Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
03 दिसंबर 2010
हल्दी मूल्य में गिरावट की संभावना
मुनाफावसूली के चलते हल्दी के दामों में गिरावट आने की संभावना है। पिछले एक महीने के दौरान हल्दी के भाव हाजिर बाजार में 18.2 फीसदी और वायदा बाजार में 32.8 फीसदी तक बढ़ चुके है। हालांकि उत्पादक मंडियों में हल्दी का बकाया स्टॉक कम है लेकिन भाव ऊंचे होने के कारण निर्यातकों के साथ ही घरेलू मसाला निर्माताओं की मांग कमजोर है। जिससे कारण हल्दी में गिरावट आ सकती है।चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों के दौरान हल्दी के निर्यात में 14 फीसदी की कमी आई है। टरर्मिक मर्चेंट एसोसिशन के सचिव केवी रवि ने बताया कि उत्पादक मंडियों में हल्दी का बकाया स्टॉक 4-5 लाख (एक बोरी-70 किलो) का ही बचा हुआ है जबकि नई फसल की आवक 15 जनवरी के बाद ही बनेगी। तमिलनाडु एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के अनुसार चालू सीजन में हल्दी की बुवाई पिछले साल की तुलना में 25-30 फीसदी बढ़ी है। ऐसे में नई फसल का उत्पादन पिछले साल के 48 लाख बोरी से ज्यादा होने का अनुमान है। इरोड स्थित ज्योति ट्रेडिंग कंपनी के पार्टनर एससी गुप्ता ने बताया कि बकाया स्टॉक कम होने और स्टॉकिस्टों की खरीद से हल्दी की कीमतों में तेजी आई है। इरोड़ मंडी में हल्दी के भाव 16,200 रुपये और निजामाबाद मंडी में 17,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। पिछले एक महीने में इसकी कीमतों में करीब 2,500 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आ चुकी है। इरोड में हल्दी के दैनिक सौदे चार से पांच हजार बोरी प्रतिदिन के हिसाब से हो रहे हैं लेकिन भाव ऊंचे होने के कारण मांग पहले की तुलना में कम हो गई है। निजामाबाद स्थित मनसा राम योगेश कुमार के प्रोपराइटर पूनम चंद गुप्ता ने बताया कि प्रमुख उत्पादक राज्यों में हल्दी की बुवाई पिछले साल की तुलना में 25-30 फीसदी बढ़ी है। साथ ही मौसम भी अभी तक अनुकूल बना हुआ है। जनवरी के मध्य में उत्पादक मंडियों में नई फसल की आवक बननी शुरू हो जायेगी। हालांकि स्टॉक कम होने से हल्दी की मौजूदा कीमतों में दिसंबर माह के दौरान कोई भारी गिरावट होने की संभावना नहीं है लेकिन निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते ५-७ फीसदी की गिरावट आ सकती है। भारतीय मसाला बोर्ड के अनुसार अक्टूबर महीने में हल्दी का निर्यात 13.5 फीसदी गिरकर 3,500 टन के स्तर पर आ गया। चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों (अप्रैल से अक्टूबर) के दौरान हल्दी का निर्यात 14 फीसदी घटा है। अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कुल निर्यात 29,500 टन का ही हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 34,250 टन हल्दी का निर्यात हुआ था। एनसीडीईएक्स में पहली नवंबर को दिसंबर महीने के वायदा अनुबंध में हल्दी का भाव 11,932 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। (Business Bhaskar....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें