़ाने के लिए जून में पत्र लिखा था। रॉ-षुगर के भाव विश्व बाजार में घटकर 30 जून को 13.81 सेंट प्रति पाउंड रह गए थे जबकि व्हाईट चीनी का भाव सोमवार को विश्व बाजार में 398.90 डॉलर प्रति टन रह गया। केंद्र सरकार ने शुन्य शुल्क पर 5 लाख टन रॉ-शुगर के आयात की अनुमति मिलों को दी हुई है, जोकि भारतीय बंदराहों पर पहुंच भी चुकी है।
घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में आज हल्का सुधार देखा गया, दिल्ली में चीनी के भाव बढ़कर 3,900 से 3,925 रुपये और उत्तर प्रदेश में चीनी के एक्स फैक्ट्री भाव बढ़कर 3,650-3,800 रुपये प्रति क्विंटल, बिहार में 3,750 से 3,825 रुपये, कर्नाटका में 3,350 से 3,475 रुपये तथा महाराष्ट्र में भाव 3,400 से 3,475 रुपये प्रति क्विंटल (टैक्स अलग) है।
जानकारों के अनुसार केंद्र सरकार ने अगर आयात शुल्क में बढ़ोतरी की तो घरेलू बाजार में चीनी के भाव और भी 50 से 100 रुपये प्रति क्विंटल का सुधार आने का अनुमान है। वैसे भी इस समय चीनी में बड़ी खपत कंपनियों की मांग अच्छी बनी हुई है, साथ ही आगे त्यौहारी सीजन भी है।..............   आर एस राणा