नई
दिल्ली। प्री मानसून के साथ ही मानसूनी बारिश अच्छी होने से राजस्थान में
खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आई है। राज्य में पांच जुलाई तक फसलों की बुआई
72 फीसदी बढ़कर 72.26 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की
समान अवधि में 42.01 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी।
भारतीय
मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार पहली जून से 6 जुलाई तक पश्चिमी राजस्थान में
जहां 64 फीसदी बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है, वहीं पूर्वी राजस्थान में
इस दौरान 25 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
राज्य के कृषि निदेशालय
के अनुसार चालू खरीफ में कपास की बुआई बढ़कर राज्य में 6.02 लाख हेक्टेयर
में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 5.79 लाख हेक्टेयर से
ज्यादा है। हालांकि कुल बुआई तय लक्ष्य 8 लाख हेक्टेयर से अभी भी कम है।
ग्वार सीड की बुआई चालू खरीफ में बढ़कर 9.63 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है,
जोकि पिछले साल की समान अवधि के 3.51 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। ग्वार सीड
की बुआई का लक्ष्य 25 लाख हेक्टेयर तय किया गया है।
खरीफ तिलहन की
प्रमुख फसल मूंगफली की बुआई चालू खरीफ में 5.84 लाख हेक्टेयर में हो चुकी
है, जबकि पिछले साल इस समय तक 5.68 लाख हेक्टेयर में ही इसकी बुआई हुई थी।
इसी तरह से सोयाबीन की बुआई चालू खरीफ में राज्य में बढ़कर 5.66 लाख
हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 4.11 लाख हेक्टेयर
में ही बुआई हुई थी। तिलहनी फसलों की कुल बुआई चालू खरीफ में बढ़कर 12.02
लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई केवल
10.20 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी।
राज्य में दालों की बुआई चालू
खरीफ सीजन में बढ़कर 16.29 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस
समय तक केवल 6.15 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो पाई थी। खरीफ दलहन में मूंग
की बुआई राज्य में 9.07 लाख हेक्टेयर में और मोठ की 4.45 लाख हेक्टेयर में
हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 4.90 लाख
हेक्टेयर में और 34 हजार हेक्टेयर में ही हो पाई थी।
धान, ज्वार,
बाजरा एवं मक्का की बुआई चालू खरीफ में 26.62 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है,
जोकि पिछले साल की समान अवधि के 15.09 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है। बाजरा
की बुआई चालू सीजन में बढ़कर 21.42 लाख हेक्टेयर में, मक्का की 1.68 लाख
हेक्टेयर में और ज्वार की 2.71 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले
साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 9.02 लाख हेक्टेयर, 4.21 और 1.50 लाख
हेक्टेयर में हुई थी।
Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें